जलवायु परिवर्तन का नया खतरा: सदी के अंत तक 140% तक बढ़ सकती है बिजली गिरने की घटनाएं

धरती का बढ़ता तापमान बदल रहा है आसमान का मिजाज, उष्णकटिबंधीय इलाकों से लेकर अलास्का तक बढ़ सकता है बिजली गिरने का खतरा; जंगलों, इंसानों और बुनियादी ढांचे पर मंडराएगा नया संकट।
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • जलवायु परिवर्तन के चलते सदी के अंत तक आसमानी बिजली गिरने की घटनाएं 140 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान।

  • बढ़ते तापमान से बादलों में हलचल तेज होगी, जिससे बिजली गिरने की आवृत्ति में भारी इजाफे की आशंका।

  • अमेजन, दक्षिण-पूर्व एशिया और ओशिनिया में बिजली गिरने की घटनाएं सबसे ज्यादा बढ़ने की आशंका।

  • अलास्का में बिजली गिरने की घटनाएं 594 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं, वैज्ञानिकों ने जताई गंभीर चिंता।

  • आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।

जलवायु परिवर्तन की चर्चा होते ही हमारे जेहन में जंगलों की आग, बाढ़, सूखा और चक्रवाती तूफान की तस्वीर उभरती है। लेकिन अब आसमान से जुड़ा एक और खतरा तेजी से चिंता बढ़ा रहा है। यह खतरा है आकाशीय बिजली का। एक नए वैज्ञानिक अध्ययन ने चेतावनी दी है कि अगर दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन इसी तरह बढ़ता रहा, तो इस सदी के अंत तक धरती पर बिजली गिरने की घटनाएं मौजूदा स्तर से 76 से 140 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं। यानी आने वाले दशकों में आसमान की चमक सिर्फ खूबसूरत नजारा नहीं, बल्कि कहीं ज्यादा बड़ा खतरा भी बन सकती है।

यह दावा 'अर्थ्स फ्यूचर' जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में किया गया है। हालांकि यह अनुमान खास तौर पर बादलों से जमीन पर गिरने वाली बिजली यानी क्लाउड-टू-ग्राउंड लाइटनिंग के लिए है। यही बिजली इंसानों की जान लेने, जंगलों में आग लगाने और बिजली की लाइनों, पवन चक्कियों तथा तेल प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार होती है।

आखिर क्यों बढ़ेगी आसमानी बिजली?

बिजली गिरने की प्रक्रिया जितनी अचानक दिखाई देती है, उसके पीछे का विज्ञान उतना ही दिलचस्प है। इसकी शुरुआत धरती की सतह के पास मौजूद गर्म हवा से होती है। गर्म हवा हल्की होकर ऊपर उठती है और अपने साथ वातावरण में हलचल पैदा करती है। ऊंचाई पर मौजूद बेहद ठंडे बादलों में बर्फ के छोटे-छोटे कण आपस में टकराते हैं। इन टक्करों से विद्युत आवेश पैदा होता है। जब बादलों के भीतर विपरीत आवेशों का अंतर बहुत ज्यादा हो जाता है, तो अचानक बिजली चमकती है और धरती की ओर गिरती है।

जलवायु परिवर्तन इस पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। तापमान बढ़ने से गर्म हवा का ऊपर उठना और बादलों में हलचल बढ़ सकती है। इससे बिजली बनने की आशंका भी बढ़ सकती है। लेकिन कहानी का दूसरा पहलू भी है। अधिक गर्मी के कारण वातावरण की ऊपरी

यह भी पढ़ें
इस तरह से कम की जा सकती है आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली मौतें: अध्ययन
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।

ठंडी परतों में बर्फ के कण कम हो सकते हैं। ऐसे में बिजली पैदा करने के लिए जरूरी विद्युत आवेश बनना मुश्किल हो सकता है। वैज्ञानिकों के सामने यही सवाल है कि इन दोनों प्रभावों में किसका असर ज्यादा होगा।

मशीन लर्निंग से निकला चौंकाने वाला अनुमान

जर्मनी के टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ म्यूनिख के शोधकर्ताओं ने इस पहेली को समझने के लिए मशीन लर्निंग मॉडल तैयार किया। इसमें तापमान, बारिश, नमी, हवा का दबाव, हवा की गति और सूर्य से मिलने वाली ऊर्जा जैसे आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया।

यह भी पढ़ें
बिजली की उत्पत्ति और इसके विभिन्न प्रकार: एक वैज्ञानिक दृष्टिकोण
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।

अध्ययन के मुताबिक, 1901 से 1920 और 1995 से 2014 के बीच बिजली गिरने की घटनाओं में करीब 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यानी हर एक डिग्री सेल्सियस तापमान वृद्धि के साथ बिजली गिरने की घटनाएं लगभग 12 प्रतिशत बढ़ीं।

लेकिन भविष्य का अनुमान इससे कहीं ज्यादा डराने वाला है। अगर दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन ऊंचे स्तर पर बना रहा, तो तापमान में हर एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ बिजली गिरने की आवृत्ति करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। इस स्थिति में सदी के अंत तक 1995-2014 की तुलना में बिजली गिरने की घटनाएं 76 से 140 प्रतिशत तक ज्यादा हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें
क्या वायु प्रदूषण भारत में बिजली गिरने के पैटर्न को बदल रहा है, क्या कहता है शोध?
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।

अमेजन से अलास्का तक बदलेगा आसमान का मिजाज

इस बदलाव का असर हर जगह एक जैसा नहीं होगा। उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाएं सबसे ज्यादा बढ़ने का अनुमान है। अमेजन, दक्षिण-पूर्व एशिया और ओशिनिया जैसे इलाकों पर इसका खास असर पड़ सकता है। हालांकि अमेजन को लेकर वैज्ञानिकों में अनिश्चितता भी काफी ज्यादा है।

दूसरी तरफ, जहां आज बिजली बहुत कम गिरती है, वहां इसकी बढ़ोतरी का प्रतिशत ज्यादा हो सकता है। उदाहरण के लिए, अमेरिकी राज्य अलास्का में बिजली गिरने की घटनाएं 116 से 594 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं। फिलहाल वहां के ज्यादातर इलाकों में सालाना प्रति वर्ग किलोमीटर एक से भी कम बिजली गिरती है।

यह भी पढ़ें
बादल फटना क्या है, हिमालयी इलाकों में क्यों बढ़ रही हैं घटनाएं, क्या जलवायु परिवर्तन है जिम्मेवार?
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।

जंगलों और इंसानों के लिए नई चुनौती

बिजली का बढ़ना सिर्फ मौसम का बदलाव नहीं, बल्कि जीवन और आजीविका के लिए भी खतरे की घंटी है। हर साल दुनिया में आकाशीय बिजली से हजारों लोगों की मौत होती है और करोड़ों पेड़ प्रभावित होते हैं। जंगलों में बिजली गिरने से आग भड़क सकती है, जबकि बिजली व्यवस्था और दूसरी अहम मशीनरी को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, भविष्य में सबसे अहम सवाल यह होगा कि क्या तूफानों के शुरुआती दौर में बिजली ज्यादा गिरेगी? क्योंकि इसी समय लोग अक्सर खतरे को भांप नहीं पाते और खुले मैदानों में मौजूद रहते हैं।

यह भी पढ़ें
बादलों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं एरोसोल, जलवायु पर भी डालते हैं असर: शोध
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।

पेड़ों पर भी इसका असर अलग-अलग हो सकता है। शंकुधारी पेड़ आमतौर पर सीधे बिजली गिरने से ज्यादा नुकसान झेलते हैं, जबकि कुछ उष्णकटिबंधीय जंगलों में पेड़ों ने बिजली गिरने जैसी परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढाल लिया है।

चेतावनी साफ है, तैयारी जरूरी है

वैज्ञानिक यह भी मानते हैं कि बिजली गिरने के भविष्य के अनुमानों में अभी काफी अनिश्चितता है। अलग-अलग अध्ययनों के नतीजे भी अलग हैं। इसलिए इन आंकड़ों को अंतिम सच नहीं माना जा सकता। फिर भी संकेत साफ है कि जलवायु परिवर्तन के साथ आसमान का व्यवहार बदल सकता है।

यह भी पढ़ें
बादल जलवायु पर किस तरह डालते हैं असर, वैज्ञानिकों ने सुलझाई गुत्थी
आसमानी बिजली से इंसानों, जंगलों और बिजली ढांचे पर बढ़ेगा खतरा, जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई नई चुनौती।

अब तक इंसान धरती की तपिश, समुद्र के बढ़ते जलस्तर और बाढ़-सूखे से जूझने की तैयारी कर रहा था। लेकिन आने वाले समय में उसे आसमान से गिरने वाली आफत के लिए भी तैयार रहना होगा। सवाल सिर्फ यह नहीं कि धरती कितनी गर्म होगी, बल्कि यह भी है कि उस गर्म होती धरती के ऊपर आसमान कितना खतरनाक बन जाएगा।