

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्रों से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गोवा और केरल में भारी बारिश की चेतावनी।
आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
केरल, तमिलनाडु, गोवा आदि में भारी बारिश का येलो अलर्ट
आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कई जिलों में अचानक बाढ़ और जलभराव की आशंका।
हिमाचल में बर्फबारी और शीतलहर की शुरुआत: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी।
भारत के मौसम में इस समय कई अहम गतिविधियां एक साथ सक्रिय हैं। अरब सागर से लेकर बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, 23 अक्टूबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट के अनुसार, अरब सागर में बना दबाव क क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ रहा है, जबकि बंगाल की खाड़ी से लगा हुआ दूसरी गतिविधि तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश पर असर डाल रही है। इसके साथ ही, पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवातों की श्रृंखला देश के कई हिस्सों में बारिश और तूफान की स्थितियां पैदा कर रही हैं।
दक्षिण-पूर्व अरब सागर में बने दबाव के क्षेत्र अगले 24 घंटों में उत्तर की ओर बढ़ने के बाद उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में मुड़ सकता है। इससे पश्चिमी तट के कई इलाकों में भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
वहीं, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव के क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों पर पहुंच गया है। इसके अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर पड़कर सामान्य कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का पूर्वानुमान है। इसके कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है।
भारी बारिश और तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग ने उपरोक्त दबाव संबंधी गतिविधि को देखते हुए आज, 23 अक्टूबर, 2025 को कई राज्यों के लिए बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन दोनों राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है।
वहीं आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और माहे, कोकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक पानी बरस सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो 23 से 25 अक्टूबर के बीच दक्षिण और पश्चिमी तटों पर बारिश के दौर के जारी रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
कहां है आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अंदेशा?
बरसात के साथ-साथ आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से तूफानी हवाएं चलने तथा वज्रपात का अंदेशा भी जताया गया है। वहीं आज, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, ओडिशा और तेलंगाना में बिजली गिरने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
कहां हैं कोहरा छाने के आसार?
देश के कई हिस्सों में कोहरा छाने की शुरुआत हो चुकी है, वहीं आज, ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा पड़ने की भी आशंका हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते आने वाले दिनों में उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों के मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। जिसके कारण उत्तराखंड के पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। दिन के समय चटख धूप खिलने से मैदानों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने से उनसे सटे पहाड़ी इलाकों में सर्दी का सितम बरकरार है।
आज, 23 अक्टूबर, 2025 को उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। पहाड़ी जनपदों में बादल छाने से लेकर हल्की बारिश हो सकती है। अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज देखें तो, यहां के ऊंचाई वाले इलाकों इलाकों में कल, 22 अक्टूबर को बर्फबारी का दौर जारी रहा। कई जगहों पर तापमान शून्य डिग्री या उससे नीचे चला गया। लाहौल और स्पीति जिले के ताबो में सर्दी अपने चरम पर है। यहां का तापमान रात के समय माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शिमला मौसम केंद्र के मुताबिक, लाहौल और स्पीति जिले के ज्यादातर हिस्सों जैसे कोक्सर, सिस्सू, जिस्पा, गोंडला, तांदी और केलांग में बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला टॉप जैसे ऊंचे पहाड़ी दर्रों पर भी हिमपात हुआ।
शिमला मौसम केंद्र ने बताया कि कल, कुल्लू के कोठी में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद मनाली (12 मिमी), भरमौर (11.5 मिमी), केलोंग (6 मिमी), भुंतर (3.6 मिमी) और कुकुमशेरी (1.2 मिमी) दर्ज की गई।
वहीं देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर में प्रदूषण में अब सुधार होने की संभावना है। इसलिए कि बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर में हवाओं की रफ्तार आठ किमी प्रति घंटे से इजाफा होकर 12 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई है।
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। अधिकतम तापमान के 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने के आसार हैं, वहीं आसमान के साफ बने रहने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में बाढ़ और जलभराव का खतरा
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी दी है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के गुंटूर, प्रकाशम और नेल्लोर जिलों, रायलसीमा के चित्तूर और कुर्नूल जिलों में भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में अचानक बाढ़, जलभराव और छोटे नालों में उफान आ सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 22 अक्टूबर, 2025 को राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के ऊना में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 22 अक्टूबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक और रायलसीमा के अधिकतर इलाकों, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, कोंकण और गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कल कहां कितना बरसा पानी?
कल, 22 अक्टूबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के धर्मपुरी में 6 सेमी, यरकौड में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कार निकोबार में 4 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के काकीनाडा में 4 सेमी, ओंगोल में 3 सेमी, कवाली और नरसापुर प्रत्येक जगह 2 सेमी, लक्षद्वीप के मिनिकॉय में 4 सेमी, अगाथी में 3 सेमी, मध्य महाराष्ट्र के जलगांव में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।