उत्तराखंड के जंगलों में आग की घटनाओं में दोगुनी वृद्धि, सूक्ष्मजीवों के लिए बनी मुसीबत

एक नवंबर 2023 से एक जनवरी 2024 के बीच उत्तराखंड में 1006 आग लगने की घटनाएं हुई हैं, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना हैं
उत्तराखंड के जंगलों में आग की घटनाओं में दोगुनी वृद्धि, सूक्ष्मजीवों के लिए बनी मुसीबत
Published on

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं साल दर साल बढ़ रहीं हैं। हालांकि आग की घटनाएं गर्मी के मौसम के दौरान अधिक देखने को मिलती हैं, लेकिन इस साल सर्दियों के दौरान घटनाएं बढ़ गई हैं।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत काम करने वाले भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई) के मुताबिक पहली नवंबर 2023 से पहली जनवरी 2024 के बीच उत्तराखंड में 1006 आग लगने की घटनाएं हुई हैं। पिछले साल की तुलना में, इसमें भारी वृद्धि देखी जा रही है, क्योंकि इससे पहले सालों में इसी अवधि के दौरान लगभग 556 आग लगने की घटनाएं हुई थी। 

कुछ समय पूर्व किए गए एक शोध में कहा गया था कि जंगल की आग यहां रहने वाले सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचाती है और उनके विकास को रोकती है। आग लगने के बाद सूक्ष्मजीव कैसे बदलते हैं, शोध के हवाले से कहा गया है कि शोधकर्ताओं को इसकी बेहतर समझ से यह अनुमान लगाने में मदद मिल सकती है कि बैक्टीरिया और कवक पर्यावरणीय बदलावों पर किस तरह की प्रतिक्रिया देते हैं।

शोध के मुताबिक, विनाशकारी आग के बाद सूक्ष्मजीवों में बहुत बड़ा बदलाव होता है। शोधकर्ताओं ने एक साल तक यह पता लगाया कि बैक्टीरिया और फंगल समुदाय जले हुए जगहों में पत्तों के कूड़े में किस तरह पनपते हैं।

शोधकर्ताओं ने पाया कि मिट्टी की सतह में उभरते सूक्ष्मजीव मौसम और पौधों के दोबारा उभरने के साथ बदल गए और सूक्ष्मजीवों का संयोजन काफी हद तक फैलने से प्रेरित था। यह शोध एमसिस्टम्स नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ था।  

वहीं, भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई) के अनुसार, इन सर्दियों के मौसम के दौरान, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी और अल्मोड़ा सहित लगभग सभी जिलों में जंगल की आग लगने की जानकारी मिली है। 

क्यों जरूरी हैं सूक्ष्मजीव?

शोध में कहा गया है कि जलवायु परिवर्तन और मानवजनित कारणों से हम अपने पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। सूक्ष्मजीव, विशेष रूप से सतही मिट्टी में मौजूद, कार्बन और नाइट्रोजन चक्र जैसी कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं  निभाते हैं। उन्होंने कहा, बैक्टीरिया और कवक किसी खेत या जंगल के सतह पर मृत और सड़ रहे पौधों को छोटे डुकड़ों में तोड़ कर उन्हें नष्ट करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

पिछले महीने के दौरान हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के पतलीकूहल नामक जंगल के इलाके में भीषण आग लगने की घटना घटित हुई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आग लगने से करोड़ों रुपये की वन संपदा नष्ट हुई।

भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई) के मुताबिक, पिछले दो महीनों में, हिमाचल प्रदेश में जंगल में आग लगने की सबसे अधिक यानी 1,199 घटनाएं हुई। इसके बाद उत्तराखंड में 1,006, मध्य प्रदेश में 577, कर्नाटक में 434 और महाराष्ट्र 445 का स्थान रहा।

जंगल में आग अक्सर वन्यजीवों को घेरने, अवैध शिकार के लिए, जंगलों में आग लगा दी जाती है। इस मौसम के दौरान वन्यजीव कम ऊंचाई वाले इलाकों में आ जाते हैं। वन्यजीव संरक्षणवादियों ने चिंता जाहिर करते हुए वनकर्मियों को जंगलों में गश्त बढ़ाने की सलाह दी है।  

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in