

भारत में हर साल 1.566 करोड़ मीट्रिक टन मीट्रिक टन खतरनाक औद्योगिक कचरा उत्पन्न होता है, लेकिन प्रदूषित जगहें कम दर्ज।
आधिकारिक रिकॉर्ड में पूरे देश में 200 से भी कम प्रदूषित या संभावित रूप से प्रदूषित स्थल सूचीबद्ध किए गए हैं।
शोध बताता है कि कई प्रदूषित स्थान अभी पहचाने नहीं गए हैं, जिससे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर जोखिम है।
प्रदूषित स्थल मिट्टी, भूजल और खाद्य श्रृंखला को प्रभावित करते हैं, जिससे लंबे समय में जहरीले पदार्थ शरीर में जमा हो सकते हैं।
शोध में सीएस-एमएआर ढांचे के माध्यम से निगरानी, आंकड़ों के संग्रह और अंतरराष्ट्रीय मॉडल अपनाकर बेहतर प्रबंधन की सिफारिश की गई
हाल ही में यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल के नेतृत्व में किए गए एक अंतरराष्ट्रीय शोध ने भारत में प्रदूषित औद्योगिक जमीन को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इस अध्ययन में कहा गया है कि भारत में औद्योगिक कचरे और प्रदूषित स्थानों के बीच बड़ा अंतर है। इसका मतलब है कि कई ऐसे इलाके हो सकते हैं जो जहरीले पदार्थों से प्रभावित हैं, लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
शोध पत्र में शोधकर्ताओं के हवाले से कहना है कि यह समस्या सिर्फ पर्यावरण की नहीं है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और वन्यजीवों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है।
प्रदूषित भूमि क्या होती है
प्रदूषित भूमि वे स्थान होते हैं जहां मिट्टी, पानी या जमीन के नीचे जहरीले पदार्थ जमा हो जाते हैं। यह प्रदूषण आमतौर पर उद्योगों, फैक्ट्रियों, खनन कार्यों और कचरे के गलत तरीके से निपटान के कारण होता है।
इन जहरीले पदार्थों में सीसा, पारा, कैडमियम जैसे भारी धातु शामिल होते हैं। इसके अलावा तेल, कोयला, कीटनाशक, प्लास्टिक और रंग बनाने वाले रसायन भी होते हैं। ये पदार्थ लंबे समय तक जमीन में बने रह सकते हैं और धीरे-धीरे पानी और भोजन की श्रृंखला में शामिल हो सकते हैं।
भारत में स्थिति पर चिंता
एनवायर्नमेंटल डेवलपमेंट नामक पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन के अनुसार भारत हर साल लगभग 1.566 करोड़ करोड़ मीट्रिक टन खतरनाक कचरा पैदा करता है। लेकिन देश में आधिकारिक रूप से पहचाने गए प्रदूषित स्थानों की संख्या 200 से भी कम है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि यह अंतर बहुत बड़ा है और चिंता का विषय है। तुलना के तौर पर स्विट्जरलैंड जैसे छोटे देश में, जहां उद्योग भी कम हैं, भारत की तुलना में कई गुना अधिक प्रदूषित स्थल दर्ज हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि भारत में कई प्रदूषित क्षेत्र अभी तक पहचान में नहीं आए हैं या उनका सही रिकॉर्ड नहीं रखा गया है।
छिपा हुआ खतरा
शोध में कहा गया है कि कई प्रदूषित स्थान घनी आबादी वाले इलाकों के पास स्थित हैं। लोग वहां रहते हैं और काम करते हैं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं होता कि उनके आसपास की जमीन या पानी दूषित हो सकता है।
यह प्रदूषण धीरे-धीरे असर करता है। इसका प्रभाव तुरंत दिखाई नहीं देता, लेकिन वर्षों बाद गंभीर बीमारियां और पर्यावरणीय नुकसान हो सकता है।
नीतियों में कमी
शोधकर्ताओं के अनुसार भारत में प्रदूषित भूमि से जुड़ी नीतियां अलग-अलग विभागों में बंटी हुई हैं। कहीं मिट्टी की सुरक्षा देखी जाती है, कहीं पानी की गुणवत्ता, तो कहीं खतरनाक कचरे का प्रबंधन।
इस अलग-अलग व्यवस्था के कारण पूरा चित्र स्पष्ट नहीं हो पाता। जब विभाग आपस में ठीक से समन्वय नहीं करते, तो प्रदूषण के खतरे को समझना और उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है।
नया समाधान व प्रस्ताव
इस समस्या को हल करने के लिए शोधकर्ताओं ने एक नया ढांचा प्रस्तावित किया है, जिसे सीएस-एमएआर यानी “कंटैमिनेटेड साइट मॉनिटरिंग, असेसमेंट एंड रेमेडिएशन” कहा गया है।
इस प्रणाली का उद्देश्य है कि देश में सभी प्रदूषित स्थलों की पहचान की जाए, उनके आंकड़े एक जगह इकट्ठा किया जाए और खतरे के आधार पर उनका समाधान किया जाए। इसमें यह भी सुझाव दिया गया है कि सरकार और वैज्ञानिक संस्थान मिलकर काम करें और जनता की भागीदारी भी बढ़ाई जाए।
अंतरराष्ट्रीय उदाहरण
शोध में अमेरिका, स्विट्जरलैंड, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के मॉडल का भी उल्लेख किया गया है। इन देशों में प्रदूषित जमीन की पहचान और सफाई के लिए मजबूत सिस्टम मौजूद हैं। इन मॉडलों से यह सीख मिलती है कि अगर सही योजना और तकनीक का उपयोग किया जाए तो प्रदूषित जमीन को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
तकनीक और सहयोग की जरूरत
शोधकर्ताओं का कहना है कि आधुनिक तकनीक जैसे पर्यावरण निगरानी उपकरण, डिजिटल डेटा सिस्टम और सार्वजनिक-निजी साझेदारी इस समस्या को हल करने में मदद कर सकते हैं। लेकिन सिर्फ तकनीक ही काफी नहीं है। इसके लिए सरकार, वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
यह अध्ययन बताता है कि भारत में प्रदूषित औद्योगिक जमीन एक गंभीर लेकिन अक्सर अनदेखी की जाने वाली समस्या है। अगर समय रहते सही कदम नहीं उठाए गए, तो यह आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
शोधकर्ताओं का मानना है कि एक मजबूत और एकीकृत नीति ढांचा बनाकर इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसके लिए सही आंकड़े, बेहतर निगरानी और लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है।