
देश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट के हवाले से कहा है कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
इसी दौरान मध्य महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं दिख रहे हैं तथा उसके बाद तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। वहीं अगले दो दिनों के दौरान गुजरात में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है तथा उसके बाद धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।
जबकि अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी मौसम विभाग का अपडेट देखें तो कल, कोंकण और गोवा के बॉम्बे सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की मानें तो सात दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आठ दिसंबर से उत्तर-पश्चिम भारत के निकटवर्ती मैदानी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान है। इसके कारण सात से नौ दिसंबर के दौरान पश्चिमी हिमालयी इलाकों के ऊंचाई वाली हिस्सों में बर्फबारी तथा निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, आठ दिसंबर से उत्तर-पश्चिम भारत के ऊंचे हिस्सों में बर्फबारी तथा उससे सटे मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
सात से नौ दिसंबर की सुबह के समय पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में देर रात से सुबह तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम के शुष्क बने रहने तथा आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की गति के 10 किमी प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है। सुबह के समय धुंध छाए रहने की आशंका जताई गई है। दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार बढ़कर 16 किमी प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी।
दिल्ली और एनसीआर में शाम और रात के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार 10 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी, जिसके चलते शाम व रात में धुंध छाए रहने के आसार हैं।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में सुबह के समय पाला पड़ने और कोहरा छाए रहने के आसार हैं। रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है इसके चलते ठंड बढ़ सकती है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज अधिकतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब स्पष्ट हो गया है। हालांकि इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार अब उसी क्षेत्र में समुद्र तल से औसतन 4.5 किमी ऊपर तक फैल गया है। इसके कारण आज, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
समुद्र में उथल-पुथल
कम दबाव के कारण समुद्र में उथल-पुथल जारी है, इसी क्रम में आज, लक्षद्वीप से सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के उत्तरी हिस्सों तथा इससे सटे पूर्व मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर क्षेत्र में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।
कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, चार दिसंबर को तटीय कर्नाटक के अधिकांश इलाकों, रायलसीमा के कुछ हिस्सों, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल, चार दिसंबर को रायलसीमा के तिरुपति में 1 सेमी, कडप्पा में 3 सेमी, केरल और माहे के कोच्चि में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।