

ब्रह्मांड की उम्र 70 करोड़ साल से कम थी, तभी क्वासर जे0313-1806 का ब्लैक होल तीन अरब सूर्यों जितना भारी बन गया।
वैज्ञानिकों ने अराजक पदार्थ संचय का नया सिद्धांत दिया, जिसके मुताबिक धीमी घूर्णन गति ब्लैक होल के विकास में मददगार है।
कम घूमने वाले ब्लैक होल कम ऊर्जा विकिरण के रूप में छोड़ते हैं, जिससे अधिक पदार्थ निगलकर तेजी से विशाल बनते हैं।
नए मॉडल के अनुसार, महज 100 सौर द्रव्यमान वाले शुरुआती ब्लैक होल भी अरबों सूर्यों जितने भारी बन सकते हैं।
न्यूएथेना, यूक्लिड और रोमन दूरबीनों से ब्लैक होलों की घूर्णन गति और शुरुआती ब्रह्मांड में उनके विकास का रहस्य खुलेगा।
ब्रह्मांड अभी ठीक से जवान भी नहीं हुआ था कि उसके भीतर एक ऐसा दानव तैयार हो चुका था, जिसका वजन तीन अरब सूरजों के बराबर था। वैज्ञानिकों के लिए यह किसी पहेली से कम नहीं। आखिर महज कुछ करोड़ सालों में कोई ब्लैक होल इतना विशाल कैसे हो सकता है? क्या उसने ब्रह्मांड की तय रफ्तार से तेज रफ्तार पकड़ ली थी? क्या उसका जन्म ही किसी असाधारण भारी बीज से हुआ था? या फिर प्रकृति के पास कोई तीसरा रास्ता भी है?
खगोल वैज्ञानिकों ने अब इसी तीसरे रास्ते की ओर इशारा किया है। नए शोध के मुताबिक, शुरुआती ब्रह्मांड के विशालकाय ब्लैक होल सामान्य तारकीय ब्लैक होल से भी विकसित हो सकते थे। इसके लिए न तो शुरुआत में दस हजार सूर्यों जितना भारी बीज चाहिए और न ही पदार्थ निगलने की तय सीमा को तोड़ने की जरूरत। बस एक खास बात जरूरी है- ब्लैक होल की घूमने की रफ्तार कम बनी रहे।
70 करोड़ साल भी पूरे नहीं हुए थे, बन गया तीन अरब सूरजों का दानव
इस पहेली का सबसे चौंकाने वाला उदाहरण है क्वासर जे0313-1806। जब ब्रह्मांड की उम्र 70 करोड़ साल से भी कम थी, तब इसके केंद्र में मौजूद ब्लैक होल का वजन करीब तीन अरब सूर्यों के बराबर पहुंच चुका था।
मुश्किल यह है कि ब्लैक होल का विकास कोई मनमानी रफ्तार से नहीं होता। वह आसपास की गैस और धूल को निगलकर बड़ा होता है। लेकिन जैसे-जैसे पदार्थ उसके भीतर गिरता है, वह गर्म होकर तेज रोशनी पैदा करता है। यह विकिरण बाहर की ओर दबाव बनाता है और नए पदार्थ के भीतर गिरने में बाधा डालता है। इसे वैज्ञानिक एडिंगटन सीमा कहते हैं। सामान्य परिस्थितियों में यही सीमा ब्लैक होल की बढ़ने की रफ्तार तय करती है।
बढ़ने की रफ्तार पर ब्रह्मांड का पहरा
वैज्ञानिकों के अनुसार, अगर ब्लैक होल निगले गए पदार्थ के करीब 10 प्रतिशत हिस्से को ऊर्जा और रोशनी में बदलता है, तो उसका वजन हर 45 लाख नहीं, बल्कि करीब 4.5 करोड़ साल में दोगुना नहीं, 2.7 गुना होता है।
अब हिसाब लगाइए। करीब 100 सूर्यों के बराबर वजन वाले शुरुआती ब्लैक होल को तीन अरब सूर्यों के बराबर होने के लिए लगभग 77 करोड़ साल चाहिए। लेकिन ब्रह्मांड के पास इतना समय ही नहीं था। तारों के बनने और उनके ब्लैक होल में बदलने का समय निकाल दें, तो मुश्किल और बढ़ जाती है।
अब तक वैज्ञानिकों के सामने दो प्रमुख रास्ते थे। पहला, शुरुआत ही किसी बेहद भारी बीज से हो, जो सीधे गैस के विशाल बादल के ढहने से बना हो। दूसरा, ब्लैक होल एडिंगटन सीमा से तेज गति से पदार्थ निगले। मगर दोनों ही रास्तों में कई सवाल हैं।
तीसरा रास्ता: अराजकता में छिपा विकास का राज
एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स में प्रकाशित नए शोध में वैज्ञानिकों ने 'कैऑटिक एक्रीशन' यानी अराजक पदार्थ-संचय का मॉडल पेश किया है। इस अध्ययन में शोधकर्ता मातास तार्तेनास भी शामिल हैं।
इस मॉडल के मुताबिक, शुरुआती ब्लैक होल के आसपास गैस किसी एक दिशा से नहीं आती थी। वह अलग-अलग दिशाओं से पहुंचती थी। हर बार गैस का एक छोटा चक्र बनता, जो ब्लैक होल के घूमने की दिशा से अलग कोण पर हो सकता था।
कभी यह गैस ब्लैक होल की घूमने की गति बढ़ाती, तो कभी उल्टी दिशा में घूमने वाली गैस उसकी गति घटा देती। इस तरह अलग-अलग दिशाओं से आने वाली गैस ब्लैक होल को बहुत तेजी से घूमने नहीं देती। यही छोटी-सी बात बड़े बदलाव का कारण बनती है।
कम घूमेगा तो तेजी से बढ़ेगा
धीमी गति से घूमने वाला ब्लैक होल पदार्थ को निगलते समय कम ऊर्जा विकिरण के रूप में बाहर निकालता है। सामान्य स्थिति में जहां करीब 10 प्रतिशत पदार्थ ऊर्जा में बदल जाता है, वहीं इस मॉडल में यह हिस्सा केवल 6 से 7.5 प्रतिशत रह जाता है।
नतीजा यह कि ज्यादा पदार्थ ब्लैक होल के भीतर पहुंचता है और उसका वजन तेजी से बढ़ता है। विकास का समय 4.5 करोड़ साल से घटकर करीब 2.7 से 3.2 करोड़ साल रह जाता है।
शोधकर्ताओं के अनुसार, इस तरीके से करीब 100 सूर्यों के बराबर शुरुआती वजन वाला ब्लैक होल भी शुरुआती ब्रह्मांड में अरबों सूर्यों जितना भारी बन सकता है। इसके लिए उसे लंबे समय तक लगातार लगभग एडिंगटन सीमा के आसपास भोजन मिलता रहना चाहिए।
अब दूरबीनें खोलेंगी ब्रह्मांड का राज
यह सिद्धांत अभी अंतिम सच नहीं है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, कुछ ब्लैक होलों के मौजूदा द्रव्यमान अनुमान इस मॉडल से मेल नहीं खाते। इसलिए आगे की खोज बेहद अहम है।
अगर शुरुआती ब्रह्मांड के विशाल ब्लैक होल की घूमने की गति कम मिलती है, तो इस सिद्धांत को मजबूती मिलेगी। इसके उलट तेज घूमने वाले ब्लैक होल सुपर-एडिंगटन विकास की संभावना की ओर इशारा कर सकते हैं।
यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की प्रस्तावित न्यूएथेना वेधशाला इस दिशा में मददगार हो सकती है। वहीं यूक्लिड और रोमन अंतरिक्ष दूरबीनें शुरुआती ब्रह्मांड में विशाल ब्लैक होलों की संख्या और उनके वजन का पता लगाने में मदद करेंगी।
फिलहाल वैज्ञानिकों के सामने एक दिलचस्प संभावना है-ब्रह्मांड के सबसे बड़े दानवों को बड़ा बनने के लिए किसी चमत्कार की जरूरत शायद नहीं थी। कभी-कभी प्रकृति का नियम तोड़ना जरूरी नहीं होता, उसे समझने का तरीका बदलना पड़ता है।