इबोला का डंक: सिर्फ महामारी नहीं, 10 लाख जिंदगियों को गरीबी के दलदल में धकेलने वाली मानवीय त्रासदी

संयुक्त राष्ट्र की नई रिपोर्ट में सामने आया है कि इबोला की वजह से 9.85 लाख लोग गरीबी के भंवर जाल में फंस सकते हैं। साथ ही इससे अफ्रीका की अर्थव्यवस्था को 34,250 करोड़ रुपए की चपत लग सकती है
फोटो: आईस्टॉक
फोटो: आईस्टॉक
Published on
सारांश
  • इबोला को अक्सर एक घातक संक्रामक बीमारी के रूप में देखा जाता है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र की नई रिपोर्ट बताती है कि इसका सबसे गहरा घाव समाज और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

  • रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा प्रकोप के कारण अफ्रीका में 9.85 लाख लोग गरीबी के दलदल में धकेले जा सकते हैं, जबकि महाद्वीप की अर्थव्यवस्था को 360 करोड़ डॉलर (करीब 34,250 करोड़ रुपये) तक का नुकसान होने की आशंका है।

  • संक्रमण रोकने के लिए लगाए गए यात्रा प्रतिबंध, सीमाओं पर सख्ती और व्यापार में रुकावट ने लाखों लोगों, खासकर दिहाड़ी मजदूरों, छोटे कारोबारियों और महिलाओं की आजीविका पर गहरी चोट पहुंचाई है।

  • स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ते दबाव के कारण मलेरिया, डायरिया और मातृ-शिशु स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे हजारों नवजातों की जान जोखिम में है।

  • संयुक्त राष्ट्र ने चेताया है कि यदि समय रहते व्यापक सामाजिक और आर्थिक सहायता नहीं दी गई, तो यह संकट अस्पतालों से निकलकर भूख, बेरोजगारी, शिक्षा और असमानता की लंबी त्रासदी में बदल सकता है। संदेश स्पष्ट है, इबोला से लड़ाई केवल दवाओं और अस्पतालों में नहीं, बल्कि लोगों की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहारे को बचाकर ही जीती जा सकती है।

इबोला का नाम सुनते ही सबसे पहले मौत और भय की तस्वीर सामने आती है। लेकिन इस बार खतरा केवल मरीजों की संख्या और मौतों के आंकड़े तक सीमित नहीं है। अस्पतालों में फैलती बीमारी अब खेतों, बाजारों, स्कूलों और घरों तक पहुंच चुकी है। यह लोगों की जान के साथ-साथ उनकी जीविका, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाओं और वर्षों की विकास यात्रा को भी निगलने लगी है।

संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) ने चेतावनी दी है कि यह संकट सिर्फ एक मेडिकल इमरजेंसी नहीं है। यह एक ऐसा आर्थिक-सामाजिक चक्रवात है जिसके मौजूदा प्रकोप को यदि जल्द न रोका गया, तो इसकी वजह से और 9.85 लाख लोग गरीबी के दलदल फंस सकते हैं।

इतना ही नहीं, अफ्रीका की अर्थव्यवस्था को इस बीमारी की वजह से 360 करोड़ डॉलर (करीब 34,250 करोड़ रुपए) तक का नुकसान हो सकता है। साथ ही लाखों लोगों की रोजी-रोटी संकट में पड़ सकती है।

अस्पताल के दरवाजे पर खत्म नहीं होता इबोला का दर्द

यूएनडीपी की ताजा रिपोर्ट 'रैपिड सोशियो इकोनॉमिक असेसमेंट ऑफ इबोला आउटब्रेक इन द डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो' के मुताबिक, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) में फैला बुंडीबुग्यो इबोला वायरस अब केवल स्वास्थ्य संकट नहीं रह गया। इसके आर्थिक और सामाजिक असर पड़ोसी देशों युगांडा, रवांडा और दक्षिण सूडान तक महसूस किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें
इबोला और मारबर्ग जैसी घातक बीमारियों से लड़ने के लिए डब्ल्यूएचओ ने जारी की नई गाइडलाइन
फोटो: आईस्टॉक

रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमण रोकने के लिए लगाए गए यात्रा प्रतिबंध, सीमाओं पर कड़ी निगरानी, व्यापार में रुकावट और स्थानीय बाजारों के ठप होने से लाखों लोगों की आय प्रभावित हो रही है। सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को हो रहा है, जिनकी रोजी-रोटी दिहाड़ी, छोटे कारोबार या अनौपचारिक क्षेत्र पर निर्भर है।

इस मानवीय संकट की गहराई को समझाते हुए संयुक्त राष्ट्र की सहायक महासचिव और यूएनडीपी अफ्रीका की क्षेत्रीय निदेशक अहुन्ना एजियाकोनवा कहती हैं, "इबोला का असर अस्पताल के गेट पर आकर रुक नहीं जाता। यह लोगों की आजीविका, बच्चों की पढ़ाई, थाली के भोजन, व्यापार और आपसी भरोसे पर सीधा वार करता है। अगर हम इसे सिर्फ एक बीमारी समझकर इलाज करते रहे, तो हम इसके पीछे पनप रहे बहुत बड़े मानवीय संकट को नजरअंदाज कर देंगे।"

महिलाओं पर टूटी दोहरी मार: ममता के साथ संकट में आजीविका

इस रिपोर्ट का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इस त्रासदी की सबसे भारी कीमत महिलाओं को चुकानी पड़ रही है। समाज में अपनी भूमिका और आर्थिक स्थिति के कारण वे इस संकट के सबसे संवेदनशील मोड़ पर खड़ी हैं।

यह भी पढ़ें
अफ्रीका में 63 फीसदी बढ़े जूनोटिक डिजीज के मामले, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने किया आगाह
फोटो: आईस्टॉक

एक तरफ जहां महिलाएं ही फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ता के रूप में मरीजों की जान बचा रही हैं और घरों में बीमारों की देखभाल कर रही हैं, जिससे उनके संक्रमित होने का खतरा सबसे ज्यादा है। वहीं दूसरी तरफ, अफ्रीका में सीमाओं पर होने वाले छोटे-मोटे स्थानीय व्यापार में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा है। लॉकडाउन और सीमाओं के बंद होने से उनकी रोज की कमाई का जरिया पूरी तरह छिन गया है।

स्वास्थ्य प्रणालियों के ढहने से मासूमों पर मंडराता काल

इबोला की लड़ाई में अस्पताल, डॉक्टर और दवाइयां इस कदर व्यस्त हो चुके हैं कि आम लेकिन जानलेवा बीमारियों (जैसे मलेरिया और डायरिया) का बुनियादी इलाज पूरी तरह ठप हो गया है। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि चिकित्सा सेवाएं बाधित होने के कारण कांगो में 2,520 मासूम नवजात शिशुओं की असमय मौत हो सकती है, जिन्हें सामान्य दिनों में आसानी से बचाया जा सकता था। 

तबाही के तीन डरावने परिदृश्य

संयुक्त राष्ट्र ने इस संकट के बढ़ने की रफ्तार को तीन अलग-अलग स्तरों पर आंका है। अगर यह वायरस कांगो और युगांडा तक ही सीमित रहता है, तब भी कांगो की अर्थव्यवस्था को 100 करोड़ डॉलर का नुकसान होगा और 55,000 लोग बेरोजगार हो जाएंगे।

वहीं यदि पाबंदियों के कारण अफ्रीका के आंतरिक बाजारों और व्यापार में रुकावट आती है, तो अफ्रीका में 237 करोड़ डॉलर का झटका लगेगा और सबसे कमजोर परिवारों के दैनिक भोजन-पानी में भारी कटौती आएगी।

यह भी पढ़ें
सावधान! अगले तीन दशकों में 12 गुणा अधिक जानें ले सकती हैं कुछ जूनोटिक बीमारियां
फोटो: आईस्टॉक

रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे कमजोर 20 फीसदी परिवारों की दैनिक खपत में 1.76 फीसदी तक गिरावट आ सकती है। यह सुनने में भले छोटी लगे, लेकिन ऐसे परिवारों के लिए इसका मतलब है कम भोजन, अधूरी पढ़ाई, इलाज टालना और कर्ज के बोझ तले दब जाना।

सबसे खराब स्थिति तब होगी जब यह संक्रमण रवांडा और अंगोला तक फैल जाए, ऐसी स्थिति में अफ्रीका को 360 करोड़ डॉलर का नुकसान झेलना पड़ेगा और 328,000 नौकरियां हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगी। 

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, 15 मई 2026 को घोषित इस प्रकोप में अब (30 जून 2026) तक 1,354 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 401 लोगों की मौत हो चुकी है। यह संक्रमण बुंडीबुग्यो इबोला वायरस स्ट्रेन से फैल रहा है, जिसके लिए अभी तक कोई पूरी तरह प्रभावी और व्यापक रूप से स्वीकृत टीका या उपचार उपलब्ध नहीं है।

युगांडा में भी संक्रमण के कुछ मामले सामने आए हैं और विशेषज्ञों ने इसके अन्य पड़ोसी देशों तक फैलने की आशंका जताई है।

समाधान की राह: सिर्फ दवा नहीं, 'संबल' की जरूरत

यूएनडीपी के कांगो प्रतिनिधि डेमियन मामा का कहना है कि अगर हम अभी एकजुट होकर संसाधन नहीं जुटाते, तो यह स्वास्थ्य संकट पूरे महाद्वीप के लिए एक अंतहीन आर्थिक अंधकार बन जाएगा। इस संकट से उबरने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने पारंपरिक तरीकों से हटकर सोचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें
प्लेग, रेबीज, निपाह, कोविड-19...कैसे बदलती जलवायु में बढ़ रहा जूनोटिक बीमारियों का खतरा
फोटो: आईस्टॉक

सबसे पहले, सबसे गरीब और महिला मुखिया वाले परिवारों के खातों में सीधे पैसे भेजे जाएं ताकि महामारी के बीच उनके घर का चूल्हा जलता रहे। दूसरा, सीमाओं को पूरी तरह बंद करने के बजाय वहां सख्त स्क्रीनिंग और 'स्मार्ट' बॉर्डर नीतियां लागू की जाएं, ताकि गरीब महिलाएं सुरक्षित तरीके से अपनी छोटी-मोटी व्यावसायिक गतिविधियां जारी रख सकें। अंत में, इबोला की लड़ाई के बीच गर्भवती महिलाओं और नवजातों के इलाज के बजट को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए ताकि कोई और मासूम व्यवस्था की बलि न चढ़े। 

यह समय केवल वायरस को मारने वाली वैक्सीन ढूंढने का नहीं है, बल्कि समाज के उस सबसे कमजोर हिस्से को हाथ थामकर खड़े करने का है, जो इस बीमारी की आर्थिक मार से अंदर तक टूट रहा है।

इबोला ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि महामारी केवल वायरस नहीं फैलाती, बल्कि गरीबी, भूख, बेरोजगारी और असमानता को भी तेजी से बढ़ाती है। इसलिए इस संकट से लड़ाई केवल दवाओं से नहीं, बल्कि लोगों की आजीविका और सामाजिक सुरक्षा को बचाकर ही जीती जा सकती है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in