कई राज्यों में तापमान 35 डिग्री पार, जानें कहां होगी बारिश और बर्फबारी

10 और 11 फरवरी, 2025 को जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश तथा बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
अगले चार से पांच दिनों के दौरान भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का पूर्वानुमान है।
अगले चार से पांच दिनों के दौरान भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का पूर्वानुमान है।
Published on

इस साल जनवरी और फरवरी के महीने में देश के अधिकतर इलाकों में अब तक मौसम शुष्क बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा से हिमाचल प्रदेश तक मौसम की बेदर्दी देखी जा रही है, यानी यहां जितनी बारिश और बर्फबारी होनी थी उससे बेहद कम रिकॉर्ड की गई है। इसके कारण फसलों पर बुरा असर पड़ रहा है, इस बात से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।

मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और आस-पास के इलाकों के निचले और मध्य स्तरों पर चक्रवाती प्रसार के रूप में सक्रिय है। पूर्वोत्तर भारत में समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 120 नॉट्स तक की रफ्तार से उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाओं का चलना जारी है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते 10 और 11 फरवरी, 2025 को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में मौसमी बदलाव हो सकता है।

यानी, 10 और 11 फरवरी को जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश तथा बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसमी बदलाव देखें तो, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि कल, यानी 11 फरवरी तक परिस्थितियां गर्म बनी रहेंगी तथा हवा की गति कम रहने के कारण अधिकतम तापमान के 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

वही कल, दिल्ली में दिन के तापमान में वृद्धि के बावजूद न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस समय के लिए सामान्य से दो डिग्री कम है। एक दिन पहले यह नौ डिग्री सेल्सियस था।

पूर्वोत्तर भारत में मौसमी बदलाव

वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर बांग्लादेश और निचले स्तरों पर एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इसके कारण 10 से 15 फरवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की गतिविधि के जारी रहने का अनुमान लगाया गया है।

10 से 14 फरवरी के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, इसी दौरान पूर्वोत्तर असम व 10 से 12 फरवरी के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बारिश तथा वज्रपात के आसार जताए गए हैं

देश में तापमान में उतार-चढ़ाव

देश के अलग-अलग इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव संबंधी मौसम विभाग के ताजा अपडेट देखें तो, उत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, यानी नौ फरवरी को उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कलबुर्गी में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, भारतीय प्रायद्वीप के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 30-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है।

आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव की बात करें तो अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं।

वहीं, अगले चार से पांच दिनों के दौरान भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का पूर्वानुमान है।

कोहरे का कहर और दृश्यता में कमी

11 फरवरी तक पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों और दक्षिण ओडिशा में सुबह के समय तक घना कोहरा छाए रहने का अंदेशा जताया गया है

आज सुबह, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाकों तथा झारखंड के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा देखा गया, जबकि बिहार के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा छाया रहा।

कोहरे की वजह से आज सुबह, ओडिशा के बालासोर में दृश्यता शून्य मीटर, चांदबली में दृश्यता 200 मीटर, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों के दीघा में दृश्यता शून्य मीटर, झारखंड के रांची में दृश्यता शून्य मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in