धरती पर बारिश बढ़ी, फिर भी प्यासे रह गए नदी-तालाब, जलवायु परिवर्तन का नया खतरा

दुनिया के मीठे पानी में ऐतिहासिक गिरावट, 2023-24 में नदियों का बहाव और झीलों का जलस्तर घटा; बाढ़ के बीच भी गहराया जल संकट, भारत के लिए भी खतरे की घंटी
वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।
वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • दुनिया में मीठे पानी का संकट गहराया, 2023-24 में नदियों, झीलों और जलाशयों के जलस्तर में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज।

  • वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।

  • दक्षिण अमेरिका में जल संकट गंभीर, नदियों का बहाव 17.8 प्रतिशत और झीलों-जलाशयों का पानी 16.5 प्रतिशत घटा।

  • दुनिया के 12 लाख से अधिक जलाशयों का अध्ययन, जलवायु परिवर्तन ने पानी की उपलब्धता को बनाया अनिश्चित।

  • बाढ़ का मतलब जल सुरक्षा नहीं, बारिश का पानी सहेजने और भूजल पुनर्भरण की जरूरत पहले से ज्यादा बढ़ी।

आसमान से पानी बरस रहा है, कहीं नदियां उफान पर हैं तो कहीं शहर बाढ़ में डूब रहे हैं। लेकिन इस बारिश के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जो पूरी दुनिया की चिंता बढ़ाने वाली है। धरती पर मीठे या ताजे पानी का भंडार तेजी से घट रहा है। यानी बारिश और बाढ़ के बावजूद नदियां, झीलें और जलाशय सूखने की ओर बढ़ रहे हैं। जलवायु परिवर्तन का यह विरोधाभास अब साफ दिखाई देने लगा है।

साइंस पत्रिका में प्रकाशित एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के मुताबिक, साल 2023 और 2024 में दुनिया के सतही मीठे पानी में ऐसी गिरावट दर्ज की गई, जो कम से कम 1991 के बाद सबसे बड़ी सामूहिक गिरावट है। ये दोनों साल दुनिया के सबसे गर्म वर्ष भी रहे। अध्ययन का नेतृत्व चीनी विज्ञान अकादमी ने किया। इसमें दुनिया की प्रमुख नदी घाटियों के आंकड़ों और उपग्रहों से मिली जानकारी का विश्लेषण किया गया।

नदियों का पानी 5.7 प्रतिशत घटा

अध्ययन के आंकड़े बताते हैं कि 2023-24 के दौरान दुनिया की नदियों में पानी का बहाव सामान्य से करीब 5.7 प्रतिशत कम रहा। वहीं झीलों और बांधों में जमा पानी की मात्रा में लगभग 9.5 प्रतिशत की गिरावट आई। यह आंकड़ा बताता है कि संकट केवल बारिश की कमी का नहीं, बल्कि धरती पर उपलब्ध पानी के भंडारण और उसके वितरण का भी है।

शोधकर्ताओं ने दुनिया की 150 प्रमुख नदी घाटियों में पानी के बहाव के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसके साथ ही 12 लाख से अधिक झीलों और जलाशयों पर नजर रखने वाले उपग्रह आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया। इस अध्ययन में 1991 से 2025 तक के आंकड़ों को शामिल किया गया।

यह भी पढ़ें
आपदाओं से सबक लेकर बदल रहे हिमाचल के गांव, खेती से लेकर पानी बचाने तक अपनाए नए तरीके: रिपोर्ट
वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।

गर्म हवा पानी भी छीन रही है

आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? इसका बड़ा कारण तेजी से बढ़ता वैश्विक तापमान है। तापमान बढ़ने के साथ वातावरण की पानी खींचने की क्षमता भी बढ़ जाती है। गर्म हवा मिट्टी, नदियों और झीलों से ज्यादा नमी सोखती है। जमीन का तापमान बढ़ने से पानी का वाष्पीकरण भी तेज हो जाता है।

इसके बाद यही नमी बारिश के रूप में बरसती है, लेकिन जरूरी नहीं कि वह उसी इलाके में गिरे जहां से पानी वाष्प बनकर उठा था। कई बार अतिरिक्त बारिश समुद्रों के ऊपर होती है, जबकि जमीन के बड़े हिस्से पानी की कमी से जूझते रहते हैं। यही वजह है कि दुनिया के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ के बावजूद नदियों का सालाना जलस्तर कम हो सकता है।

यह भी पढ़ें
जलवायु संकट का खेती पर वार: गर्मी और सूखे से 20 साल में 400 अरब डॉलर का नुकसान
वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।

दक्षिण अमेरिका में सबसे ज्यादा असर

इस संकट का असर दक्षिण अमेरिका में खास तौर पर दिखाई दिया। यहां नदियों के बहाव में 17.8 प्रतिशत और झीलों तथा जलाशयों में जमा पानी में 16.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

हैरानी की बात यह है कि इसी दौरान दक्षिण अमेरिका के कुछ हिस्सों में भीषण बाढ़ आई थी। ईस्ट एंग्लिया विश्वविद्यालय के जलविज्ञान विशेषज्ञ के मुताबिक, किसी नदी में तेज बारिश के दौरान बाढ़ आ सकती है, लेकिन साल के बाकी बड़े हिस्से में उसका बहाव सामान्य से काफी कम रह सकता है। यानी कुछ घंटों की मूसलाधार बारिश पूरे साल की पानी की जरूरत पूरी नहीं कर सकती।

यह भी पढ़ें
छोटे खेत, मजबूत हौसले: जलवायु परिवर्तन से लड़ना सीख रहे हैं भारत के किसान
वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।

भारत के लिए भी खतरे की घंटी

इस अध्ययन का संदेश भारत जैसे मानसून पर निर्भर देश के लिए भी बेहद अहम है। यहां बारिश का बड़ा हिस्सा कुछ ही महीनों में होता है। यदि कम समय में अत्यधिक बारिश हो और बाकी समय लंबे सूखे का सामना करना पड़े, तो जल प्रबंधन की चुनौती और बढ़ सकती है।

शहरों में बाढ़, गांवों में सूखा, खेतों में सिंचाई का संकट और तेजी से गिरता भूजल एक-दूसरे से जुड़े खतरे हैं। भारी बारिश का पानी यदि बहकर नदियों के रास्ते समुद्र में चला जाए और जमीन में पर्याप्त मात्रा में न समाए, तो बारिश के बाद भी पानी की किल्लत बनी रह सकती है। इसलिए केवल बारिश की मात्रा बढ़ना जल सुरक्षा की गारंटी नहीं है। वर्षा जल संचयन, तालाबों का संरक्षण, भूजल का पुनर्भरण और जलाशयों का बेहतर प्रबंधन जरूरी है।

यह भी पढ़ें
बदलता मौसम, बदलता पानी: भारत के जिलों पर जलवायु का असर
वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।

पानी का संकट अब भविष्य नहीं, वर्तमान है

विशेषज्ञों ने चिंता जताई कि दुनिया के उन इलाकों में भी मीठे पानी के संसाधन तेजी से घट सकते हैं, जिन्हें पारंपरिक रूप से जलसमृद्ध माना जाता रहा है। बाढ़ आना इस बात का प्रमाण नहीं कि किसी क्षेत्र के पास पर्याप्त पानी है।

सुपर अल नीनो, जलवायु परिवर्तन से जुड़ा सूखा, प्रदूषण और पानी का जरूरत से ज्यादा दोहन इस संकट को और गंभीर बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें
नदियों के मौसमी प्रवाह में रुकावट डाल रही है बदलती जलवायु, बढ़ सकता है जल संकट
वैश्विक तापमान बढ़ने से वाष्पीकरण तेज, बारिश और बाढ़ के बावजूद धरती पर उपलब्ध मीठा पानी लगातार घटा।

साफ है कि आने वाले समय में दुनिया की चुनौती सिर्फ पानी पैदा करने या बारिश का इंतजार करने की नहीं होगी। असली चुनौती होगी बारिश की हर बूंद को सहेजने, जमीन के भीतर पानी पहुंचाने और उपलब्ध जल का समझदारी से इस्तेमाल करने की।

क्योंकि अब सवाल यह नहीं है कि आसमान से कितना पानी बरसा, सवाल यह है कि धरती के पास पीने और जीने के लिए कितना पानी बचा।