चक्रवात ‘अकवान’ 20 नवंबर को आंध्र तट से टकराने के आसार, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा तूफान, 130 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार; दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी
चक्रवात अकवान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है।
चक्रवात अकवान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • चक्रवात अकवान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है।

  • तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की आशंका है।

  • ओडिशा के गंजाम, गजपति, पुरी समेत आठ जिलों में 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी।

  • तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई।

  • दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई।

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब गंभीर रूप लेने लगा है। समुद्र के ऊपर तेजी से ताकत जुटा रहा यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज, 17 नवंबर, 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को इसके नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकराने की आशंका है।

उस समय तूफान बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसकी रफ्तार 120 से 130 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि हवा के झोंके 145 किमी प्रति घंटे तक चल सकते हैं। तूफान का असर केवल आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर को तूफान बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से में केंद्रित था। पिछले छह घंटों में यह करीब 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा। इसके साथ ही पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। मौसम में इन प्रणालियों की मौजूदगी पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है।

17 और 19 नवंबर को बढ़ेगी तूफान की ताकत

मौसम विभाग के मुताबिक आज, 17 नवंबर की शाम तक ‘अकवान’ गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान बनने का अंदेशा है। लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए यह 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच नेल्लोर और तुनी के आसपास दस्तक दे सकता है।

लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए यह 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच नेल्लोर और तुनी के आसपास दस्तक दे सकता है  तूफान।
लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए यह 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच नेल्लोर और तुनी के आसपास दस्तक दे सकता है तूफान।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)

ओडिशा के आठ जिलों पर बारिश का खतरा

चक्रवात का सीधा टकराव भले ही आंध्र प्रदेश में होने की आशंका है, लेकिन इसका असर ओडिशा में भी दिखाई देगा। मौसम विभाग ने 19 नवंबर को गंजम, गजपति और पुरी के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

20 नवंबर को खतरा और बढ़ सकता है। इस दिन मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। इन पांचों जिलों को भी ऑरेंज अलर्ट के दायरे में रखा गया है। दक्षिण ओडिशा के जिलों में तेज बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बिगड़ेगा मौसम

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आसपास के समुद्री इलाकों के साथ दक्षिण-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर समेत इन राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी

चक्रवात से अलग उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में भी बदलाव के संकेत हैं। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में 17 से 22 नवंबर तक बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अलग-अलग दिनों में बारिश हो सकती है।

कहीं कड़ाके की ठंड, कहीं गर्मी का असर

देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का मिजाज भी बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश और रायलसीमा में अधिकतम तापमान सामान्य से माइनस 5 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा नीचे दर्ज किया गया। गुजरात के नलिया में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस हिमाचल प्रदेश के मंडी में दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में भी कई राज्यों में बड़ी गिरावट देखी गई। पूर्वी मध्य प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से माइनस 5 डिग्री या उससे अधिक नीचे रहा। वहीं, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।

फिलहाल ‘अकवान’ की दिशा और ताकत पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।