खसरा व रूबेला पर दुनिया की नजर: टीकाकरण से घटे वायरस के रूप, लेकिन निगरानी में बड़ी चूक

महामारी के बाद खसरे ने फिर पकड़ी रफ्तार, 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज; रूबेला की असली तस्वीर अब भी धुंधली
खसरे का वैश्विक खतरा फिर बढ़ा: 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज, महामारी के बाद संक्रमण ने दोबारा पकड़ी रफ्तार।
खसरे का वैश्विक खतरा फिर बढ़ा: 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज, महामारी के बाद संक्रमण ने दोबारा पकड़ी रफ्तार।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज, महामारी के बाद संक्रमण ने दोबारा पकड़ी रफ्तार।

  • 2021 के बाद दुनिया में केवल बी3 और डी 8 वायरस के रूप मिले।

  • 2022 से 2025 के बीच वैश्विक डेटाबेस में रूबेला के केवल 59 आनुवंशिक नमूने दर्ज हुए।

  • 2000 में 865 मामले थे, जो 2025 में बढ़कर 19,669 तक पहुंच गए।

  • विशेषज्ञों ने प्रयोगशालाओं की क्षमता बढ़ाने, जीनोम सीक्वेंसिंग और नियमित टीकाकरण मजबूत करने की अपील की।

दुनिया ने कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को बचाने की बड़ी लड़ाई लड़ी। लेकिन इस दौर में बच्चों के नियमित टीकाकरण और संक्रामक बीमारियों की निगरानी पर भी असर पड़ा। अब इसका असर खसरा और रूबेला जैसी बीमारियों के आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। जर्नल 'वैक्सीन्स' में प्रकाशित एक अंतरराष्ट्रीय समीक्षा ने 2000 से 2025 तक के वैश्विक आंकड़ों का विश्लेषण कर बताया है कि खसरे के मामले महामारी से पहले के स्तर पर लौट आए हैं। दूसरी ओर, रूबेला की निगरानी इतनी कमजोर है कि उसके वास्तविक प्रसार का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है।

2025 में खसरे के 4.11 लाख मामले

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में दुनिया भर में खसरे के 4,11,913 मामले दर्ज किए गए। यह संख्या महामारी से पहले के स्तर के करीब है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का अनुमान है कि दुनिया में खसरे के वास्तविक मामलों में से केवल पांच प्रतिशत के आसपास ही आधिकारिक रिकॉर्ड तक पहुंच पाते हैं। यानी बीमारी का फैलाव सरकारी आंकड़ों में दिखने वाली तस्वीर से कहीं बड़ा हो सकता है।

महामारी के दौरान बच्चों के नियमित टीके छूटने से शरीर में संक्रमण के खिलाफ सुरक्षा कमजोर हुई। यही प्रतिरक्षा की कमी अब खसरे के दोबारा फैलने की बड़ी वजह मानी जा रही है।

यूरोप में 2024 के दौरान खसरे के डेढ़ लाख से अधिक मामले सामने आए, जो 1997 के बाद सबसे ज्यादा थे। 2025 में इनमें करीब 75 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। इसके उलट, अमेरिका में 2025 के दौरान मामले बढ़े। अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया में 2023 की तेजी के बाद मामलों में कमी देखी गई।

24 में से अब केवल दो जीनोटाइप

इस अध्ययन का एक दिलचस्प निष्कर्ष यह है कि खसरे के वायरस की आनुवंशिक विविधता लगातार घट रही है। कभी दुनिया में खसरे के 24 जीनोटाइप पहचाने गए थे, लेकिन 2021 के बाद केवल दो जीनोटाइप- बी3 और डी8 ही दर्ज किए गए हैं।

इसे टीकाकरण की सफलता का संकेत माना जा सकता है, क्योंकि वायरस को फैलने के कम मौके मिल रहे हैं। लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है। जब वायरस के रूप कम रह जाते हैं, तो अलग-अलग संक्रमण शृंखलाओं और उनके स्रोतों की पहचान करना मुश्किल हो सकता है।

यह भी पढ़ें
अमेरिका में खसरे का कहर: 30 साल बाद न्यूयॉर्क में बच्चे की मौत, टीकाकरण पर फिर छिड़ी बहस
खसरे का वैश्विक खतरा फिर बढ़ा: 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज, महामारी के बाद संक्रमण ने दोबारा पकड़ी रफ्तार।

डी8 वर्ष 2018 से दुनिया में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला जीनोटाइप रहा है। 2025 में अमेरिका क्षेत्र में खसरे के लगभग सभी आनुवंशिक रूप से पहचाने गए मामलों में यही जीनोटाइप मिला। वहीं, बी3 का प्रसार पूर्वी भूमध्यसागरीय क्षेत्र में अधिक रहा।

रूबेला की निगरानी में बड़ा अंधेरा

खसरे के मुकाबले रूबेला की स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। वैश्विक डेटाबेस में रूबेला के वायरस की आनुवंशिक जांच से जुड़े नमूने खसरे के मुकाबले लगभग दसवें हिस्से के बराबर हैं। कई वर्षों में रूबेला के दर्ज मामलों में से एक हजार में एक से भी कम की आनुवंशिक जांच हो पाई।

यह भी पढ़ें
खसरे के वायरस से हो सकता है जानलेवा दिमागी बुखार का खतरा: शोध
खसरे का वैश्विक खतरा फिर बढ़ा: 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज, महामारी के बाद संक्रमण ने दोबारा पकड़ी रफ्तार।

2022 से 2025 के बीच रूबेला के केवल 59 आनुवंशिक नमूने दर्ज किए गए। इनमें से महज छह नमूने 2025 के थे। इस वजह से वैज्ञानिक यह पक्के तौर पर नहीं कह सकते कि वायरस के कुछ पुराने जीनोटाइप खत्म हो गए हैं या निगरानी की कमी के कारण उनकी पहचान नहीं हो पा रही है।

अफ्रीका में रूबेला के मामले 2000 में 865 थे, जो 2025 में बढ़कर 19,669 हो गए। नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका और युगांडा में इसके प्रकोप दर्ज किए गए। इसके उलट, यूरोप और अमेरिका क्षेत्र में 2000 के मुकाबले मामलों में करीब एक हजार गुना कमी आई।

यह भी पढ़ें
दुनिया के 1.35 करोड़ बच्चों को नहीं लगा कोई टीका, सुधार के बावजूद चुनौतियां बरकरार
खसरे का वैश्विक खतरा फिर बढ़ा: 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज, महामारी के बाद संक्रमण ने दोबारा पकड़ी रफ्तार।

सिर्फ टीका नहीं, मजबूत निगरानी भी जरूरी

इस समीक्षा में ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेअचएसए), विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), पैन अमेरिकी स्वास्थ्य संगठन और ट्यूनिस के पाश्चर संस्थान सहित कई देशों के विशेषज्ञ शामिल थे। शोधकर्ताओं ने डब्ल्यूएचओ के वैश्विक खसरा-रूबेला प्रयोगशाला नेटवर्क की भूमिका और उसकी चुनौतियों का भी विश्लेषण किया।

विशेषज्ञों का कहना है कि केवल मामलों की गिनती पर्याप्त नहीं है। वायरस के आनुवंशिक बदलावों पर नजर रखना भी जरूरी है। इसके लिए प्रयोगशालाओं की क्षमता बढ़ानी होगी, आधुनिक सीक्वेंसिंग तकनीक अपनानी होगी और देशों के बीच आंकड़ों का नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित करना होगा।

यह भी पढ़ें
50 साल के दौरान समय पर टीकाकरण से बच गई 15 करोड़ जानें
खसरे का वैश्विक खतरा फिर बढ़ा: 2025 में दुनिया भर में 4.11 लाख मामले दर्ज, महामारी के बाद संक्रमण ने दोबारा पकड़ी रफ्तार।

पूरे वायरस के जीनोम की जांच यानी होल जीनोम सीक्वेंसिंग से संक्रमण के फैलाव की कड़ियों को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है। हालांकि, इसकी लागत, तकनीकी विशेषज्ञता और संसाधनों की कमी बड़ी बाधाएं हैं।

टीकाकरण में ढिलाई की गुंजाइश नहीं

अध्ययन में अब तक खसरे के ऐसे किसी वायरस स्ट्रेन की पहचान नहीं हुई है जो टीके से मिलने वाली सुरक्षा को बेअसर कर सके। इसका मतलब है कि टीकाकरण आज भी बचाव का सबसे मजबूत हथियार है।

संदेश साफ है- महामारी का दौर भले पीछे छूट गया हो, लेकिन उससे पैदा हुई स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। बच्चों का हर जरूरी टीका समय पर लगना चाहिए और संदिग्ध मामलों की तुरंत जांच होनी चाहिए। खसरा और रूबेला से मुक्ति केवल अस्पतालों और प्रयोगशालाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकारों, स्वास्थ्यकर्मियों और समाज की साझा जवाबदेही है। वायरस पर जीत के लिए टीके की सुई के साथ निगरानी की नजर भी तेज रखनी होगी।