बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ की आहट, 19 नवंबर को आंध्र तट के करीब पहुंचने की आशंका

उत्तर प्रदेश में 16-17 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी, आजमगढ़ में दृश्यता घटकर महज 50 मीटर दर्ज की गई।
अंडमान-निकोबार में 16 से 19 नवंबर तक व्यापक बारिश, 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट।
अंडमान-निकोबार में 16 से 19 नवंबर तक व्यापक बारिश, 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन तेजी से चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर, 19 नवंबर को आंध्र तट के करीब पहुंचने का अनुमान।

  • 17 नवंबर की शाम भीषण चक्रवाती तूफान बनेगा ‘अकवान’, 19 नवंबर तक अति भीषण तूफान बनने की आशंका जताई गई।

  • अंडमान-निकोबार में 16 से 19 नवंबर तक व्यापक बारिश, 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट।

  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 और 20 नवंबर को भारी बारिश की आशंका, तटीय आंध्र में भी वर्षा के आसार।

  • उत्तर प्रदेश में 16-17 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी, आजमगढ़ में दृश्यता घटकर महज 50 मीटर दर्ज की गई।

बंगाल की खाड़ी में मौसम ने करवट ले ली है। दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन अब तेजी से ताकत जुटा रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज, 16 नवंबर, 2026 को जारी ताजा अपडेट के अनुसार, यह प्रणाली आगे चलकर चक्रवाती तूफान और फिर भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का रूप ले सकती है।

इसके 19 नवंबर की रात तक आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचने के आसार हैं। इस दौरान दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में ठंड का असर बढ़ने के संकेत हैं। इस चक्रवाती तूफान का नाम 'अकवान' ईरान के द्वारा रखा गया है, जिसका फारसी भाषा में अर्थ 'बुरी सोच' या 'दुष्ट बुद्धि' वाला होता है।

डीप डिप्रेशन से तूफान बनने की तैयारी

मौसम विभाग के मुताबिक, 16 नवंबर की सुबह 5:30 बजे गहरा अवदाब यानी डीप डिप्रेशन बंगाल की खाड़ी के पास केंद्रित था। यह प्रणाली पिछले छह घंटों में आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ी है। इसकी स्थिति श्रीलंका के त्रिंकोमाली से करीब 630 किमी, अंडमान-निकोबार की राजधानी श्री विजयपुरम से 680 किमी और चेन्नई से लगभग 720 किमी दूर थी।

अनुमान है कि 16 नवंबर की शाम तक यह चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके बाद 17 नवंबर की शाम तक इसके भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदलने का अंदेशा है। मौसम विभाग ने आगे इसके और ताकतवर होकर 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचने का अनुमान जताया है। उस समय इसकी श्रेणी अति भीषण चक्रवाती तूफान की हो सकती है।

डीप डिप्रेशन की स्थिति श्रीलंका के त्रिंकोमाली से करीब 630 किमी, अंडमान-निकोबार की राजधानी श्री विजयपुरम से 680 किमी और चेन्नई से लगभग 720 किमी दूर थी।
डीप डिप्रेशन की स्थिति श्रीलंका के त्रिंकोमाली से करीब 630 किमी, अंडमान-निकोबार की राजधानी श्री विजयपुरम से 680 किमी और चेन्नई से लगभग 720 किमी दूर थी।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)

इसके साथ ही डीप डिप्रेशन से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है। इससे जुड़ा पूर्व-पश्चिमी ट्रफ मालदीव के उत्तरी हिस्सों तक फैली हुई है। यह वायुमंडलीय व्यवस्था मौसम में नमी और अस्थिरता बढ़ा रही है।

अंडमान में तेज हवा और बारिश

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 16 से 19 नवंबर तक व्यापक बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 16 और 17 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। झोंकों में हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अंडमान सागर और आसपास के समुद्री इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

तमिलनाडु से आंध्र तक बदलेगा मौसम

दक्षिण भारत में भी इस डीप डिप्रेशन का असर दिखाई देने लगेगा। 16 से 21 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 16 से 18 नवंबर तक वर्षा के आसार हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में 17 और 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत में कोहरा, पूर्व में रात का तापमान गिरा

बंगाल की खाड़ी में तूफानी हलचल के बीच उत्तर भारत का मौसम अलग रंग दिखा रहा है। उत्तर प्रदेश में 16 और 17 नवंबर को घना कोहरा छाने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सुबह दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई।

मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ इस समय ऊपरी स्तर पर ट्रफ के रूप में मौजूद है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में 0.9 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। ये मौसमी प्रणालियां उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर रही हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव

पूर्वी भारत में ओडिशा के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। 15 नवंबर, 2026 को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के मंडी में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

फिलहाल मौसम की सबसे बड़ी चिंता बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर होता चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ है। अगले तीन-चार दिन दक्षिण भारत के तटीय इलाकों के लिए अहम रहने वाले हैं। मछुआरों और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की जरूरत है।