

यूरोप के छह देशों के 21,259 लोगों पर किए एक नए वैज्ञानिक अध्ययन में सामने आया है कि वायु प्रदूषण, खासकर पीएम10 कणों और तापमान में उतार-चढ़ाव का संबंध खून में शुगर के बढ़ते स्तर से हो सकता है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह संबंध उन लोगों में भी देखा गया, जिन्हें डायबिटीज नहीं है।
प्रतिष्ठित जर्नल एनवायरमेंट इंटरनेशनल में प्रकाशित इस रिसर्च के मुताबिक, प्रदूषित हवा और बदलते तापमान का असर अलग-अलग ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ मिलकर भी शरीर के मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकता है।
वैज्ञानिकों ने पाया गया कि तापमान में अधिक उतार-चढ़ाव के बीच वायु प्रदूषण कम करने से ब्लड शुगर में संभावित गिरावट का फायदा और बढ़ सकता है। मॉडल आधारित आकलन में केवल प्रदूषण घटाने पर ब्लड शुगर में करीब 0.06 स्टैंडर्ड डेविएशन की कमी का अनुमान था, जबकि गर्म और अधिक परिवर्तनशील तापमान के साथ यह कमी 0.07 तक पहुंच गई।
यह संबंध मुख्य रूप से शहरी इलाकों में दिखाई दिया, जहां प्रदूषण और हीट आइलैंड का खतरा अधिक रहता है। शोधकर्ताओं ने शरीर में सूजन और इंसुलिन प्रतिरोध को इसके संभावित कारण बताया है।
निष्कर्ष चेतावनी देते हैं कि जलवायु परिवर्तन और जहरीली हवा का संयुक्त असर हमारी सेहत पर सांस संबंधी बीमारियों से कहीं आगे तक पहुंच सकता है।
वायु प्रदूषण को आमतौर पर फेफड़ों और सांस संबंधी बीमारियों से जोड़कर देखा जाता रहा है, जबकि बढ़ती गर्मी और मौसम में बदलाव को सर्दी-जुकाम, बुखार या मौसमी बीमारियों का कारण माना जाता है। लेकिन एक नए अध्ययन ने इन पर्यावरणीय खतरों का एक ऐसा चिंताजनक पहलू उजागर किया है, जिसका सीधा संबंध हमारे खून में शुगर के स्तर से हो सकता है।
प्रतिष्ठित जर्नल 'एनवायरमेंट इंटरनेशनल' में प्रकाशित इस अध्ययन के मुताबिक, प्रदूषित हवा में सांस लेना और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव न केवल शरीर पर अलग-अलग असर डालते हैं, बल्कि मिलकर भी रक्त शर्करा (ग्लूकोज) का स्तर बढ़ा सकते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह असर उन लोगों में भी देखा गया, जिन्हें डायबिटीज नहीं है।
इस अध्ययन में यूरोप के छह देशों के 21,259 लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि वायु प्रदूषण में मौजूद महीन कणों (पीएम10) और तापमान में बदलाव का संबंध ग्लाइकेटेड हीमोग्लोबिन (HbA1c) के बढ़े स्तर से है। गौरतलब है कि HbA1c खून की जांच का एक महत्वपूर्ण संकेतक है, जिससे पिछले दो से तीन महीनों के औसत ब्लड शुगर का पता चलता है।
यह अध्ययन स्विस ट्रॉपिकल एंड पब्लिक हेल्थ इंस्टीट्यूट और यूनिवर्सिटी ऑफ बेसल के वैज्ञानिकों के नेतृत्व में किया गया। इसमें स्पेन के जर्मन्स ट्रायस आई पुजोल रिसर्च इंस्टीट्यूट के शोध समूह ने भी योगदान दिया। अध्ययन में इस समूह के 5,464 लोगों के आंकड़े शामिल थे।
अध्ययन में वायु प्रदूषण के तीन प्रमुख संकेतकों पीएम10, पीएम2.5 और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (एनओ2) का विश्लेषण किया गया। इनमें पीएम10 का संबंध ब्लड शुगर के बढ़े हुए स्तर से लगातार और स्पष्ट रूप से सामने आया। वहीं, पीएम2.5 के मामले में यह संबंध उतना स्पष्ट नहीं था, जबकि नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के साथ कोई स्थिर संबंध नहीं देखा गया।
वैज्ञानिकों ने पाया कि केवल औसत तापमान ही नहीं, बल्कि सालभर में रोजाना तापमान में होने वाला उतार-चढ़ाव भी ब्लड शुगर के स्तर से जुड़ा था। यानी तापमान का कभी बहुत बढ़ना और कभी अचानक गिरना भी शरीर के मेटाबॉलिज्म पर असर डाल सकता है।
इस अध्ययन की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि वायु प्रदूषण और तापमान को अलग-अलग देखने के बजाय उनके संयुक्त प्रभाव का विश्लेषण किया गया। नतीजों से पता चला कि इन दोनों पर्यावरणीय कारकों का असर एक-दूसरे पर निर्भर करता है। खासकर तापमान में अधिक उतार-चढ़ाव की स्थिति में वायु प्रदूषण और ब्लड शुगर के बीच संबंध महत्वपूर्ण हो जाता है।
प्रदूषण और तापमान में बदलाव का ब्लड शुगर पर क्या असर हो सकता है, शोधकर्ताओं ने यह समझने के लिए कुछ संभावित पर्यावरणीय परिस्थितियों का मॉडल तैयार किया। पहली परिस्थिति में हवा में पीएम10 और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड की मात्रा 10 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम2.5 की मात्रा 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर कम करने का अनुमान लगाया गया।
इसका उद्देश्य विश्व स्वास्थ्य संगठन के वायु गुणवत्ता संबंधी दिशानिर्देशों की दिशा में सुधार को समझना था। मॉडल में इस बदलाव के साथ ब्लड शुगर के स्तर में कमी का संबंध सामने आया।
दूसरी परिस्थिति में सालाना औसत तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और रोजाना तापमान के उतार-चढ़ाव में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया। मॉडल के मुताबिक, इस स्थिति का संबंध ब्लड शुगर के बढ़ने से था।
तीसरी परिस्थिति में हवा को साफ करने के साथ तापमान में बढ़ोतरी और उतार-चढ़ाव को भी शामिल किया गया। इसमें एक महत्वपूर्ण बात सामने आई। गर्म और अधिक परिवर्तनशील तापमान की स्थिति में वायु प्रदूषण कम करने से ब्लड शुगर में होने वाली संभावित गिरावट, केवल प्रदूषण कम करने की तुलना में अधिक थी।
आंकड़ों के मुताबिक, केवल वायु प्रदूषण कम करने पर ब्लड शुगर में करीब 0.06 स्टैंडर्ड डेविएशन की गिरावट का अनुमान था, जबकि साफ हवा और गर्म तापमान के संयुक्त परिदृश्य में यह गिरावट करीब 0.07 स्टैंडर्ड डेविएशन रही।
यह अंतर किसी एक व्यक्ति के लिए भले ही बहुत छोटा दिखाई दे, लेकिन आबादी के बड़े हिस्से पर इसका प्रभाव महत्वपूर्ण हो सकता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, डायबिटीज का भविष्य का बोझ केवल उन लोगों से नहीं बढ़ता जो पहले से अधिक जोखिम में हैं, बल्कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी इसमें योगदान देते हैं जिनका जोखिम फिलहाल कम है। ऐसे में पूरी आबादी के स्तर पर ब्लड शुगर में मामूली बदलाव भी मायने रख सकता है।
अध्ययन में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई। वायु प्रदूषण, तापमान में उतार-चढ़ाव और ब्लड शुगर के बीच संबंध मुख्य रूप से शहरी इलाकों में दिखाई दिया। कम शहरीकरण वाले क्षेत्रों में ऐसा कोई स्थिर संबंध सामने नहीं आया।
शोधकर्ताओं का मानना है कि शहरों में प्रदूषण का अधिक स्तर और कंक्रीट, सड़कों तथा इमारतों के कारण पैदा होने वाला हीट आइलैंड प्रभाव इसकी एक वजह हो सकता है। इस प्रभाव के चलते शहरों का तापमान आसपास के ग्रामीण इलाकों की तुलना में अधिक रहता है।
हालांकि, अध्ययन में घरों के आसपास पेड़-पौधों और हरे-भरे क्षेत्रों की मौजूदगी का भी विश्लेषण किया गया, लेकिन ब्लड शुगर के स्तर के साथ इसका कोई स्पष्ट संबंध नहीं मिला। शोधकर्ताओं को न तो घर के आसपास हरियाली की मात्रा और न ही नजदीकी हरित क्षेत्र से दूरी के आधार पर कोई स्थिर प्रभाव दिखाई दिया।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, वायु प्रदूषण और तापमान में बदलाव के कारण शरीर में सूजन (इन्फ्लेमेशन) और इंसुलिन प्रतिरोध जैसी प्रक्रियाएं प्रभावित हो सकती हैं। बता दें कि इंसुलिन वह हार्मोन है, जो खून में मौजूद ग्लूकोज को कोशिकाओं तक पहुंचाने और ब्लड शुगर नियंत्रित रखने में मदद करता है। जब शरीर की कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति कम संवेदनशील हो जाती हैं, तो खून में शुगर का स्तर बढ़ सकता है।
शोधकर्ताओं ने यह भी संभावना जताई कि पीएम10 जैसे अपेक्षाकृत बड़े कण सांस के साथ शरीर में प्रवेश करने के बाद ऊपरी श्वसन तंत्र में फंस सकते हैं और फिर गले के रास्ते निगल लिए जाते हैं। इससे आंतों में मौजूद सूक्ष्म जीवों (गट माइक्रोबायोम) पर असर पड़ सकता है। हालांकि, ये संभावित कारण हैं और इस अध्ययन में इन प्रक्रियाओं की सीधे जांच नहीं की गई।
अध्ययन से जुड़ी शोधकर्ता नतालिया ब्ले का प्रेस विज्ञप्ति में कहना है, जलवायु परिवर्तन के मौजूदा दौर में तापमान को इस तरह के अध्ययनों में शामिल करना बेहद जरूरी है। पर्यावरणीय जोखिमों को एक-दूसरे से अलग करके नहीं समझा जा सकता, क्योंकि उनका संयुक्त प्रभाव भी सेहत को प्रभावित कर सकता है।
हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि इस अध्ययन से यह साबित नहीं होता कि वायु प्रदूषण या तापमान में बदलाव सीधे डायबिटीज का कारण बनते हैं। इसमें केवल इन पर्यावरणीय कारकों और ब्लड शुगर के स्तर के बीच संबंध देखा गया है।
इसके अलावा, अध्ययन में लोगों के खानपान और शारीरिक गतिविधियों जैसे कारकों को शामिल नहीं किया गया। प्रतिभागियों के ब्लड शुगर की जांच भी केवल एक या कुछ मौकों पर हुई थी। इसलिए इससे यह पता नहीं लगाया जा सकता कि समय के साथ प्रदूषण के संपर्क में रहने से किसी व्यक्ति का ब्लड शुगर किस तरह बदला। ऐसे में शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस संबंध को बेहतर ढंग से समझने के लिए आगे और अध्ययन की जरूरत है।
खासकर यह जानना जरूरी होगा कि प्रदूषण और बढ़ती गर्मी शरीर में मेटाबॉलिज्म को किस तरह प्रभावित करते हैं और क्या लंबे समय में इससे टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम भी बढ़ सकता है।
फिलहाल यह अध्ययन एक अहम चेतावनी जरूर देता है कि प्रदूषित हवा और बढ़ती गर्मी का असर सिर्फ हमारी सांसों और शरीर के तापमान तक सीमित नहीं हो सकता। ये पर्यावरणीय बदलाव शरीर के भीतर चलने वाली उन प्रक्रियाओं को भी प्रभावित कर सकते हैं, जो हमें स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी हैं। ऐसे में जलवायु परिवर्तन से निपटने की कोशिशों के साथ साफ हवा सुनिश्चित करना भी स्वास्थ्य की बड़ी जरूरत बन जाता है।