आज का मौसम: हिमाचल व पंजाब में शीत लहर का सितम, उत्तर-पश्चिम में गिरेगा पारा

29 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होकर पश्चिमी हिमालयी इलाकों के मौसम में बदलाव करने का पूर्वानुमान है।
जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
Published on

25 जनवरी 2025 का मौसम विभाग का ताजा अपडेट देखें तो फिलहाल देश के अधिकतर इलाकों में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। हालांकि निचले स्तरों पर पूर्वोत्तर असम के ऊपर एक चक्रवाती प्रसार लगातार जारी है।

वहीं 29 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होकर पश्चिमी हिमालयी इलाकों के मौसम में बदलाव करने का पूर्वानुमान है। इसके चलते 29 और 30 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है

तापमान में उतार-चढ़ाव

उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और आसपास के पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना हुआ है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान एक से पांच डिग्री, उत्तर-पश्चिम भारत के कई मैदानी इलाकों में यह पांच से 10 डिग्री, मध्य, पश्चिम और पूर्वी भारत के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, केरल के कन्नूर हवाई अड्डे में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

आने वाले दिनों में तापमान में उतार चढ़ाव संबंधी मौसम विभाग के पूर्वानुमान की बात करें तो अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे -धीरे दो डिग्री सेल्सियसकी की गिरावट आने का अनुमान है। वहीं, अगले तीन दिनों के दौरान मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

शीत लहर व सर्दी का सितम

तापमान में जारी गिरावट के चलते आज, यानी 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में लोगों को शीत लहर का कहर झेलना पड़ सकता है। वहीं कल, 24 जनवरी को भी हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्रचंड शीत लहर महसूस की गई। मौसम विभाग की मानें तो 25 और 26 जनवरी को बिहार के कुछ इलाकों में सर्दी का सितम रहेगा

कोहरे का कहर और दृश्यता में कमी

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, 26 जनवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा बिहार में, 27 जनवरी तक ओडिशा, असम और मेघालय तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में रात से सुबह के समय तक घने कोहरे से निजात मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं

वहीं आज सुबह, असम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा देखा गया तथा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा।

कोहरे की वजह से आज सुबह, ओडिशा के भुवनेश्वर और पुरी प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर, पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर, मालदा और हल्दिया प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर, बिहार के पूर्णिया और भागलपुर प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर, असम के तेजपुर में दृश्यता शून्य मीटर, धुबरी और मोहनबाड़ी प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर, त्रिपुरा के कैलाशहर में दृश्यता शून्य मीटर तथा अगरतला में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in