कहां तापमान माइनस में पहुंचा, कहां पड़ेगा कोहरा- जानिए आज का मौसम

सात जनवरी, 2026 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि आज, बिहार, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में शीत दिवस रहने की आशंका है।
आज सात जनवरी, 2026 को छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान और विदर्भ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है।
आज सात जनवरी, 2026 को छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान और विदर्भ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on
सारांश
  • पश्चिमी विक्षोभ और तेज जेट स्ट्रीम के प्रभाव से उत्तर भारत में शीतलहर और घना कोहरा बढ़ा।

  • उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में तापमान माइनस दो से दो डिग्री, पाला और फिसलन का खतरा।

  • हिमाचल और कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का येलो अलर्ट।

  • दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा में दृश्यता बेहद कम, सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित।

  • बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र के तेज होने से समुद्री इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी।

जनवरी की शुरुआत के साथ ही देश के बड़े हिस्से में मौसम ने सख्त रुख अपना लिया है। उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ, तेज उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के चलते घने कोहरे व बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी धीरे-धीरे ताकतवर होता जा रहा है, जिससे समुद्री इलाकों में तूफानी हवाओं और ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की गई है।

पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम का असर

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, सात जनवरी, 2026 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके साथ ही 12.6 किमी की ऊंचाई पर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम लगभग 130 नॉट की रफ्तार से सक्रिय है। इन दोनों मौसमी गतिविधियों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में कोहरे का कहर व शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है तथा तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है।

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड

आज, सात जनवरी, 2026 को उत्तराखंड में भीषण ठंड जारी रहने के आसार हैं। पहाड़ी और मैदानी दोनों इलाकों में ठंडी हवाएं, घना कोहरा और गिरता तापमान लोगों की रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित कर रहा है।

उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे पहाड़ी जिलों में सुबह का तापमान माइनस दो डिग्री से दो डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में पाला पड़ने का अंदेशा जताया गया है, जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है और यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, खज्जियार और अटल टनल रोहतांग के आसपास बर्फ गिरने से तापमान कई जगह शून्य से नीचे चला गया है।

वहीं, राज्य के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए 10 जनवरी तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 12 जनवरी तक राज्य के अधिकतर इलाकों में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है।

जम्मू और कश्मीर में सर्दी का कहर

जम्मू और कश्मीर में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार उत्तर, मध्य और दक्षिण कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 10 जनवरी तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। जम्मू में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आज, सात जनवरी की सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान लगभग सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से काफी कम है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर का सितम बढ़ गया है।

शीतलहर, शीत दिवस व कोहरे को लेकर मौसम विभाग की चेतावनियां

मौसम विभाग के अनुसार, आज सात जनवरी, 2026 को छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान और विदर्भ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है

वहीं आज, बिहार, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल व सिक्किम के कुछ हिस्सों में शीत दिवस या कोल्ड डे रहने की आशंका जताई गई है।

आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और पश्चिमी राजस्थान में घने कोहरे की आशंका जताई गई है। जबकि पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा भी पड़ सकता है

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री तक और गिर सकता है, इसके बाद लगभग पांच दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

वहीं, मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, फिर धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वी भारत में चार दिनों तक तापमान स्थिर रहने और बाद में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।

महाराष्ट्र और गुजरात में भी आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं, जबकि देश के बाकी हिस्सों में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, छह जनवरी, 2026 को केरल के कोच्चि में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिमी मध्य प्रदेश के राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

बंगाल की खाड़ी में मौसमी बदलाव

दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर बना कम दबाव सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती प्रसार 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटों में इसके डिप्रेशन में बदलने और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के आसार हैं।

इसके कारण नौ और 10 जनवरी को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, जबकि 11 जनवरी को कई इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं 10 जनवरी को केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है।

श्रीलंका के तट, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है। विभाग ने इन तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

कुल मिलाकर, देश के उत्तरी हिस्से में कड़ाके की ठंड, कोहरा और बर्फबारी ने जनजीवन को प्रभावित किया है, जबकि दक्षिणी समुद्री क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उचित उपाय करने की सलाह दी गई है।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in