
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून की शुरुआत : तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बारिश हुई तेज।
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे की शुरुआत : उत्तराखंड और हिमाचल के कुछ हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और वायु गुणवत्ता बिगड़ने के संकेत।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई : अगले दो दिनों में पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई तय।
देश के दक्षिणी प्रायद्वीप वाले इलाकों में अब उत्तर-पूर्वी मानसून की गतिविधियां शुरू हो रही हैं। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 15 अक्टूबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी हवाओं का बहना शुरू हो गया है। इसी के साथ, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि देखी जा रही है।
वहीं दक्षिण बांग्लादेश और उसके आसपास के इलाकों, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों और झारखंड तथा अरब सागर के पश्चिमी हिस्से और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवाओं का ऊपरी स्तर में चक्रवातीय प्रसार सक्रिय हैं।
कहां-कहां बरसेंगे बादल?
उत्तर-पूर्वी मानसून व चक्रवाती प्रसार के चलते आज, 15 अक्टूबर, 2025 को दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। विभाग ने इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।
विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आज, आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप, ओडिशा तथा तेलंगाना के कुछ हिस्सों में बरसात के साथ-साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं आज, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह की मौसमी गतिविधि के जारी रहने के आसार हैं।
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज
उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं तापमान गिरने के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा फिर से खराब होने लगी है। विभाग की मानें तो आज, 15 अक्टूबर, 2025 से दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाने की शुरुआत हो सकती है।
हालांकि कल, यानी 14 अक्टूबर को दिन भर मौसम साफ रहा और चटख धूप खिली रही। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज, 15 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की खबर है जिससे पहाड़ी और राज्य के मैदानी इलाकों में सर्दी में बढ़ोतरी हो गई है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान कि बात करें तो आने वाले दिनों में यहां मौसम के मिजाज के और बदलने के आसार जताए गए हैं।
उत्तर-पूर्वी मानसूनी बारिश के चलते मौसम विभाग की किसानों के लिए सलाह
अत्यधिक बारिश और जलभराव से फसल को बचाने के लिए मौसम विभाग ने किसानों के लिए कुछ अहम सुझाव दिए हैं। विभाग ने कहा है कि तमिलनाडु और केरल में धान और मूंगफली की कटाई की गई उपज को सूखी और सुरक्षित जगह पर रखें। वहीं धान, कपास, हल्दी, लहसुन, अदरक, सब्जियां, नारियल, केला और काली मिर्च की फसलों के खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करें।
वहीं, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में मूंगफली, मक्का, मिर्च, इलायची, हल्दी और कॉफी की कटाई की गई उपज को हवादार व सुरक्षित स्थानों पर रखें या खेतों में तिरपाल से ढककर रखें। धान, मक्का, रागी, अरहर, सोयाबीन, मूंगफली, सब्जियां और बागानी फसलें (नारियल, केला, सुपारी, काली मिर्च) की जलभराव से सुरक्षा के लिए जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी बारिश के चलते धान, मक्का, अरहर, उड़द, मूंग, मूंगफली, हल्दी, अदरक, सब्जियां और बागवानी फसलें (नारियल, सुपारी, केला, कॉफी, काली मिर्च) के खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की स्थिति
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों से पूरी तरह वापस हो गया है। अगले दो दिनों में पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरी वापसी होने की संभावना है। इस बीच, उत्तर-पूर्वी मानसून की सक्रियता बढ़ रही है, जिससे आगामी दिनों में दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।
दक्षिण भारत में इस समय मौसम तेजी से बदल रहा है। उत्तर-पूर्वी मानसून की शुरुआत के साथ-साथ विभिन्न मौसमी गतिविधियां सक्रिय हैं, जिससे अगले कुछ दिनों में बारिश में बढ़ोतरी हो सकती है। किसानों को चाहिए कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित तैयारी करें, विशेष रूप से कटाई की गई उपज को सुरक्षित रखें और जल निकासी की व्यवस्था करें।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 14 अक्टूबर, 2025 को राजस्थान के बाड़मेर और गुजरात के सूरत में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के मंडी में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 15 अक्टूबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा रायलसीमा के अधिकतर इलाकों, असम और मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, कोंकण और गोवा, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कल कहां कितना बरसा पानी?
कल, 15 अक्टूबर, 2025 को केरल के कोझिकोड में 5 सेमी, तिरुवनंतपुरम और कोच्चि हर जगह 3 सेमी, तमिलनाडु के यरकौड, वेल्लोर, मदुरै हर जगह 2 सेमी, आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और बापटला हर जगह 1 सेमी तथा ओडिशा के मलकानगिरी में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।