फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स
फोटो : विकिमीडिया कॉमन्स

शहरों के सतही तापमान को 12 डिग्री तक कम करते हैं पेड़: अध्ययन

शोध के मुताबिक पेड़ों वाले शहरी क्षेत्रों में आमतौर पर भूमि की सतह का तापमान आस-पास के समान क्षेत्रों जहां पेड़ नहीं थे, उनकी तुलना में दो से चार गुना ठंडा होता है
Published on

शहरों में लगे पेड़ गर्मी और लोगों के स्वास्थ्य, ऊर्जा की खपत व अन्य खराब प्रभावों को कम कर सकते हैं। शहरों में लगे पेड़-पौधे और अन्य वनस्पतियां ग्रीष्मकाल में पड़ने वाली गर्मी को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

ये पेड़ शहरों में भूमि की सतह के तापमान को 12 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकते हैं। एक शोध में यह बात सामने आई है। यह शोध ईटीएच ज्यूरिख के इंस्टीट्यूट फॉर एटमॉस्फेरिक एंड क्लाइमेट साइंस के शोधकर्ताओं ने किया है।

इस शोध में शोधकर्ताओं की टीम ने बताया कि उन्होंने यूरोप भर के सैकड़ों शहरों के उपग्रह इमेजरी का विश्लेषण किया और तापमान के बारे में पता लगाया। पहले किए गए शोधों ने भी इस बात का खुलासा किया है कि शहरों में हरे भरे स्थान गर्मी के महीनों के दौरान हवा के तापमान को कम करने में मदद करते हैं।  

शहर आमतौर पर गर्मी को अवशोषित करने वाले डामर और सीमेंट के बड़े-बड़े हिस्सों के चलते आसपास के क्षेत्रों की तुलना में अधिक गर्म होते हैं। इस नए प्रयास में, शोधकर्ताओं ने हवा के तापमान के बजाय भूमि की सतह के क्षेत्रों पर संभावित तापमान के प्रभावों को देखा। इस तरह के तापमान को आसपास के लोगों द्वारा हवा के तापमान के रूप में महसूस नहीं किया जाता है क्योंकि यह उनके आसपास के बजाय उनके पैरों के नीचे होता है।

टीम द्वारा किए गए कार्य में भूमि की सतह का तापमान, सेंसर आधारित उपग्रहों के आंकड़ों का विश्लेषण शामिल था। कुल मिलाकर, शोधकर्ताओं ने पूरे यूरोप के 293 शहरों के आंकड़े शामिल किए। उन शहरों के कुछ हिस्सों में भूमि की सतह के तापमान की तुलना की गई। पेड़ों से ढके शहरी क्षेत्रों की तुलना जो इलाके पेड़ों से ढके नहीं थे उनसे की गई। तुलनात्मक उद्देश्यों के लिए, उन्होंने चरागाहों और खेत की भूमि में शामिल ग्रामीण व्यवस्था के लिए भी ऐसा ही किया। यह शोध नेचर कम्युनिकेशंस नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।

उन्होंने पाया कि पेड़ों वाले शहरी क्षेत्रों में आमतौर पर भूमि की सतह का तापमान आस-पास के समान क्षेत्रों की तुलना में जहां पेड़ नहीं हैं वह दो से चार गुना ठंडा होता है। दक्षिणी यूरोप के कुछ हिस्सों में आस-पास के क्षेत्रों की तुलना में इस तरह के बदलाव कम पाए गए है। अन्य क्षेत्रों में, जैसे कि मध्य यूरोप में  यह अंतर बहुत बड़ा था। दिलचस्प बात यह है कि शोधकर्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसा कोई अंतर नहीं पाया। उन्हें शहरों में अन्य प्रकार की वनस्पतियों में भी कोई अंतर नहीं मिला।

शोधकर्ताओं ने गौर किया कि पेड़ द्वारा प्रदान की जाने वाली छाया के कारण जमीन ठंडी बनी रहती हैं। जिससे पता चलता है कि वे इसी तरह से सतह के तापमान को कम करने में मदद करते हैं। उनका काम उस प्रभाव को उजागर करता है जो शहरी क्षेत्रों में वृक्षों के आवरण को बढ़ाने से हो सकता है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in