उत्तर भारत में कोहरा-धुंध व सूखी सर्दी की मार, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार

19 दिसंबर, 2025 को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि 19 से लेकर 23 दिसंबर तक उत्तर के पहाड़ी राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश व बर्फबारी, पंजाब में भी बरस सकते हैं बादल
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के चलते येलो और रेड अलर्ट जारी किए गए हैं।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के चलते येलो और रेड अलर्ट जारी किए गए हैं।
Published on
सारांश
  • उत्तर भारत में घना कोहरा, सूखी सर्दी और बढ़ता प्रदूषण जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।

  • 19 से 23 दिसंबर तक पहाड़ी राज्यों में हल्की से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

  • उत्तराखंड और हिमाचल में लंबे सूखे के बाद ठंड, पाला और कोहरे से मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।

  • दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के चलते येलो और रेड अलर्ट जारी किए गए हैं।

  • पश्चिमी विक्षोभ और तेज जेट स्ट्रीम के कारण मौसम शुष्क, ठंडा और अस्थिर बना हुआ है।

देश के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में इस समय मौसम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। पहाड़ी राज्यों में जहां लंबे समय से बारिश और बर्फबारी नहीं होने से सूखे जैसे हालात बन गए हैं, वहीं मैदानों में घना कोहरा, ठंडी हवाएं और बढ़ता प्रदूषण लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में हल्का बदलाव संभव है, लेकिन अभी राहत सीमित ही रहने वाली है। उत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम जारी हैं, जिनकी रफ्तार 100 नॉट्स तक पहुंच रही है। जो सुखी सर्दी में आग में घी का काम कर रही है।

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 19 दिसंबर, 2025 को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि इस समय दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौजूद है, जबकि दूसरा जम्मू और कश्मीर के आसपास बना हुआ है। इन मौसमी गतिविधियों के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बादल छाए हुए हैं, लेकिन ज्यादातर इलाकों में अब तक बारिश या बर्फबारी नहीं हो पाई है। ऊपरी वायुमंडल में तेज पश्चिमी हवाएं भी चल रही हैं, जो मौसम के मिजाज को और सर्द बना रही हैं।

उत्तराखंड में सूखा और बढ़ती मुश्किलें

उत्तराखंड में लंबे समय से बारिश न होने के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पहाड़ों में ठंडी लेकिन सूखी सर्दी लोगों को परेशान कर रही है। वहीं मैदानों में बारिश के अभाव में धूल और धुएं के कण हवा में जमा हो गए हैं, जिससे वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है।

सुबह और रात के समय घना कोहरा छा जाने से दृश्यता बहुत कम हो जाती है। इसके कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने से फसलों को नुकसान हो रहा है और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि 21 दिसंबर के आसपास उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे कुछ राहत मिलने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम ज्यादातर शुष्क बना हुआ है। कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश या बर्फबारी नहीं हुई। राज्य के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जबकि मध्य और निचले इलाकों में भी ठंड काफी बढ़ गई है।

कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है, फिर भी ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 दिसंबर को ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

कश्मीर घाटी में ठंड की पकड़

कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड जारी है। बादलों के कारण दिन में धूप नहीं निकल पा रही है, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस की जा रही है। हालांकि रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई है और कई जगहों पर पारा शून्य डिग्री के आसपास बना हुआ है। 21 दिसंबर को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और आसपास के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी की चेतावनी दी गई है

दिल्ली-एनसीआर में कोहरा और प्रदूषण

दिल्ली और आसपास के इलाकों में घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय दृश्यता बहुत कम रही, जिससे हवाई और सड़क यातायात प्रभावित हुआ। आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता 100 मीटर तक गिर गई।

इसके साथ ही वायु प्रदूषण भी गंभीर बना हुआ है। ठंडी हवाओं और बारिश की कमी के कारण प्रदूषक कण हवा में फंसे हुए हैं। दिल्ली में आज, अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में हालात

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और अत्यधिक ठंड को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर ठंडा दिन और गंभीर ठंड की स्थिति बनी हुई है। पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अंदेशा है। वहीं 20 से 22 दिसंबर के दौरान पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद दो से तीन डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र और गुजरात में भी अगले कुछ दिनों में तापमान में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा, जबकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान के लगभग स्थिर रहने की संभावना है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 18 दिसंबर, 2025 को केरल के कोट्टायम में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में राजस्थान के नागौर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

दक्षिण भारत और समुद्री चेतावनी

दक्षिण भारत में केरल और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इसके कारण मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में तेज हवाएं चलने के आसार हैं। समुद्र में लहरें ऊंची रह सकती हैं, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

कुल मिलाकर देश के कई हिस्सों में सर्दी, कोहरा और सूखे ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। यात्रा के दौरान सतर्क रहें, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। आने वाले दिनों में हल्की राहत की उम्मीद जरूर है, लेकिन फिलहाल सर्दी का यह दौर चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in