पहाड़ी इलाकों में पारा शून्य पर, केरल व तमिलनाडु में भारी वर्षा, जानें अपने शहर का हाल

उत्तर भारत में तापमान में गिरावट का दौर जारी, दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार, दिल्ली में प्रदूषण बना चिंता का विषय।
उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है, कई पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है।
उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है, कई पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है।
Published on
सारांश
  • उत्तर भारत में ठंड बढ़ रही है, कई पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है।

  • दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण गंभीर श्रेणी में, सुबह-शाम हल्का कोहरा और ठंड महसूस होगी।

  • केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया।

  • हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश ने बढ़ाया ठंड का प्रकोप।

  • असम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा, दृश्यता पर असर।

उत्तर भारत में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों में तापमान शून्य के आसपास पहुंच रहा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय की ठंड पहले की तुलना में अधिक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, आठ नवंबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट में कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण जम्मू और कश्मीर और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार सक्रिय है।

इसके अलावा उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में भी ऊंचाई पर एक और चक्रवाती प्रसार बना हुआ है, जो स्थानीय स्तर पर तापमान और हवाओं की स्थिति को प्रभावित कर रहा है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों तक दिखाई देगा, हालांकि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उत्तर पश्चिम भारत के न्यूनतम तापमान में अगले छह से सात दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

उत्तराखंड में साफ मौसम, पर रातें होंगी ठंडी

उत्तराखंड में आठ नवंबर को मौसम के पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों जैसे केदारनाथ, बद्रीनाथ, औली और चमोली में रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड का अहसास होगा। इन स्थानों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन के समय धूप गर्मी का अहसास देगी, जिससे मौसम सुहावना रहेगा। वहीं देहरादून और ऋषिकेश जैसे मैदानी क्षेत्रों में तापमान थोड़ा अधिक रहेगा, लेकिन सुबह की ठंड वहां भी महसूस होगी।

हिमालयी इलाकों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में तापमान पहले ही शून्य से नीचे चला गया है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति और ताबो जैसे क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश के कारण सर्दी में और इजाफा हो गया है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ी, पर वायु गुणवत्ता खराब

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में ठंड में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा छा सकता है। हवा की गति 20 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है, जिससे ठंड महसूस होगी।

हालांकि मौसम साफ रहने के बावजूद प्रदूषण लोगों के लिए समस्या बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) आज सुबह गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि धूल, वाहन प्रदूषण और पराली जलने से स्थिति और खराब हो रही है।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी

बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और असम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक समेत कई क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात सक्रिय है। आज, आठ नवंबर, 2025 को केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है

इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। इन राज्यों में आकाशीय बिजली की आशंका भी बनी हुई है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की बारिश जारी रह सकती है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मध्य और पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने का पूर्वानुमान है। वहीं, पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों में तीन से चार डिग्री की कमी देखी जा सकती है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, सात नवंबर, 2025 को तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में उत्तराखंड के पंतनगर में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

कोहरे की स्थिति

पिछले 24 घंटों में असम, मेघालय और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर और ओडिशा के कई जिलों में दृश्यता कम देखने को मिली

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल सात नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल सात नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के पांडिचेरी और वालपराई प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in