

रेगिस्तान की तपती जमीन और पानी की भारी कमी के बीच भी जिंदा रहने वाले कैक्टस यानी नागफनी पर अब जलवायु परिवर्तन का संकट गहराने लगा है।
नेचर जर्नल में प्रकाशित एक नए अध्ययन के मुताबिक, दुनिया की 993 कैक्टस प्रजातियों में से एक-चौथाई से अधिक सदी के अंत तक अपने अनुकूल प्राकृतिक आवास का कम से कम 80 फीसदी हिस्सा खो सकती हैं। चिली, पेरू और उत्तर-पूर्वी ब्राजील में इसका सबसे गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
करीब 6.5 लाख आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित इस शोध में यह भी सामने आया है कि 91 फीसदी प्रजातियों के लिए भीषण सूखे को शामिल करने वाले पूर्वानुमान, सामान्य तापमान और बारिश के औसत पर आधारित अनुमानों से अधिक सटीक हैं।
चिंता की बात यह है कि दुनिया की 30 फीसदी से अधिक कैक्टस प्रजातियां पहले ही विलुप्ति के खतरे में हैं। इनके खत्म होने का असर केवल रेगिस्तानी वनस्पतियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन पक्षियों, कीटों और दूसरे जीवों का अस्तित्व भी प्रभावित होगा, जो भोजन, आश्रय और जीवनचक्र के लिए इन पर निर्भर हैं।
कई आदिवासी समुदायों की आजीविका और सांस्कृतिक परंपराएं भी इन पौधों से जुड़ी हैं। अध्ययन चेतावनी देता है कि जलवायु परिवर्तन के पुराने आकलन भीषण सूखे के खतरे को कम करके आंकते रहे हैं। ऐसे में कैक्टस की प्रजातियों का नए सिरे से आकलन और उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण अब टाला नहीं जा सकता।
जलवायु परिवर्तन और लंबे समय तक पड़ने वाले भीषण सूखे से कैक्टस यानी नागफनी की उन प्रजातियों पर भी विलुप्त होने का खतरा मंडराने लगा है, जिन्हें रेगिस्तान की कठिन परिस्थितियों में जीवित रहने के लिए जाना जाता है।
नेचर जर्नल में प्रकाशित एक नए अध्ययन के मुताबिक, दुनिया भर में कैक्टस की 993 प्रजातियों में से एक-चौथाई से अधिक सदी के अंत तक अपने अनुकूल प्राकृतिक आवास का कम से कम 80 फीसदी हिस्सा गंवा सकती हैं। इसका सबसे गंभीर असर चिली, पेरू और उत्तर-पूर्वी ब्राजील जैसे क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि रेगिस्तान की तपती जमीन, पानी की कमी और झुलसा देने वाली गर्मी के बीच भी हरे रहने वाले इन कैक्टस को अक्सर प्रकृति के सबसे मजबूत पौधों में गिना जाता है। लेकिन अब जलवायु परिवर्तन की बढ़ती मार इनके अस्तित्व के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि सूखे में जीवित रहने की खास क्षमता रखने वाले ये पौधे भी भविष्य के भीषण सूखे के सामने कमजोर पड़ सकते हैं।
इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (आईयूसीएन) के विशेषज्ञों की भागीदारी वाले इस अध्ययन में सामने आया है कि बढ़ता तापमान और लंबे समय तक पड़ने वाला भीषण सूखा कैक्टस के प्राकृतिक आवास को तेजी से सीमित कर सकता है। शोधकर्ताओं ने अपने इस अध्ययन में दुनिया भर की 993 कैक्टस प्रजातियों का अध्ययन कर उनके भविष्य के वितरण का अनुमान लगाया है।
अध्ययन के मुताबिक चिली, पेरू और ब्राजील के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में खतरा सबसे अधिक है। इन क्षेत्रों में कैक्टस की मौजूदा विविधता में 25 फीसदी से अधिक की गिरावट आने का अंदेशा है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन के कारण पौधों और जीवों पर पड़ने वाले असर का अनुमान लगाने के लिए अब तक मुख्य रूप से तापमान और बारिश के औसत आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। लेकिन इस तरीके से सूखे जैसी चरम मौसमी घटनाओं के विनाशकारी प्रभावों का सही आकलन नहीं हो पाता।
इस कमी को दूर करने के लिए शोधकर्ताओं ने भीषण सूखे के वैश्विक पूर्वानुमानों को करीब 6.5 लाख आंकड़ों के साथ मिलाकर विश्लेषण किया। इन आंकड़ों में जैव विविधता से जुड़े डेटाबेस, क्षेत्रीय सर्वेक्षण और नागरिक विज्ञान मंच 'आईनेचुरलिस्ट' पर दर्ज अवलोकन शामिल थे।
इनकी मदद से कैक्टस की 993 प्रजातियों के भविष्य के प्राकृतिक आवास का मॉडल तैयार किया गया। नतीजे बताते हैं कि 91 फीसदी प्रजातियों के मामले में सूखे को शामिल करने वाले मॉडल, केवल तापमान और बारिश के औसत पर आधारित मॉडल से अधिक सटीक साबित हुए।
इससे स्पष्ट होता है कि यदि जलवायु परिवर्तन के आकलन में भीषण सूखे जैसी घटनाओं को शामिल नहीं किया जाए, तो प्रजातियों के विलुप्त होने का खतरा वास्तविकता से काफी कम आंका जा सकता है।
अध्ययन के प्रमुख लेखक और आईयूसीएन से जुड़े डॉक्टर मिचेल पिलेट के मुताबिक, भविष्य में सूखे की अवधि और तीव्रता दोनों बढ़ने की आशंका है। ऐसे में कैक्टस की सूखे से निपटने की प्राकृतिक क्षमता भी उन्हें बचाने के लिए पर्याप्त नहीं होगी।
बता दें कि आईयूसीएन की रेड लिस्ट ऑफ थ्रेटेंड स्पीशीज के अनुसार, दुनिया में कैक्टस की 30 फीसदी से अधिक प्रजातियां पहले ही विलुप्त होने के खतरे का सामना कर रही हैं। इसके पीछे मुख्य वजह प्राकृतिक आवासों का नष्ट होना और इन पौधों का अवैध संग्रह एवं कारोबार है।
2015 में हुए पहले वैश्विक कैक्टस आकलन में भी करीब 31 फीसदी प्रजातियों को विलुप्ति के खतरे वाली श्रेणी में रखा गया था। लेकिन पिछले एक दशक में इन पौधों के सामने चुनौतियां और बढ़ गई हैं। अब जलवायु परिवर्तन और भीषण सूखा उनके अस्तित्व के लिए नए खतरे बनकर उभरे हैं।
शोधकर्ताओं का कहना है कि यदि किसी प्रजाति का अनुकूल प्राकृतिक आवास 80 फीसदी तक घट जाता है, तो आईयूसीएन के मानकों के तहत उसे गंभीर रूप से संकटग्रस्त यानी 'क्रिटिकली एंडेंजर्ड' श्रेणी में रखा जा सकता है। ऐसे में इस श्रेणी में शामिल कैक्टस प्रजातियों की संख्या मौजूदा स्तर से दोगुनी से भी अधिक हो सकती है।
देखा जाए तो कैक्टस केवल रेगिस्तान की पहचान या सजावटी पौधे नहीं हैं। ये अपने पारिस्थितिकी तंत्र में कई जीवों के भोजन, आश्रय और जीवनचक्र का अहम आधार हैं। इनकी संख्या घटने का असर उन कीटों, पक्षियों और दूसरे जीवों पर भी पड़ सकता है, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इन पर निर्भर हैं।
उदाहरण के लिए, अमेरिका और मैक्सिको के सोनोरन रेगिस्तान में पाया जाने वाला सेनिटा मॉथ नामक पतंगा परागण के लिए सेनिटा कैक्टस पर निर्भर है। यह इसी पौधे के फूलों में अंडे देता है और इसके लार्वा का जीवनचक्र भी इसी प्रजाति पर निर्भर करता है।
इसी तरह, गैलापागोस द्वीप समूह में पाए जाने वाले कैक्टस फिंच पक्षियों को कांटेदार कैक्टस से रस, पराग और बीज मिलते हैं। ये पक्षी घोंसले बनाने के लिए भी इन पौधों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में कैक्टस की संख्या घटने से इन जीवों के भोजन और आश्रय दोनों पर संकट आ सकता है।
सच कहें तो इन पौधों का महत्व केवल जैव विविधता तक सीमित नहीं। कई आदिवासी समुदायों की संस्कृति, परंपराओं और आजीविका में भी इनकी अहम भूमिका है। सोनोरन रेगिस्तान में रहने वाला तोहोनो ओ'ओधाम समुदाय हर साल सगुआरो कैक्टस के फल इकट्ठा करता है। इनसे सिरप, जैम और बीजों का आटा तैयार किया जाता है। इसके सिरप से पारंपरिक समारोहों के लिए पेय भी बनाया जाता है।
इस अध्ययन ने कैक्टस प्रजातियों के संरक्षण के लिए नए सिरे से प्रयास करने की जरूरत भी रेखांकित की है। आईयूसीएन से जुड़ी विशेषज्ञ टीम अगले तीन वर्षों में इन प्रजातियों की विलुप्ति के खतरे का दोबारा आकलन करने को प्राथमिकता दे रही है।
इसके लिए 2027 के मध्य और आखिरी महीनों में अमेरिका, मैक्सिको और दक्षिण अमेरिका में तीन क्षेत्रीय विशेषज्ञ कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना है। इनमें नए वैज्ञानिक आंकड़ों और जलवायु परिवर्तन से जुड़े पूर्वानुमानों के आधार पर कैक्टस प्रजातियों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
आईयूसीएन की विशेषज्ञ समूह की सह-अध्यक्ष बारबरा गोएट्श के मुताबिक, पिछले एक दशक में कैक्टस के सामने मौजूद खतरे काफी बदल गए हैं।
जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को समझने के लिए यह अध्ययन महत्वपूर्ण नए प्रमाण देता है। हालांकि, केवल आकलन को अपडेट करना पर्याप्त नहीं होगा। इन खतरों को समझने और उनके प्रभावों को कम करने के लिए जमीन स्तर पर संरक्षण के ठोस कदम उठाने में अब और देरी नहीं की जा सकती।
स्पष्ट है कि प्रकृति के सबसे कठिन हालात में भी जीवित रहने वाले कैक्टस अब जलवायु परिवर्तन की मार से सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे में यदि समय रहते इनके प्राकृतिक आवासों और पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने के प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाली पीढ़ियां रेगिस्तान की इस अनोखी हरियाली को खो सकती हैं।