

कश्मीर में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री और शोपियां में माइनस 3.9 डिग्री दर्ज।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पाला बढ़ा, घाटियों में कोहरे की आशंका, दिन में धूप से मिल रही राहत।
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बढ़ी ठंड, सुबह हल्की धुंध और रात में गिर सकता है तापमान।
हिमाचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी, कई इलाकों में सुबह के समय घट सकती है दृश्यता।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में मौसम रहेगा सक्रिय।
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में खिली धूप लोगों को राहत दे रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड अब अपना असर दिखाने लगी है। पहाड़ों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में पाला पड़ने लगा है, जबकि पहाड़ी घाटियों में हल्का कोहरा छाने से जनजीवन और आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। मैदानी इलाकों में भी सुबह की ठिठुरन बढ़ रही है।
मौसम विभाग के द्वारा आज, 24 नवंबर, 2026 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में मौसम साफ रहने के बावजूद ठंडी हवाओं और गिरते तापमान से सर्दी का अहसास बढ़ेगा।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण का असर
मौसम में हो रहे इस बदलाव के पीछे ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय मौसमी प्रणालियां भी अहम भूमिका निभा रही हैं। मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में पश्चिमी विक्षोभ एक ट्रफ के रूप में मौजूद है।
इसके अलावा दक्षिण असम और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम में एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला है। उत्तर महाराष्ट्र और आसपास के हिस्सों में भी 3.1 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में बादल, बारिश, गरज-चमक और कोहरे की स्थितियां देखने को मिल रही हैं।
उत्तराखंड में दिन सुहावना, रातें सर्द
उत्तराखंड में दिनभर चटक धूप निकल रही है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक धूप के कारण दिन में मौसम सुहावना बना हुआ है। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। हालांकि सुबह और शाम होते ही ठंड का असर बढ़ जाता है। पर्वतीय इलाकों में रात और तड़के तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन तेज हो गई है। ऊंचाई वाले हिस्सों में पाला पड़ने लगा है, जबकि घाटियों में हल्का कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
हिमाचल में कोहरे की चेतावनी, बारिश के आसार नहीं
हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 29 नवंबर तक प्रदेश के सभी हिस्सों में बारिश की संभावना न के बराबर है। हालांकि 24 और 25 नवंबर की सुबह कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। इससे खासकर सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
कश्मीर में जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा पारा
जम्मू और कश्मीर में मंगलवार को मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। कश्मीर घाटी के कई इलाकों में इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं शोपियां सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा माइनस 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे जाने के कारण सुबह के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
यूपी से दिल्ली तक सुबह कोहरे का पहरा
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा छा सकता है।
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में भी ठंड बढ़ रही है। दिल्ली में दिन के समय आसमान साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है, लेकिन सुबह हल्की धुंध या कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन की धूप के बावजूद सुबह और रात की ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर भारत के उलट दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है। इन राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।
वहीं आज, तमिलनाडु और रायलसीमा में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी वज्रपात के आसार हैं। आंध्र प्रदेश में कुछ हिस्सों में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर में घने कोहरे की चेतावनी
असम और मेघालय में 24 और 25 नवंबर को घना कोहरा छाने की आशंका है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इन दो दिनों के दौरान कोहरे के चलते दृश्यता कम हो सकती है।
इस बीच, 23 नवंबर को तमिलनाडु के मदुरै में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मैदानी इलाकों में राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। कुल मिलाकर उत्तर भारत में सर्दी अब धीरे-धीरे अपना रंग दिखाने लगी है। पहाड़ों में पाला और मैदानों में कोहरा दस्तक दे रहे हैं, जबकि दक्षिण भारत में बारिश और आंधी का दौर मौसम की अलग तस्वीर पेश कर रहा है।