अरब सागर में कम दबाव: दक्षिण में बारिश का अलर्ट, उत्तर में बढ़ती ठंड व कोहरा

उत्तर भारत में दीपावली के निकट आते ही मौसम में बदलाव होने लगा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में सुबह व शाम सर्दी में बढ़ोतरी हो रही है।
आज, केरल और माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंध्र प्रदेश तथा तटीय कर्नाटक में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
आज, केरल और माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंध्र प्रदेश तथा तटीय कर्नाटक में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
Published on
सारांश
  • दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है, जिससे कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो अगले 48 घंटों में डिप्रेशन का रूप ले सकता है।

  • केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं के आसार, बारिश का येलो अलर्ट जारी।

  • उत्तर भारत में दीपावली से पहले सर्दी ने दी दस्तक, कोहरे की शुरुआत।

  • दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और राजस्थान में सुबह-शाम सर्दी बढ़ी, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट।

आज, 18 अक्टूबर, 2025 को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन के अनुसार, अरब सागर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से और लक्षद्वीप क्षेत्र में एक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। इसके कारण इस इलाके में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है, जो अगले 48 घंटों में और तेज होकर एक डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है

इस चक्रवाती गतिविधि का असर दक्षिण भारत के कई राज्यों में साफ तौर पर दिखाई देगा। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप जैसे इलाकों में भारी बारिश, गरज के साथ बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, कम दबाव के कारण दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं। वहीं आज, 18 अक्टूबर, 2025 को केरल और माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंध्र प्रदेश तथा तटीय कर्नाटक में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। विभाग ने इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

बिजली के साथ आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग की मानें तो बारिश के साथ-साथ आज, केरल, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा बिजली गिरने का अंदेशा जताया गया है। वहीं आज, 18 अक्टूबर, 2025 को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ इलाकों में इसी तरह की मौसमी गतिविधि रहने के आसार हैं।

उत्तर भारत में दीपावली के निकट आते ही मौसम में बदलाव होने लगा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में सुबह व शाम सर्दी में बढ़ोतरी हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज 18 अक्टूबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। वहीं देश की राजधानी में अधिकतम तापमान के 31 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में खराब हवा और धुंध की स्थिति पूरे दिन और रात बनी रह सकती है।

उत्तराखंड के पहाड़ी हिस्सों में बारिश होने से पारे में गिरावट दर्ज की गई है, इसके कारण यहां ठिठुरन बढ़ गई है। बीते दिनों पर्वतीय इलाकों में बारिश व ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी होने की वजह से समय से पहले ही पहाड़ों पर कड़ाके की सर्दी महसूस की जाने लगी है, जबकि मैदानी इलाकों में दोपहर के समय तेज धूप गर्मी का अहसास करा रही है। बहुत ज्यादा बारिश के चलते प्रदेश के पहाड़ी हिस्सों में इस साल मानसून के दौरान ही ठंड पड़ने लगी थी।

वहीं हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। बीते दिनों ऊंची-ऊंच चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद एक सप्ताह से मौसम साफ रहा। जबकि कल, 17 अक्टूबर को सुंदरनगर में घना कोहरा छाया रहा, ऐसे में राज्य में मौसम शुष्क होने से दोपहर में तापमान में बढ़ोतरी रिकॉर्ड की जा रही है। जबकि सुबह व शाम राज्य के कई हिस्सों में सर्द हवाएं चलने लगी है।

समुद्री क्षेत्रों के लिए चेतावनी

चक्रवाती प्रसार के कारण समुद्री क्षेत्रों में मौसम के काफी खराब रहने का अंदेशा जताया गया है। विभाग ने कहा है कि आज, लक्षद्वीप, कोमोरिन क्षेत्र, मालदीव, मन्नार की खाड़ी, केरल व कर्नाटक तटों तथा दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के इलाकों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर इनके 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है। तूफानी मौसम के कारण मछुआरों को इन क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत और आस-पास के समुद्री क्षेत्रों में एक सक्रिय चक्रवातीय प्रणाली विकसित हो रही है। आने वाले दिनों में इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना है, जिससे भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस परिस्थिति में आम जनता, विशेषकर मछुआरों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 16 अक्टूबर, 2025 को राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के ऊना में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 17 अक्टूबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा लक्षद्वीप के अधिकतर इलाकों, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे तथा पश्चिम मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल, 17 अक्टूबर, 2025 को लक्षद्वीप के अमीनदीवी में 6 सेमी, अगाथी में 4 सेमी, मिनिकॉय में 3 सेमी, तमिलनाडु के तंजावुर में 3 सेमी, त्रिची में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in