

दिल्ली-एनसीआर में सीजन की सबसे ठंडी सुबह, न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज, सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम।
मध्य भारत में शीतलहर की स्थिति, विशेषकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और राजस्थान में तापमान में गिरावट।
हिमाचल के लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान, तापमान –3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी।
देशभर में कोहरा और तापमान में उतार-चढ़ाव, जबकि उत्तर में ठंडी हवाएं और दक्षिण में बारिश का दौर जारी।
नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 12 नवंबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि इस समय देश के विभिन्न हिस्सों में कई चक्रवाती प्रसार सक्रिय हैं, जिनका असर देश के अलग-अलग हिस्सों के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है।
उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ा
उत्तर भारत में अब सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में नवंबर की ठंडी रातें अब दिसंबर जैसी महसूस हो रही हैं। 11 नवंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम था। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही।
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के कारण राजधानी का तापमान लुढ़क गया है। आज सुबह के समय हल्का कोहरा रहने के आसार हैं, जिसके बाद आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान के 27 डिग्री और न्यूनतम के 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
हिमाचल और उत्तराखंड में ठंड चरम पर
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में सर्दी लगातार बढ़ रही है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कुकुमसेरी में तापमान माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे कम तापमान रहा। प्रदेश में इस समय कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
हालांकि मौसम साफ रहने से दोपहर में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, लेकिन रात होते ही सर्दी फिर से बढ़ जाती है। राज्य में बारिश की कमी के कारण सूखी ठंड बढ़ गई है, जिससे खांसी-जुकाम जैसी बीमारियों में वृद्धि देखी जा रही है। सुंदरनगर और बिलासपुर में कल, 11 नवंबर को हल्का कोहरा देखा गया, जिससे सुबह के समय वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों तक पूरे राज्य में आसमान साफ रहेगा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं दिख रही है।
दूसरी ओर, उत्तराखंड में भी अब सुबह और शाम की ठंड बढ़ गई है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जैसे शहरों में दिन के समय हल्की धूप रहेगी, लेकिन शाम होते ही सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ेगी। पूरे राज्य में आज मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, 12 नवंबर, 2025 को छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और मध्य प्रदेश में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है।
मध्य भारत में शीतलहर के आसार
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने आज, 12 नवंबर को हल्की शीतलहर से लेकर तीव्र शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है। इसके अलावा 13 से 15 नवंबर तक भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में ठंड का असर जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी 12 से 15 नवंबर तक शीतलहर चलने के आसार हैं। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पाकिस्तान और उसके आसपास बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर और मध्य भारत में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार
जहां उत्तर भारत ठंड से ठिठुर रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा इन इलाकों में बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
केरल और द्वीप समूहों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में, त्रिपुरा और इसके आसपास, तथा बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्सों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इन मौसमी गतिविधियों की वजह से दक्षिणी राज्यों में नमी बढ़ रही है और बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज, 12 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने के आसार हैं। इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
अगले चार से पांच दिनों तक देश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। उत्तर और मध्य भारत में ठंडी हवाएं जारी रहेंगी, जिससे सुबह और रात के तापमान में गिरावट बनी रहेगी। वहीं दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा।
कुल मिलाकर नवंबर 2025 का दूसरा सप्ताह देश के लिए मौसम के लिहाज से काफी विविधतापूर्ण साबित हो रहा है। उत्तर और मध्य भारत में ठंडी हवाओं ने तापमान को काफी नीचे ला दिया है, जबकि दक्षिण भारत में सक्रिय चक्रवाती प्रसारों के कारण बारिश की स्थिति बनी हुई है। एक ओर हिमाचल और उत्तराखंड में पहाड़ों की ठंड लोगों को कंपा रही है, तो दूसरी ओर तमिलनाडु और केरल में झमाझम बारिश लोगों को राहत दे रही है।
नवंबर के इस बदलते मौसम में लोगों को चाहिए कि वे अपने क्षेत्र के स्थानीय मौसम बुलेटिन पर नजर रखें, सर्दी से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने, और दक्षिणी राज्यों में बारिश के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने का सुझाव दिया गया है।
कहा छाया कोहरा?
आज तड़के, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों, असम और मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।
कोहरे की वजह आज सुबह, जम्मू और कश्मीर-लद्दाख के उधमपुर में दृश्यता 500 मीटर, पंजाब के जालंधर, हलवारा आईएएफ और बठिंडा प्रत्येक जगह दृश्यता 500 मीटर, पश्चिमी राजस्थान के सूरतगढ़ में दृश्यता 500 मीटर, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के सिरसा में दृश्यता 500 मीटर, सफदरजंग में दृश्यता 500 मीटर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कानपुर में दृश्यता 500 मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 500 मीटर तथा मिजोरम के आइजोल में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 11 नवंबर, 2025 को तमिलनाडु के करूर परमथी में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में झारखंड के डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल 11 नवंबर, 2025 को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल तथा केरल और माहे के कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।