चक्रवात 'हामून' अपडेट: पूर्वोत्तर के इन राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश

मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 25 अक्टूबर की शाम तक पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश तथा उत्तरी म्यांमार तटों पर न जाएं
चक्रवात 'हामून' अपडेट: पूर्वोत्तर के इन राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ हल्की से भारी बारिश
Published on

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य स्तरों तक फैले चक्रवाती प्रसार के साथ यमन पर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है।

तटीय बांग्लादेश के ऊपर बना चक्रवाती तूफान "हामून" पिछले छह घंटों के दौरान 10 किमी प्रति घंटे की गति के साथ लगभग उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ गया है। अब यह एक डिप्रेशन या गहरे दबाव में बदलकर कमजोर पड़ गया है।

आज यानी, 25 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार 08:30 बजे यह दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और निकटवर्ती मिजोरम पर केंद्रित रहा। यह बांग्लादेश के चटगांव से लगभग 60 किमी पूर्व और मिजोरम के आइजोल से 150 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में है।

इसके उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों के दौरान कमजोर होकर डिप्रेशन या अवसाद में बदलने और उसके बाद के छह घंटों के दौरान अच्छी तरह से कम दबाव के क्षेत्र में बदलने के आसार हैं।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तथा दक्षिणी असम और मेघालय के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका जताई है

वहीं आज और कल नागालैंड, मणिपुर और पूर्वी अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

आज शाम तक, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं। उसके बाद अगले 12 घंटों तक 25 से 35 किमी प्रति घंटे से लेकर 45 किमी प्रति घंटे तक की गति से तूफानी हवाओं के चलने की आशंका है।

वहीं आज मणिपुर में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 25 अक्टूबर की शाम तक पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश तथा उत्तरी म्यांमार तटों पर न जाएं।

पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल रही है और आज शाम तक धीरे-धीरे इनकी गति के कम होकर 25 से 35 किमी प्रति घंटे से 45 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं और उसके बाद इनमें और कमी आएगी।

वहीं बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार तटों के पास और आसपास 40 से 50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं आज शाम तक हवा की गति धीरे-धीरे कम होकर 25 से 35 किमी प्रति घंटे से 45 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। उसके बाद इन हवाओं में और भी कमी आएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश तथा आसपास के उत्तरी म्यांमार तटों के पास अगले छह घंटों के दौरान समुद्र की स्थिति खराब रहेगी और उसके बाद इसमें सुधार होगा।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in