कई राज्यों में तापमान ने छुआ 37 डिग्री का आंकड़ा, जम्मू-कश्मीर व पूर्वोत्तर में हिमपात

आज, यानी 12 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में गरज के साथ बारिश व बर्फबारी तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में जम्मू और कश्मीर तथा रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों में जम्मू और कश्मीर तथा रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
Published on

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और निचले स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 125 नॉट्स तक की रफ्तार से उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाओं का चलना जारी है। वहीं पूर्वोत्तर असम और इससे सटे इलाकों के निचले स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार लगातार जारी है

मौसम संबंधी उपरोक्त गतिविधियों के चलते आज, यानी 12 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के अधिकतर इलाकों में गरज के साथ बारिश व बर्फबारी तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है। वहीं आज, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, यहां 70 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

आज पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में भी पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती प्रसार व पश्चिमी जेट स्ट्रीम का प्रभाव पड़ सकता है, आज, यानी 12 फरवरी, 2025 को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में बारिश तथा बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है, कई राज्यों में अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। वहीं, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सात से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है।

मौसम विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटों के दौरान, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई है।

जम्मू और कश्मीर तथा रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सौराष्ट्र और कच्छ, असम, मेघालय और तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में गंगा के कुछ मैदानी हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन से छह डिग्री तक बढ़ गया है।

मौसम के ताजा अपडेट के अनुसार, महाराष्ट्र और ओडिशा के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं केरल और माहे के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, रायलसीमा, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में भी तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, यानी 11 फरवरी को रायलसीमा के कुरनूल में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव संबंधी मौसम विभाग का पूर्वानुमान देखें तो अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

वहीं, अगले तीन दिनों के दौरान महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसी दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान है।

शीत लहर का कहर

उछलते पारे के बीच हिमाचल प्रदेश में बारिश व बर्फबारी के चलते कुछ हिस्सों में लोगों को आज शीत लहर का सितम झेलना पड़ सकता है

कोहरे का कहर और दृश्यता में कमी

13 फरवरी तक पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार जताए गए हैं। आज सुबह, पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में घने से लेकर बहुत घना कोहरा देखा गया। कोहरे की वजह से आज सुबह पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई।

कल कहां हुई बारिश-बर्फबारी और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, यानी 11 फरवरी को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों, हिमाचल प्रदेश तथा असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में बारिश-बर्फबारी हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in