

उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पंजाब में बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान का अंदेशा।
दिल्ली-एनसीआर में 23 जनवरी को मौसम अचानक बदलेगा, गरज के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने की आशंका, विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया।
हरियाणा और पंजाब में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, फसलों और जनजीवन पर असर के आसार।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह-रात घना कोहरा छाने के आसार, 24 से 26 जनवरी तक पश्चिमी राजस्थान में भी कोहरा।
इन दिनों उत्तर भारत का मौसम तेजी से बदल रहा है। इसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है। इसकी वजह से बारिश, बर्फबारी, आंधी और तूफान आ सकता है। इस समय एक नहीं बल्कि कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनका असर उत्तर भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और हिमालयी क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, 22 जनवरी, 2026 को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है, जो लगभग 3.1 किमी की ऊंचाई पर जारी है। इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में एक ट्रफ (दबाव की रेखा) बनी हुई है, जो लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई पर बहने वाली पश्चिमी हवाओं के साथ जुड़ी हुई है।
एक और पश्चिमी विक्षोभ पूर्वोत्तर ईरान के ऊपर सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में भी ऊपरी हवा में चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। वहीं उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बह रही है, जो मौसम को और अधिक सक्रिय बना रही है।
पहाड़ी क्षेत्रों पर असर
उपरोक्त मौसमी गतिविधियों को देखते हुए आज, 22 जनवरी, 2026 को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। साथ ही इन राज्यों के साथ-साथ पंजाब में भी आंधी-तूफान, बिजली गिरने व ओलावृष्टि होने का अंदेशा जताया गया है। हरियाणा में भी 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ वज्रपात तथा बारिश होने के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसमी बदलाव की बात करें तो पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
पिछले दो दिनों से दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहा है। तेज धूप के कारण दिन का अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर सात डिग्री सेल्सियस हो गया है। जिससे दिन में ठंडी हवाएं अब कम हो गई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक आज, 22 जनवरी, 2026 को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा। सुबह के समय हल्की हवाएं चल सकती हैं। दिन में धूप खिली रहेगी। जबकि 23 जनवरी को मौसम में अचानक बदलाव होने का पूर्वानुमान है। गरज के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इन सभी मौसमी गतिविधियों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिसके कारण ट्रैफिक जाम, जलभराव और उड़ानों पर असर पड़ सकता है।
कहां रहेगा कोहरे का कहर
वहीं आज, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। 24 से 26 जनवरी के बीच पश्चिमी राजस्थान में भी कोहरा छाने के आसार हैं। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग का पूर्वानुमान देखें तो आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान के दो से चार डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। इसके बाद के दो दिनों तक तापमान में एक बार फिर गिरने का पूर्वानुमान है।
मध्य भारत के तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। बाद में तापमान के लुढ़कने से हल्की ठंड बढ़ सकती है। महाराष्ट्र में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान के बढ़ने का अनुमान है। उसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
गुजरात में शुरुआत में तापमान स्थिर रहेगा। फिर थोड़ी गिरावट और बाद में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 21 जनवरी, 2026 को गुजरात के सूरत और कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
समुद्री इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। जबकि अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
कुल मिलाकर, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत में मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कहीं बारिश, कहीं ओलावृष्टि, तो कहीं कोहरा देखने को मिलेगा। दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है। ऐसे में सतर्क रहना और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखना बहुत जरूरी है।