

दिल्ली के 22 बरसाती नालों में अब भी बिना साफ किया सीवेज बहने का मामला सामने आने के बाद नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने दिल्ली जल बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
बोर्ड की रिपोर्ट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और विकेंद्रीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति का स्पष्ट ब्योरा नहीं दिया गया है। कई परियोजनाओं की समयसीमा भी करीब दो साल आगे बढ़ा दी गई है।
दूसरी ओर, असम के सिलचर में घरों के सामने कचरा फेंकने और खुले नालों में गंदगी जमा होने के मामले में एनजीटी ने नगर निगम से जवाब तलब किया है।
निगम आयुक्त को दो महीने में हलफनामा दाखिल कर बताना होगा कि शहर में ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 का पालन सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
दोनों मामले देश के शहरों में सीवेज और कचरा प्रबंधन की गंभीर चुनौतियों को उजागर करते हैं।
दिल्ली के बरसाती नालों में बिना साफ (अनट्रीटेड) सीवेज का बहना अब भी जारी है। इस पर गंभीर चिंता जताते हुए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की कार्यप्रगति रिपोर्ट पर असंतोष जाहिर किया है। मामला दिल्ली के 22 बरसाती नालों में बिना साफ सीवेज के बहाव को रोकने और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने से जुड़ा है।
ऐसे में न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की पीठ ने जल बोर्ड को दो सप्ताह के भीतर नई स्पष्ट और विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।
25 नवंबर 2026 को हुई सुनवाई में एनजीटी ने पाया कि डीजेबी की रिपोर्ट में एसटीपी और विकेंद्रीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (डीएसटीपी) परियोजनाओं की स्थिति स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट में ज्यादातर जगह केवल 'काम जारी है' लिखा गया है, लेकिन यह नहीं बताया गया कि कितना काम पूरा हो चुका है। इतना ही नहीं, कुछ प्लांट्स के चालू होने की समयसीमा भी करीब दो साल तक आगे बढ़ा दी गई है।
आवेदक की ओर से पेश वकील ने आरोप लगाया कि जल बोर्ड एसटीपी का काम पूरा करने को गंभीरता से नहीं ले रहा है और बिना उचित कारण परियोजनाओं की समयसीमा लगातार बढ़ाई जा रही है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि पहले जिन कामों के लिए एक ही टेंडर जारी किया गया था, उन्हें अब तीन-चार हिस्सों में बांटकर अलग-अलग ठेकेदारों को सौंप दिया गया है। वकील ने मांग की कि डीजेबी इस बदलाव की वजह भी स्पष्ट करे।
सुनवाई के दौरान आवेदक के वकील ने जल बोर्ड की रिपोर्ट में ऐसे एक नाले का उदाहरण भी पेश किया, जिसका काम पूरा होने का दावा किया गया था। इसके बावजूद नाले में बिना साफ किया सीवेज बहता दिखाई दे रहा था। इसके समर्थन में तारीख और भौगोलिक निर्देशांक (जियो-कोऑर्डिनेट्स) के साथ तस्वीरें भी अदालत में पेश की गईं।
इस पर एनजीटी ने संबंधित अधिकारी को जवाब देने का निर्देश दिया। पीठ ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारी का हलफनामा गलत या झूठा पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
एनजीटी ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को संबंधित नाले का मौके पर जाकर निरीक्षण करने, पानी के नमूने लेने और उनकी जांच कराने का निर्देश दिया है। समिति को अपनी रिपोर्ट अगली सुनवाई यानी 22 दिसंबर 2026 से पहले पेश करनी होगी।
इसके अलावा, अदालत को बताया गया कि डिफेंस कॉलोनी के पास जल बोर्ड एक नैनो बबल्स प्लांट स्थापित कर रहा है। इस पर एनजीटी ने डीजेबी से अगली रिपोर्ट में यह स्पष्ट करने को कहा कि संयंत्र चालू हुआ है या नहीं, यदि हुआ है तो कब से काम कर रहा है और सीवेज के उपचार में कितना प्रभावी साबित हुआ है।
पीठ ने कहा कि इस परियोजना में जनता का पैसा खर्च हो रहा है, इसलिए इसकी वास्तविक स्थिति और प्रभावशीलता की जानकारी देना जरूरी है।
एनजीटी ने जल बोर्ड को दो सप्ताह के भीतर सभी सवालों का जवाब देते हुए नई रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। इस मामले में अब अगली सुनवाई 22 दिसंबर 2026 को होगी।
असम के सिलचर में कचरे के बेतरतीब निपटान और खुले नाले में गंदगी जमा होने के मामले को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने गंभीरता से लिया है। एनजीटी की पूर्वी पीठ ने 23 नवंबर 2026 को सिलचर नगर निगम के आयुक्त को निर्देश दिया कि वे दो महीने के भीतर हलफनामा दाखिल कर बताएं कि शहर में ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के पालन के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं।
इस मामले में अगली सुनवाई अब 5 फरवरी 2027 को होगी।
यह मामला सिलचर के बिलपार निवासी नितेंदु शेखर भट्टाचार्य की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया। याचिकाकर्ता ने ट्रिब्यूनल को बताया कि उनके घर के सामने बड़े पैमाने पर कचरा फेंका जा रहा है। घर के सामने से एक खुला नाला भी गुजरता है, जिसमें लगातार कचरा डाले जाने के कारण पानी बुरी तरह प्रदूषित हो चुका है। नाले से उठने वाली तेज बदबू के कारण उनके परिवार को गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है।
याचिका में यह भी कहा गया कि सिलचर में कचरा एकत्र करने और उसके उचित निपटान की कोई व्यवस्थित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते शहर में जगह-जगह कचरा फेंका जा रहा है, जो ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2016 का उल्लंघन है।
एनजीटी ने अब नगर निगम से नए ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के अनुपालन पर विस्तृत जानकारी मांगी है।