

समुद्र का जलस्तर सालाना चार मिलीमीटर से अधिक बढ़ रहा है, रफ्तार दोगुनी से ज्यादा हुई।
अध्ययन में शामिल 34,120 प्रजातियों में से 14,300 से 15,300 के आवास डूब सकते हैं।
57 से 63 प्रतिशत पक्षियों की प्रजातियां समुद्र के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित हो सकती हैं।
अधिक उत्सर्जन की स्थिति में 2100 तक 109 प्रजातियां अपना 10 प्रतिशत से अधिक आवास खो सकती हैं।
वन्यजीवों के संभावित सुरक्षित ठिकानों में 96 प्रतिशत से अधिक मौजूदा संरक्षित क्षेत्रों से बाहर हैं।
समुद्र का पानी धीरे-धीरे ही सही, लेकिन लगातार ऊपर चढ़ रहा है। इसका असर केवल समुद्र किनारे बसे शहरों, गांवों और द्वीपों तक सीमित नहीं रहेगा। धरती पर रहने वाले हजारों जीव-जंतुओं का घर भी पानी में डूबने की आशंका है। एक नए वैज्ञानिक अध्ययन ने चेतावनी दी है कि समुद्र का बढ़ता जलस्तर आने वाले दशकों में दुनिया की जैव विविधता के लिए बड़ा संकट बन सकता है।
‘साइंस’ पत्रिका में प्रकाशित इस अध्ययन के मुताबिक, दुनिया की करीब 34,120 स्थलीय कशेरुकी प्रजातियों पर समुद्र के बढ़ते जलस्तर का असर पड़ सकता है। इनमें पक्षी, स्तनधारी, सरीसृप और उभयचर शामिल हैं। वैज्ञानिकों ने वर्ष 2050 और 2100 तक के संभावित हालात का आकलन किया है। उनका निष्कर्ष साफ है-समुद्र का बढ़ता पानी कई जीवों के रहने, भोजन खोजने और प्रजनन करने के ठिकाने छीन सकता है।
30 साल में दोगुनी से ज्यादा हुई रफ्तार
समुद्र का जलस्तर बढ़ने की रफ्तार अब चार मिलीमीटर सालाना से अधिक हो चुकी है। यह 1993 से 2002 के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि निकट भविष्य में यह रफ्तार बढ़कर 10 मिलीमीटर सालाना तक पहुंच सकती है।
सुनने में चार या 10 मिलीमीटर बहुत कम लग सकते हैं, लेकिन लगातार बढ़ता यह पानी तटीय इलाकों की तस्वीर बदल सकता है। छोटे द्वीपों, दलदली जमीनों और समुद्र के किनारे बसे जंगलों के लिए यह खतरा खास तौर पर गंभीर है। इन इलाकों में रहने वाले जीवों के पास सुरक्षित जगह की ओर जाने के विकल्प भी बहुत कम हैं।
14 हजार से ज्यादा प्रजातियों पर खतरा
अध्ययन के अनुसार, जिन 34,120 प्रजातियों का विश्लेषण किया गया, उनमें से करीब 14,300 से 15,300 प्रजातियों के प्राकृतिक आवास का कुछ हिस्सा समुद्र के पानी में डूब सकता है। यह आंकड़ा अलग-अलग उत्सर्जन परिदृश्यों के आधार पर बदलता है।
पक्षियों की 57 से 63 प्रतिशत प्रजातियां, स्तनधारियों की 47 से 52 प्रतिशत, सरीसृपों की 28 से 36 प्रतिशत और उभयचरों की 20 से 24 प्रतिशत प्रजातियां प्रभावित हो सकती हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि कुछ जीवों का संकट बहुत गहरा होगा। अध्ययन के मुताबिक, अधिक उत्सर्जन वाले परिदृश्य में वर्ष 2100 तक 109 प्रजातियां अपने 10 प्रतिशत से ज्यादा प्राकृतिक आवास गंवा सकती हैं। साल 2050 तक ऐसी प्रजातियों की संख्या 18 रहने का अनुमान है।
वर्म लिजर्ड, कैटालिना चकवाला और रेस्टिंगा टोडलेट जैसे जीवों के लिए खतरा और बड़ा है। अनुमान है कि 2100 तक ये अपनी लगभग आधी प्राकृतिक रहने की जगह खो सकते हैं।
छोटे द्वीपों पर रहने वाले जीव ज्यादा बेबस
समुद्र के बढ़ते जलस्तर का सबसे ज्यादा असर उन जीवों पर पड़ सकता है, जिनका पूरा जीवन छोटे द्वीपों या सीमित तटीय इलाकों पर निर्भर है। द्वीपों की जमीन कम होती है और समुद्र से उनका संपर्क ज्यादा। ऐसे में पानी का थोड़ा-सा बढ़ना भी उनके बड़े हिस्से को डुबो सकता है।
दक्षिण-पूर्व एशिया को संकटग्रस्त और सीमित क्षेत्र में पाई जाने वाली प्रजातियों के लिए बड़ा खतरा क्षेत्र माना गया है। वहीं, अमेजन नदी के डेल्टा में सबसे ज्यादा प्रजातियों के आवासों पर बाढ़ का असर पड़ने की आशंका है। अनुमान है कि 2050 तक वहां 1,000 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा अंदरूनी जमीन पानी में डूब सकती है।
जिन जंगलों को बचाना है, वे भी खतरे में
अध्ययन की एक और अहम खोज यह है कि भविष्य में वन्यजीवों के लिए सुरक्षित रह सकने वाले ज्यादातर महत्वपूर्ण इलाके अभी संरक्षित क्षेत्रों के दायरे में नहीं हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, ऐसे संभावित सुरक्षित ठिकानों में 96 प्रतिशत से अधिक मौजूदा संरक्षित क्षेत्रों के बाहर हैं।
इसका मतलब है कि केवल पुराने राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों को बचाना काफी नहीं होगा। सरकारों को उन नए इलाकों की भी पहचान करनी होगी, जहां समुद्र का पानी पहुंचने की आशंका कम है और जीव-जंतु भविष्य में सुरक्षित रह सकते हैं।
अब संरक्षण की तैयारी जरूरी
वैज्ञानिकों का सुझाव है कि इन इलाकों को समय रहते संरक्षित किया जाए और वहां बड़े निर्माण कार्यों से बचा जाए। जिन प्रजातियों के आवास तेजी से घटने वाले हैं, उनके लिए कैप्टिव ब्रीडिंग यानी नियंत्रित वातावरण में प्रजनन जैसे उपाय भी अपनाने पड़ सकते हैं।
समुद्र से बचाव के लिए बनाए जाने वाले तटबंध और दीवारें भी सोच-समझकर तैयार करनी होंगी। ये इंसानी बस्तियों को तो बचा सकती हैं, लेकिन कई जीवों की आवाजाही रोककर उनके प्राकृतिक आवास को और छोटा कर सकती हैं।
समुद्र का बढ़ता पानी हमें एक बड़ी चेतावनी दे रहा है। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि आने वाले वर्षों में कितनी जमीन पानी में डूबेगी, बल्कि यह भी है कि उस जमीन के साथ कितने जीवों का घर और उनका अस्तित्व खत्म हो जाएगा। समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो समुद्र की चढ़ती लहरें केवल तटरेखाएं नहीं बदलेंगी, बल्कि धरती की जैव विविधता का एक बड़ा हिस्सा भी निगल सकती हैं।