खतरे में 11,700 वर्षों का प्राकृतिक संतुलन, हिमालय से ध्रुवों तक पिघलती बर्फ ने पार की सुरक्षित सीमा

वैज्ञानिकों ने चेताया है दुनिया भर में हिमनदों, समुद्री बर्फ, बर्फीली चादरों और पर्माफ्रॉस्ट का तेजी से पिघलना पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बिगाड़ रहा है। धरती के जमे हिस्से अब सुरक्षित पर्यावरणीय सीमाओं से बाहर निकल चुके हैं।
बढ़ते वैश्विक तापमान की वजह से अंटार्कटिक में तेजी से पिघलती बर्फ; फोटो: आईस्टॉक
बढ़ते वैश्विक तापमान की वजह से अंटार्कटिक में तेजी से पिघलती बर्फ; फोटो: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • धरती के हिमालय से लेकर अंटार्कटिका और आर्कटिक तक फैले बर्फीले क्षेत्र अब तेजी से अपना अस्तित्व खो रहे हैं।

  • वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन के चलते पृथ्वी के जमे हुए हिस्से यानी क्रायोस्फीयर में हो रहे बदलाव सुरक्षित पर्यावरणीय सीमाओं को पार कर चुके हैं।

  • प्रतिष्ठित जर्नल साइंस में प्रकाशित एक नए वैश्विक अध्ययन के मुताबिक, समुद्री बर्फ, बर्फ से ढके क्षेत्र और पर्माफ्रॉस्ट पहले ही खतरनाक स्तर तक प्रभावित हो चुके हैं। यह स्थिति करीब 11,700 वर्षों से कायम प्राकृतिक संतुलन के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।

  • बर्फ का तेजी से पिघलना केवल समुद्र का जलस्तर बढ़ने और तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा होने तक सीमित नहीं है। इससे पृथ्वी की सूर्य की गर्मी परावर्तित करने की क्षमता घट रही है, पर्माफ्रॉस्ट में जमा कार्बन डाइऑक्साइड और मीथेन के उत्सर्जन का खतरा बढ़ रहा है और समुद्री व पहाड़ी पारिस्थितिकी तंत्र भी प्रभावित हो रहे हैं।

  • इसका सीधा असर जल सुरक्षा, खाद्य प्रणालियों, आजीविका और करोड़ों लोगों के भविष्य पर पड़ सकता है। वैज्ञानिकों ने सरकारों से ग्रीनहाउस गैसों और ब्लैक कार्बन के उत्सर्जन में तत्काल कटौती करने तथा बर्फीले क्षेत्रों के संरक्षण को वैश्विक जलवायु नीतियों में प्राथमिकता देने की अपील की है।

  • चेतावनी साफ है: बर्फीली दुनिया का कमजोर होना पूरी मानव सभ्यता के लिए खतरे की घंटी है।

कल्पना कीजिए, जिन पहाड़ों की चोटियों पर सदियों से बर्फ जमी रही, जिन हिमनदों (ग्लेशियरों) से नदियों को जीवन मिलता रहा और जिन ध्रुवीय इलाकों में बर्फ की विशाल चादरें पृथ्वी के तापमान को संतुलित रखने में मदद करती रही, वे धीरे-धीरे अपना अस्तित्व खोने लगी हैं।

यह महज बर्फ के पिघलने की कहानी नहीं, बल्कि उस प्राकृतिक व्यवस्था के बिगड़ने का संकेत है, जिस पर धरती का जीवन और मानव सभ्यता टिकी है।

जलवायु परिवर्तन के बढ़ते असर के बीच वैज्ञानिकों ने अब धरती के इन जमे हुए हिस्सों को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, हिमनदों, समुद्री बर्फ, बर्फीली चादरों, बर्फ से ढके क्षेत्रों और पर्माफ्रॉस्ट (ऐसी जमीन जो कम से कम दो वर्षों से लगातार जमी हुई हो) में हो रहे बदलाव पृथ्वी की सुरक्षित पर्यावरणीय सीमाओं को पार कर चुके हैं। प्रतिष्ठित जर्नल साइंस में प्रकाशित एक नए वैश्विक अध्ययन में यह निष्कर्ष सामने आया है।

अध्ययन के मुताबिक, इंसानी गतिविधियों से बढ़ता वैश्विक तापमान धरती के जमे हुए हिस्सों को तेजी से नुकसान पहुंचा रहा है। इससे न केवल प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र, बल्कि दुनिया भर में रहने वाले लोगों की आजीविका, जल सुरक्षा और भविष्य भी खतरे में पड़ रहा है।

खतरे में 11,700 वर्षों से कायम प्राकृतिक संतुलन

गौरतलब है कि धरती के बर्फ, हिम और जमी हुई जमीन वाले हिस्सों को वैज्ञानिक भाषा में क्रायोस्फीयर कहा जाता है। इसमें अंटार्कटिका और ग्रीनलैंड की विशाल बर्फीली चादरें, पहाड़ी हिमनद, समुद्री बर्फ, मौसमी बर्फ और पर्माफ्रॉस्ट शामिल हैं।

यह भी पढ़ें
पश्चिमी हिमालय में सदी के अंत तक 7.18 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है सर्दियों का तापमान
बढ़ते वैश्विक तापमान की वजह से अंटार्कटिक में तेजी से पिघलती बर्फ; फोटो: आईस्टॉक

बता दें कि पृथ्वी की जलवायु और पर्यावरण को संतुलित रखने में क्रायोस्फीयर की बेहद अहम भूमिका है। ये सूर्य की गर्मी को वापस अंतरिक्ष में परावर्तित करने, पानी के प्राकृतिक चक्र को बनाए रखने और कार्बन व मीथेन जैसी ग्रीनहाउस गैसों के भंडारण और उनके प्रवाह को नियंत्रित करने में मदद करते हैं।

वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले करीब 11,700 वर्षों यानी होलोसीन काल से इन जमे हुए क्षेत्रों की स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर रही है। यही वह दौर था, जिसमें पृथ्वी की जलवायु अनुकूल रहने के कारण मानव सभ्यताओं का विकास हुआ और समाज आगे बढ़े।

लेकिन इंसानी गतिविधियों से बढ़ते तापमान ने इस प्राकृतिक संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। अध्ययन के मुताबिक, समुद्री बर्फ और बर्फ से ढके क्षेत्रों में गिरावट तथा पर्माफ्रॉस्ट का बढ़ता तापमान पहले ही सुरक्षित सीमा से बाहर जा चुका है। वहीं, बढ़ती गर्मी से जमीन पर मौजूद बर्फ पर पड़ते असर के कारण आने वाले समय में इसके बड़े पैमाने पर नुकसान की आशंका है।

बर्फ पिघलने का मतलब सिर्फ समुद्र का बढ़ता जलस्तर नहीं

वैज्ञानिकों ने चिंता जताई है कि क्रायोस्फीयर के कमजोर होने का असर केवल ध्रुवीय और पहाड़ी इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा। इसके नतीजे दुनिया के दूर-दराज के देशों और शहरों तक महसूस किए जा सकते हैं।

हिमनदों और बर्फीली चादरों के पिघलने से समुद्र का जलस्तर बढ़ता है। इससे समुद्र तटों और निचले इलाकों में रहने वाली आबादी पर बाढ़ और विस्थापन का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, बर्फ और हिम की परावर्तित करने की क्षमता घटने से पृथ्वी अधिक गर्मी सोखने लगती है, जिससे ग्लोबल वार्मिंग और तेज हो सकती है।

यह भी पढ़ें
हिमालय में तेजी से बढ़ रही हिमनद झीलें, अलकनंदा बेसिन में 30 वर्षों में 67 फीसदी बढ़ा 24 झीलों का क्षेत्रफल
बढ़ते वैश्विक तापमान की वजह से अंटार्कटिक में तेजी से पिघलती बर्फ; फोटो: आईस्टॉक

दूसरी ओर, पर्माफ्रॉस्ट के पिघलने से उसमें हजारों वर्षों से जमा कार्बन डाइऑक्साइड और मीथेन वायुमंडल में पहुंच सकती हैं। ये दोनों शक्तिशाली ग्रीनहाउस गैसें हैं, जो तापमान बढ़ाने में योगदान देती हैं। इससे जलवायु परिवर्तन का संकट और गहरा सकता है।

इसका असर समुद्री और पहाड़ी पारिस्थितिकी तंत्र पर भी पड़ता है। समुद्री बर्फ कम होने से उन जीवों के प्राकृतिक आवास नष्ट हो रहे हैं, जो अपने जीवन के लिए बर्फ पर निर्भर हैं। वहीं, समुद्र में मीठे पानी की बढ़ती मात्रा उसके खारेपन और जलधाराओं के प्रवाह को प्रभावित कर सकती है। इसका असर समुद्री जीवों, खाद्य श्रृंखला और मछली पालन पर भी पड़ सकता है।

भविष्य की पीढ़ियों पर भी पड़ेगा संकट का बोझ

अध्ययन से जुड़े प्रमुख शोधकर्ता और स्टॉकहोम रेजिलिएंस सेंटर तथा बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी से जुड़े शोधकर्ता डॉक्टर बो सु के मुताबिक, बर्फीले क्षेत्रों में हो रहे बदलावों का असर पृथ्वी की जलवायु स्थिरता और जीवन को सहारा देने वाली प्राकृतिक व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें
छोड़नी होगी हिमालय को जीतने की जिद
बढ़ते वैश्विक तापमान की वजह से अंटार्कटिक में तेजी से पिघलती बर्फ; फोटो: आईस्टॉक

उनका कहना है कि इन बदलावों से होने वाला नुकसान केवल आज की पीढ़ी तक सीमित नहीं रहेगा। इसके कुछ प्रभाव लंबे समय तक बने रह सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों को भी इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

शोधकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुरक्षित पर्यावरणीय सीमाओं का पार होना किसी एक ऐसे बिंदु का संकेत नहीं है, जहां पहुंचते ही पूरी क्रायोस्फीयर अचानक नष्ट हो जाएगी। बल्कि यह बताता है कि पृथ्वी के जमे हुए हिस्से उन प्राकृतिक परिस्थितियों से लगातार दूर जा रहे हैं, जिनमें वे हजारों वर्षों तक स्थिर रहे और जीवन को सहारा देते रहे।

जलवायु कार्रवाई में बर्फीले क्षेत्रों को मिले प्राथमिकता

अध्ययन में वैज्ञानिकों ने सरकारों और नीति निर्माताओं से ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में तेजी से कटौती करने की अपील की है। इसके साथ ही ब्लैक कार्बन (कालिख) के उत्सर्जन को कम करने और बर्फीले क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों तथा बुनियादी ढांचे के विस्तार से होने वाले नुकसान को नियंत्रित करने की जरूरत बताई है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ब्लैक कार्बन बर्फ और हिम की सतह पर जमकर उनकी सूर्य की रोशनी परावर्तित करने की क्षमता को घटा देता है। इससे बर्फ अधिक गर्मी सोखती है और उसके पिघलने की रफ्तार बढ़ जाती है।

स्टॉकहोम रेजिलिएंस सेंटर के सह-संस्थापक और पॉट्सडैम इंस्टीट्यूट फॉर क्लाइमेट इम्पैक्ट रिसर्च के निदेशक प्रोफेसर जोहान रॉकस्ट्रॉम के मुताबिक, क्रायोस्फीयर से जुड़े खतरे अब हमारी आंखों के सामने सामने आ रहे हैं। नेपाल में हाल में आई बाढ़ जैसी घटनाएं इस बात की याद दिलाती हैं कि बर्फीले क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को समझना और उनके संरक्षण के लिए वैश्विक स्तर पर कदम उठाना कितना जरूरी है।

यह भी पढ़ें
‘टिपिंग प्वाइंट’ के करीब पहुंच रहा हिमालय: 65 फीसदी तेज हुआ ग्लेशियरों का पिघलना, ब्लैक कार्बन बना खतरा
बढ़ते वैश्विक तापमान की वजह से अंटार्कटिक में तेजी से पिघलती बर्फ; फोटो: आईस्टॉक

यह अध्ययन संयुक्त राष्ट्र के क्रायोस्फीयर विज्ञान के लिए कार्रवाई दशक (2025-2034) और जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र के 31वें सम्मेलन (कॉप31) के बीच सामने आया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि अब समय आ गया है कि दुनिया जलवायु नीति और अंतरराष्ट्रीय समझौतों में धरती के जमे हुए हिस्सों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे।

क्योंकि बर्फ का पिघलना केवल पहाड़ों की चोटियों या ध्रुवीय क्षेत्रों की समस्या नहीं है। इसका असर उन नदियों, खेतों, समुद्र तटों, जंगलों और बस्तियों पर भी पड़ेगा, जिनसे करोड़ों लोगों का जीवन जुड़ा है। हमें समझना होगा कि धरती की बर्फीली ढाल कमजोर पड़ रही है और इसके साथ ही मानव सभ्यता को सहारा देने वाला प्राकृतिक संतुलन खतरे में है।