

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया।
पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम के सक्रिय होने से उत्तर व पूर्व भारत में ठंड तेज हो गई है।
उत्तराखंड व हिमाचल में घना कोहरा, जबकि कई शहरों में न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस तक दर्ज।
दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा, सुबह-शाम हल्की धुंध और ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ेगी।
10 से 12 दिसंबर तक शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी, जबकि दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के मद्देनजर अलर्ट जारी।
भारत के उत्तरी, पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में दिसंबर की ठंड अपने चरम की ओर बढ़ रही है। पश्चिमी विक्षोभ, ठंडी हवाएं और उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम की सक्रियता के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 10 दिसंबर, 2025 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि कई राज्यों में पारा सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि कई इलाकों में घना कोहरा, शीतलहर और हिमपात के हालात बन गए हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि देशभर में मौसम का क्या हाल है और आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू
मध्य स्तरों पर पश्चिमी हवाओं में ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस गतिविधि के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
इसके अलावा उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम, जिसकी गति 120 नॉट्स तक पहुंच रही है, पूर्वी भारत के मैदानों के ऊपर सक्रिय है। यह उच्च स्तरीय हवा तापमान में गिरावट लाने और ठंडी स्थितियां उत्पन्न करने में अहम भूमिका निभा रही है। इन दोनों गतिविधियों के कारण हवा की दिशा, नमी और तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है।
उत्तराखंड: घना कोहरा और कड़कड़ाती ठंड
मौसम विभाग के अनुसार,10 दिसंबर की सुबह उत्तराखंड के अधिकांश इलाकों में बेहद ठंड के साथ शुरू हुई। देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर, काशीपुर, कोटद्वार और ऋषिकेश जैसे मैदानी इलाकों में तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। वहीं नमी के 90 फीसदी तक पहुंचने की संभावना है, जिससे सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाए रहने के आसार हैं।
इन परिस्थितियों के चलते दृश्यता प्रभावित होने के आसार हैं, जिससे यातायात पर भी असर पड़ सकता है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे सर्दी का प्रकोप और बढ़ेगा।
हिमाचल प्रदेश: फिलहाल साफ मौसम, 14 दिसंबर से बदलाव
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ और स्थिर बना हुआ है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना अगले कुछ दिनों तक नहीं है। हालांकि, 14 दिसंबर से मौसम बदलने की संभावना है। वहीं आज, 10 दिसंबर को ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश के 23 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मनाली, ऊना और धर्मशाला का तापमान भी शिमला से कम रहा। लाहौल-स्पीति में पारा फिर से शून्य से नीचे पहुंच गया है। इससे साफ है कि प्रदेश में ठिठुरन बढ़ रही है और आने वाले दिनों में बर्फबारी का दौर पर्यटन को एक बार फिर बढ़ावा दे सकता है।
जम्मू-कश्मीर: रिकॉर्ड तोड़ ठंड, कई जगह तालाब जमे
कश्मीर घाटी में सर्दी अपने चरम पर है। घाटी के कई शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। श्रीनगर में तापमान माइनस 3.7 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड और कुपवाड़ा में माइनस 3.6 डिग्री, पहलगाम में माइनस 4.8 डिग्री,गुलमर्ग में माइनस 2.5 डिग्री, पुलवामा में माइनस 5.1 डिग्री तथा कोकरनाग में तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लगातार गिरते तापमान के कारण तालाबों का पानी जमने लगा है और घरों में भीषण ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में बारिश व बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहेंगी।
दिल्ली: शुष्क मौसम जारी, सुबह-शाम बढ़ी ठंड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने 12 दिसंबर तक मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई है। सुबह और रात के समय हल्की धुंध या कुहासा देखने को मिलेगा। अधिकतम तापमान के 25 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में ठंडी हवाओं का असर बढ़ रहा है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहने का अनुमान जताया गया है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट, फिर अगले पांच दिनों में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
वहीं मध्य भारत में अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है, फिर दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। हालंकि कि अन्य राज्यों के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, नौ दिसंबर, 2025 को कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
शीतलहर की चेतावनी
10 से 12 दिसंबर के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र (मध्य व मराठवाड़ा क्षेत्र), तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक तथा विदर्भ में शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है। इन सभी राज्यों में सुबह और रात में सर्दी का सितम और अधिक बढ़ेगा।
घने कोहरे की चेतावनी
आज, 10 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश, ओडिशा में 10 व 11 दिसंबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 13 दिसंबर तक तथा असम और मणिपुर में 10 से 14 दिसंबर तक घने कोहरे की आशंका जताई गई है।
दक्षिण भारत: समुद्र में तेज हवाएं, सतर्कता जरूरी
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम इलाकों में 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला पूर्वी हवाओं का एक ट्रफ भी बना हुआ है, जो दक्षिण भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु तट, श्रीलंका तट, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 55 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्र में जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिसंबर के दूसरे हफ्ते में देश के कई हिस्सों में ठंड अपने चरम पर पहुंच रही है। उत्तर भारत में बर्फबारी और शीतलहर की स्थितियां बन रही हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में पर्यटकों के लिए बर्फबारी का इंतजार कुछ ही दिनों में खत्म हो सकता है।
वहीं मध्य और दक्षिण भारत में भी तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। आने वाले दिनों में मौसम में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।