जलवायु का बदलता मिजाज व प्रदूषण की तस्वीर: अब रैंकिंग से मापेंगे पर्यावरण में बदलाव

जेनेवा में बढ़ती गर्मी से लेकर स्विट्जरलैंड की हवा तक, शोधकर्ता ने पर्यावरणीय बदलाव समझने का नया रास्ता दिखाया
आबादी के आधार पर प्रदूषण मापने से वायु गुणवत्ता सुधार की नई तस्वीर सामने आई।
आबादी के आधार पर प्रदूषण मापने से वायु गुणवत्ता सुधार की नई तस्वीर सामने आई।प्रतीकात्मक छवि, साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • शोधकर्ता ने पर्यावरणीय बदलाव मापने के लिए रेजीम शिफ्ट इंडेक्स नामक नई पद्धति विकसित की।

  • जेनेवा में 1864 से 2024 तक के तापमान आंकड़ों ने गर्म दिनों में लगातार बढ़ोतरी दिखाई।

  • जलवायु पर आधारित शोधपत्र को 2026 के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र पुरस्कार मिला।

  • स्विट्जरलैंड में आबादी के आधार पर प्रदूषण मापने से वायु गुणवत्ता सुधार की नई तस्वीर सामने आई।

  • नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और सूक्ष्म कणों में गिरावट दर्ज हुई, लेकिन ओजोन का रुझान अनियमित रहा।

दुनिया का मौसम बदल रहा है। कहीं सर्द दिन कम हो रहे हैं, कहीं गर्मी के दिन बढ़ रहे हैं और कहीं प्रदूषण का स्तर घटने के बावजूद लोगों को साफ हवा का पूरा फायदा नहीं मिल रहा। ऐसे में सवाल सिर्फ यह नहीं है कि तापमान कितना बढ़ा या प्रदूषण कितना घटा, बल्कि यह भी है कि बदलाव किस तरह हुआ और उसका असर कितने लोगों पर पड़ा।

इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए शोधकर्ताओं की टीम ने एक नया सांख्यिकीय तरीका विकसित किया है। इसे 'रेजीम शिफ्ट इंडेक्स' (आरएसआई) कहा जाता है। इस पद्धति के जरिए पर्यावरण में हो रहे बदलावों को पुराने आंकड़ों से तुलना करके समझा जा सकता है।

इस शोध पर आधारित दो वैज्ञानिक अध्ययन जलवायु और वायु प्रदूषण में बदलाव की अलग-अलग तस्वीर पेश करते हैं। खास बात यह है कि पहला अध्ययन 2026 के इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन सस्टेनेबल इंजीनियरिंग एंड डिजिटल इनोवेशन (आईसीएसईडीआई) में सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र के पुरस्कार से सम्मानित हुआ।

तापमान का बदलता गणित

पहले शोध में स्विट्जरलैंड के जेनेवा शहर के तापमान का अध्ययन किया गया। इसके लिए 1864 से 2024 तक के रजमर्रा के औसत तापमान के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया। शोधकर्ताओं ने 1961 से 1990 के बीच के तापमान को आधार बनाया और इसकी तुलना 2015 से 2024 के आंकड़ों से की।

यह भी पढ़ें
डब्ल्यूएचओ की नई पहल: जलवायु, वायु प्रदूषण व ऊर्जा संकट में स्वास्थ्य को सबसे ऊपर रखने की योजना
आबादी के आधार पर प्रदूषण मापने से वायु गुणवत्ता सुधार की नई तस्वीर सामने आई।

नतीजे चौंकाने वाले नहीं, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। जेनेवा में अब ठंडे दिन कम हो रहे हैं, जबकि गर्म और बेहद गर्म दिनों की संख्या बढ़ रही है। हाल के दशक के लिए रेजीम शिफ्ट इंडेक्स लगभग 1.4 तक पहुंच गया।

इसका अर्थ है कि तापमान का पूरा वितरण पुराने दौर की तुलना में गर्म दिशा में खिसक गया है। यानी बदलाव केवल औसत तापमान बढ़ने तक सीमित नहीं है। मौसम के अलग-अलग दिनों का मिजाज भी बदल रहा है।

आखिर क्या है आरएआई?

इस पद्धति की खासियत इसकी सादगी है। मान लीजिए, किसी पुराने दौर में दर्ज तापमान को आधार बनाया गया है। अब नए दौर के हर दिन के तापमान को उस पुराने रिकॉर्ड से मिलाया जाता है। इससे पता चलता है कि नया तापमान पुराने दौर के कितने प्रतिशत दिनों से अधिक है।

इन तुलनात्मक रैंकों को मिलाकर एक सूचकांक तैयार होता है। आधार अवधि का आरएआई एक रहता है। एक से ऊपर का आंकड़ा गर्म या ऊंचे रैंक की स्थितियों की ओर बदलाव बताता है, जबकि एक से नीचे का आंकड़ा विपरीत दिशा में बदलाव दिखाता है।

यह भी पढ़ें
बदलती जलवायु व वायु प्रदूषण से भारत के सौर ऊर्जा उत्पादन में गिरावट
आबादी के आधार पर प्रदूषण मापने से वायु गुणवत्ता सुधार की नई तस्वीर सामने आई।

इसकी एक और खूबी है। तापमान को सेल्सियस में मापें या फारेनहाइट में, नतीजा नहीं बदलता। यानी मापने की इकाई बदलने से पर्यावरणीय बदलाव की तस्वीर नहीं बदलती।

प्रदूषण घटा, लेकिन किसे मिला फायदा?

दूसरा शोध इस पद्धति को वायु प्रदूषण के अध्ययन तक ले जाता है। इसमें नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (एनओ2), ओजोन (ओ3) और सूक्ष्म कणों पीएम10 तथा पीएम2.5 का विश्लेषण किया गया।

यहां शोधकर्ताओं ने एक अहम सवाल उठाया। यदि किसी इलाके में प्रदूषण कम हुआ है, तो क्या वहां रहने वाले लोगों को भी उतना ही फायदा मिला है? क्योंकि प्रदूषण के आंकड़े केवल यह नहीं बताते कि हवा कितनी साफ हुई, बल्कि यह भी देखना जरूरी है कि उन इलाकों में कितनी आबादी रहती है।

ज्यूरिख शहर में चार निगरानी केंद्रों के आंकड़ों को 216 सांख्यिकीय क्षेत्रों की आबादी से जोड़ा गया। इस तरह उन स्थानों को अधिक महत्व मिला जहां ज्यादा लोग रहते हैं। नतीजों में नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और दोनों प्रकार के सूक्ष्म कणों में लंबे समय तक गिरावट दिखाई दी। ओजोन का रुझान हालांकि उतना नियमित नहीं रहा। आबादी को ध्यान में रखने से नाइट्रोजन डाइऑक्साइड की तस्वीर में सबसे स्पष्ट अंतर सामने आया।

यह भी पढ़ें
रोजाना 900 मेगाग्राम मीथेन हुई खत्म, ज्वालामुखी के धुएं ने हवा से मीथेन घटाने का दिखाया अनोखा तरीका
आबादी के आधार पर प्रदूषण मापने से वायु गुणवत्ता सुधार की नई तस्वीर सामने आई।

स्विट्जरलैंड में सुधार की नई तस्वीर

शोध का दायरा केवल ज्यूरिख तक सीमित नहीं रहा। पूरे स्विट्जरलैंड के प्रदूषण मानचित्रों को 2024 की आबादी के आंकड़ों से जोड़कर 2019 से 2024 के बीच बदलाव का अध्ययन किया गया।

नतीजों में एक दिलचस्प बात सामने आई। जब आबादी के हिसाब से प्रदूषण का आकलन किया गया, तो चारों प्रदूषकों में 2020 से 2024 के दौरान 2019 के मुकाबले अधिक सुधार दिखाई दिया। इससे संकेत मिलता है कि हाल के वर्षों में प्रदूषण में कमी उन क्षेत्रों में अधिक रही है जहां आबादी ज्यादा केंद्रित है।

हालांकि तस्वीर पूरी तरह राहत देने वाली नहीं है। 2020 से 2024 के बीच आबादी के हिसाब से औसत नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर, आबादी वाले सभी क्षेत्रों के औसत से करीब 20 प्रतिशत अधिक रहा।

आंकड़ों से आगे की समझ

दोनों शोधों का संदेश साफ है। पर्यावरण में बदलाव को समझने के लिए केवल औसत तापमान या प्रदूषण का स्तर देखना काफी नहीं है। यह भी समझना होगा कि बदलाव किस दिशा में हुआ और उसकी चपेट में कितने लोग आए।

यह भी पढ़ें
उत्तराखंड की हवा में घुल रहा प्रदूषण, सर्दियों में तीन गुना बढ़ जाता है पीएम2.5
आबादी के आधार पर प्रदूषण मापने से वायु गुणवत्ता सुधार की नई तस्वीर सामने आई।

ईपीएफएल के चेयर ऑफ ऑपरेशंस, इकोनॉमिक्स एंड स्ट्रैटेजी (ओईएस) में विकसित यह पद्धति पर्यावरण की निगरानी के लिए एक उपयोगी आधार दे सकती है। हालांकि इससे सीधे स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव या किसी सरकारी नीति की सफलता साबित नहीं होती। उसके लिए अलग अध्ययन जरूरी होंगे।

फिलहाल इस शोध ने एक अहम बात साबित की है: पर्यावरण की बदलती कहानी को समझने के लिए सिर्फ आंकड़े गिनना काफी नहीं, उन्हें सही संदर्भ में पढ़ना भी जरूरी है।