

अध्ययन में 500 मछली पकड़ने के अभियानों से 163 प्रजातियों और 44 खाद्य समूहों का पता चला।
जाल में कैटफिश, शार्क, रे मछलियां, समुद्री सांप और कई अन्य अनचाहे जीव मिले।
छोटी मछलियां प्लवक खाती हैं, जबकि बड़े शिकारी मुख्य रूप से मछलियों और समुद्री जीवों पर निर्भर हैं।
अध्ययन में नरभक्षण, आपसी शिकार और विभिन्न समुद्री जीवों की खाद्य निर्भरता सामने आई।
वैज्ञानिकों ने समुद्री जीवों, उनके भोजन और मछली पकड़ने की गतिविधियों की नियमित निगरानी जरूरी बताई।
गोवा की कारंजलेम खाड़ी ऊपर से भले ही शांत दिखाई देती हो, लेकिन इसके पानी के भीतर जिंदगी का एक बड़ा और दिलचस्प संसार बसता है। यहां छोटी मछलियां, कैटफिश, झींगे, समुद्री सांप, रे मछलियां और बांस शार्क एक-दूसरे से किसी न किसी तरह जुड़े हुए हैं। कौन किसे खाता है, किसका भोजन किस पर निर्भर है और मछली पकड़ने का असर समुद्र की इस पूरी व्यवस्था पर कैसे पड़ता है? वैज्ञानिकों ने अब इन सवालों का जवाब तलाशने की कोशिश की है।
गोवा के डोना पाउला स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान (एनआईओ) और एकेडमी ऑफ साइंटिफिक एंड इनोवेटिव रिसर्च के शोधकर्ताओं ने कारंजलेम खाड़ी के समुद्री खाद्य जाल का वैज्ञानिक अध्ययन किया है। कॉन्टिनेंटल शेल्फ रिसर्च में प्रकाशित इस अध्ययन ने पहली बार खाड़ी में रहने वाले जीवों के खानपान और आपसी निर्भरता की एक विस्तृत तस्वीर सामने रखी है।
दो वर्ग किलोमीटर की खाड़ी, लेकिन जीवों का बड़ा संसार
कारंजलेम खाड़ी करीब दो वर्ग किलोमीटर में फैली है। इसकी औसत गहराई महज 2.5 मीटर है। यह खाड़ी मांडोवी नदी के मुहाने पर स्थित है और अरब सागर से जुड़ती है। यहां स्थानीय मछुआरे किनारे से खींचे जाने वाले जाल यानी शोर सीन का इस्तेमाल करते हैं। इन जालों की जाली छोटी होती है, इसलिए इनमें बड़ी मछलियों के साथ छोटी मछलियां और कई दूसरे समुद्री जीव भी फंस जाते हैं।
मछुआरों को अक्सर अच्छी मात्रा में मछलियां मिलने की खबरें आती थीं, लेकिन खाड़ी में वास्तव में कितनी और किस तरह की मछलियां पकड़ी जा रही हैं, इसका वैज्ञानिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था।
500 बार जाल डाला, हजारों जीवों की जांच
शोधकर्ताओं ने सितंबर 2019 से नवंबर 2022 तक कुल 500 बार मछली पकड़ने के अभियानों का रिकॉर्ड तैयार किया। हर बार जाल में आए जीवों की पहचान की गई और उनकी गिनती की गई।
अध्ययन में पता चला कि कुल पकड़ का करीब 9.8 प्रतिशत हिस्सा बायकैच यानी अनचाहे जीवों का था। इनमें कैटफिश, रे मछलियां, बांस शार्क, पफर मछलियां, छोटी सोलफिश, गिटारफिश और समुद्री सांप शामिल थे।
शोधकर्ताओं ने फेंक दिए गए मृत जीवों में से 8,600 की चीर-फाड़ कर उनके पेट की जांच की। इनमें करीब 5,000 कैटफिश, 1,500 शार्क और रे जैसी इलास्मोब्रैंक मछलियां तथा 150 समुद्री सांप शामिल थे। इसके साथ ही पानी में मौजूद प्लवक और समुद्र की तलहटी में रहने वाले छोटे जीवों का भी अध्ययन किया गया। कुल 163 प्रजातियों को 44 समूहों में बांटा गया।
छोटी मछली का भोजन अलग, बड़े शिकारी की पसंद अलग
अध्ययन का एक दिलचस्प पहलू यह है कि एक ही प्रजाति के जीव का भोजन उसके आकार के साथ बदल जाता है। शोधकर्ताओं ने सात प्रमुख शिकारी समूहों को तीन आकार वर्गों में बांटा 10 सेंटीमीटर तक के छोटे जीव मुख्य रूप से प्लवक और तलहटी में रहने वाले छोटे जीव खाते हैं। 10 से 20 सेंटीमीटर के जीव बड़े अकशेरुकी जीवों और छोटी मछलियों को अपना भोजन बनाते हैं। वहीं 20 सेंटीमीटर से बड़े शिकारी मुख्य रूप से मछलियां और समुद्री सिरपाद जीव (सेफेलोपोड) खाते हैं।
यानी जैसे-जैसे शरीर का आकार बढ़ता है, भोजन की पसंद भी बदलती जाती है। छोटे शार्क और कैटफिश तलहटी के जीवों पर अधिक निर्भर रहते हैं, जबकि बड़े जीव खुले पानी में मिलने वाले शिकार को पसंद करते हैं।
यहां शिकारी भी बनते हैं किसी दूसरे का शिकार
खाड़ी का खाद्य जाल केवल खाने और खाए जाने तक सीमित नहीं है। इसमें आपसी शिकार और नरभक्षण भी देखने को मिला। कुछ कैटफिश, फ्लैटहेड मछलियां और समुद्री सिरपाद जीव अपनी ही तरह के जीवों को खा जाते हैं।
एक दिलचस्प उदाहरण यह है कि समुद्री सिरपाद जीव छोटी झुंड में रहने वाली मछलियों (क्लूपिओइड) को खाते हैं, लेकिन खुद बांस शार्क का भोजन बन जाते हैं। इससे पता चलता है कि समुद्र में शिकारी और शिकार का रिश्ता हमेशा एकतरफा नहीं होता।
मछली पकड़ने का दबाव, पूरे खाद्य जाल पर असर
शोधकर्ताओं के मॉडल के मुताबिक, फाइटोप्लैंकटन और समुद्री तल पर जमा जैविक पदार्थ (डिट्रिटस) कई जीव समूहों के लिए भोजन का आधार बनते हैं। वहीं शार्क और दूसरे बड़े शिकारी अपने शिकार की संख्या को प्रभावित करते हैं। अध्ययन में शोर सीन मछली पकड़ने की गतिविधियों का असर खाद्य जाल के कई स्तरों पर मुख्य रूप से नकारात्मक पाया गया।
हालांकि वैज्ञानिकों के अनुसार खाड़ी में कई जीवों की संख्या समय के साथ काफी बदलती रहती है। बड़े शिकारी जैसे बांस शार्क, रे मछलियां और समुद्री सांप कभी-कभी ही दिखाई देते हैं। इसकी वजह उनका खाड़ी, आसपास के समुद्री पानी, मैंग्रोव और नदी के मुहानों के बीच आना-जाना हो सकता है।
अभी और गहराई से समझने की जरूरत
शोधकर्ताओं का मानना है कि कारंजलेम खाड़ी एक उत्पादक समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र है, जिसमें अपेक्षाकृत शुरुआती अवस्था वाले पारिस्थितिकी तंत्र की विशेषताएं दिखाई देती हैं। हालांकि, उनका मॉडल अलग-अलग समय और मौसम के बदलावों को पूरी तरह नहीं दिखाता। इसमें कई प्रजातियों को एक ही समूह में रखा गया है।
इसलिए वैज्ञानिकों ने मछलियों की संख्या, उनके भोजन और मछली पकड़ने से होने वाली कुल निकासी की अधिक बारीकी से निगरानी करने की जरूरत बताई है। आसपास के मैंग्रोव, तटीय जल और ज्वारनदमुख क्षेत्रों का भी लंबे समय तक अध्ययन जरूरी है।
इस शोध का संदेश साफ है- समुद्र में जाल सिर्फ मछलियां नहीं पकड़ता, उसका असर पानी के भीतर बसे पूरे जीवन संसार पर पड़ता है। कारंजलेम खाड़ी को बचाना है तो केवल मछलियों की संख्या नहीं, बल्कि उनके बीच के रिश्तों को भी समझना होगा।