

दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक रूप ले चुका है। ऐसे में राजधानी के लोगों के लिए साफ हवा में सांस लेना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
दिल्ली सरकार के वायु गुणवत्ता पोर्टल के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 की रात आठ बजे तक 59 में से 56 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच गया।
इनमें 16 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 441 के चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया। नॉर्थ कैंपस, नरेला, आईटीओ और चांदनी चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर 400 से अधिक रहा।
वहीं, जहांगीरपुरी, आनंद विहार, रोहिणी, अशोक विहार, आरके पुरम, ओखला और बदरपुर जैसे रिहायशी एवं व्यस्त इलाकों में भी हवा बेहद खराब बनी हुई है। अधिकांश निगरानी केंद्रों पर पीएम2.5 के महीन कण प्रदूषण की प्रमुख वजह रहे।
इसका सबसे गंभीर असर बच्चों, बुजुर्गों, सांस और हृदय रोगियों के साथ-साथ उन मजदूरों और कामगारों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजी-रोटी के लिए घंटों खुले आसमान के नीचे रहना पड़ता है।
कैंटोनमेंट एरिया में सबसे कम एक्यूआई 179 दर्ज किया गया, लेकिन एक इलाके की तुलनात्मक रूप से बेहतर हवा राजधानी के व्यापक प्रदूषण संकट की भयावहता को कम नहीं करती। सवाल है कि दिल्ली के लोगों को आखिर कब जहरीली हवा से राहत मिलेगी और कब वे बिना डर के खुलकर सांस ले सकेंगे?
दिल्ली में बदलते मौसम और त्योहारों की धूम के साथ वायु प्रदूषण ने एक बार फिर बेहद चिंताजनक रूप ले लिया है। ऐसे में दिल्लीवासियों के लिए साफ हवा में सांस लेना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
हालात इस कदर खराब हैं कि दिल्ली के 16 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच चुका है। यह स्थिति बताती है कि प्रदूषण अब केवल कुछ इलाकों तक सीमित नहीं, बल्कि राजधानी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुका है।
दिल्ली सरकार के वायु गुणवत्ता पोर्टल के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 की रात आठ बजे आईआईटी दिल्ली में सबसे अधिक एक्यूआई 441 दर्ज किया गया। यहां प्रदूषण का प्रमुख कारक पीएम10 रहा। वहीं, नॉर्थ कैंपस में एक्यूआई 434 और एनआईएच नरेला में 430 रिकॉर्ड किया गया। इन दोनों स्थानों पर प्रदूषण के बेहद महीन कण यानी पीएम2.5 प्रदूषण का प्रमुख कारक रहा।
राजधानी के व्यस्त आईटीओ में भी हालात बेहद चिंताजनक हैं। यहां एक्यूआई 429 दर्ज किया गया। इसी तरह पूसा में 429, बुराड़ी क्रॉसिंग नॉर्थ में 425, जेएनयू में 419 और डीटीयू नॉर्थ में सूचकांक 417 रिकॉर्ड किया गया। एनएसयूटी जाफरपुर में एक्यूआई 414, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 412 और चांदनी चौक में 410 दर्ज हुआ।
यानी राजधानी के शैक्षणिक संस्थानों, व्यस्त बाजारों, आवासीय इलाकों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों तक प्रदूषण का असर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह घर से काम पर निकलने वाले लोगों, सड़कों पर रोजी-रोटी के लिए घंटों मेहनत करने वाले मजदूरों, रेहड़ी-पटरी वालों और खुले में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है।
वहीं जिन लोगों के पास घर के भीतर रहने या प्रदूषण से बचाव के पर्याप्त साधन नहीं हैं, उनके लिए जहरीली हवा का सामना करना और भी मुश्किल हो रहा है।
प्रदूषण की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली के कुल 59 निगरानी केंद्रों में से 56 पर एक्यूआई 300 से अधिक दर्ज किया गया। इनमें 16 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर, जबकि 40 केंद्रों पर 'बेहद खराब' श्रेणी में रही। वहीं, दो केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर खराब और केवल एक केंद्र पर 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया।
गंभीर श्रेणी वाले इलाकों में पंजाबी बाग में एक्यूआई 405, एनएसआईटी द्वारका में 404, सीआरआरआई मथुरा रोड में 403, तालकटोरा गार्डन में 402 और बवाना में 401 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा विवेक विहार में एक्यूआई 400 दर्ज हुआ।
राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी हवा बेहद खराब स्थिति में बनी हुई है। जहांगीरपुरी में एक्यूआई 397, आनंद विहार में 392, वजीरपुर में 391, मुंडका और वसुंधरा एन्क्लेव में 387, रोहिणी और अलीपुर में 386 तथा आया नगर में 383 दर्ज किया गया।
दक्षिणी दिल्ली के इलाकों में भी स्थिति राहत देने वाली नहीं है। वहीं बुराड़ी में एक्यूआई 380, सोनिया विहार में 378, दिलशाद गार्डन में 373, सिरीफोर्ट में 371 और आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 368 दर्ज किया गया।
हालात यह हैं कि दिल्ली का कोई भी कोना प्रदूषण की मार से अछूता नहीं है। नरेला नॉर्थ में एक्यूआई 368, टिकरी कलां में 365, नेहरू नगर साउथ ईस्ट में 364 और अशोक विहार नॉर्थ वेस्ट में 360 दर्ज किया गया। वहीं, पटपड़गंज ईस्ट में 356, श्री अरबिंदो मार्ग में 350, छावला में 349 और आरके पुरम में 348 रिकॉर्ड किया गया।
डॉक्टर कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में भी एक्यूआई 348 रहा, जबकि मंदिर मार्ग में 347 और उत्तम नगर में 345 दर्ज किया गया। ओखला फेज-2 में 342, मैदान गढ़ी में 340, नांगलोई में 339 और बदरपुर में 337 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ।
इसके अलावा शादीपुर में 336, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 331, पूसा वेस्ट में 329, कराला और मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 328 तथा घोगा और झरोदा कलां में 327 दर्ज किया गया। द्वारका सेक्टर-8 में एक्यूआई 326, लोधी रोड में 317, घुम्मनहेड़ा में 310 और इग्नू मैदान गढ़ी में 303 रहा।
इन आंकड़ों में एक और चिंताजनक पहलू सामने आया। अधिकांश निगरानी केंद्रों पर पीएम2.5 प्रदूषण का प्रमुख कारक रहा। गौरतलब है कि पीएम2.5 के महीन कण सांस के साथ शरीर के भीतर पहुंच सकते हैं और फेफड़ों के गहरे हिस्सों तक प्रवेश कर सकते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
दरअसल दिल्ली में प्रदूषण का यह स्तर साल दर साल केवल आंकड़ों तक सीमित रहने वाली समस्या नहीं है। यह उन लाखों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा संकट है, जिन्हें हर दिन इसी हवा में सांस लेनी पड़ती है।
बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए ऐसी परिस्थितियां विशेष रूप से जोखिमपूर्ण हो सकती हैं।
हालांकि, राजधानी में प्रदूषण का स्तर हर जगह एक जैसा नहीं है। कैंटोनमेंट एरिया में सबसे कम एक्यूआई 179 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है। इसके अलावा लोधी रोड (आईएमडी) पर एक्यूआई 294 और नजफगढ़ में 280 रिकॉर्ड किया गया, जो खराब श्रेणी में आते हैं।
लेकिन एक इलाके में अपेक्षाकृत बेहतर हवा का होना राजधानी के व्यापक प्रदूषण संकट को कम नहीं करता। जब 59 में से 56 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 300 से ऊपर हो और 16 केंद्रों पर आंकड़ा 400 के पार हो, तो यह दिल्ली में न केवल पर्यावरण बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
ऐसे में राजधानी के करोड़ों लोगों के सामने सवाल अब सिर्फ यह नहीं कि प्रदूषण कब कम होगा, बल्कि यह भी है कि उन्हें साफ हवा में सांस लेने का अधिकार कब मिलेगा। हमें समझना होगा कि साफ हवा कोई लग्जरी नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की बुनियादी जरूरत है।