

देश के मौसम में इन दिनों एक साथ कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। एक ओर बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की स्थिति बन रही है, तो दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय है। दक्षिण भारत में भी चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते 15 से 20 नवंबर के बीच देश के 20 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अलग-अलग दिनों में बारिश होने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 15 नवंबर के मौसम बुलेटिन के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव (लो प्रेशर) का क्षेत्र पहले सुस्पष्ट निम्न दबाव (वेल मार्क्ड लो प्रेशर) में बदला और फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 15 नवंबर की सुबह 5:30 बजे अवदाब (डिप्रेशन) में तब्दील हो गया।
इसका केंद्र दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर था। यह पोर्ट ब्लेयर से लगभग 700 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम, चेन्नई से 860 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 1,040 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 1,160 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह अवदाब (डिप्रेशन) उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर को दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान (साइक्लोनिक स्टॉर्म) में बदल सकता है। इसके बाद 17 नवंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके गंभीर चक्रवाती तूफान (सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म) में तब्दील होने की बहुत अधिक संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती गतिविधियों के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम बदल रहा है। उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के साथ पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं हल्की से छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।
15 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इनके झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण से बारिश
दक्षिण भारत में दक्षिण तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण (अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 20 नवंबर के दौरान अलग-अलग दिनों में बारिश होने की संभावना है। केरल और माहे में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इसके अलावा लक्षद्वीप, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में भी 19 और 20 नवंबर को बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 17 से 20 नवंबर के दौरान बारिश का अनुमान है। यहां 18 और 20 नवंबर को भारी बारिश तथा 19 नवंबर को बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
पूर्वी भारत में भी भारी बारिश का अनुमान
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 15 से 20 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को व्यापक बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने 18 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश और 19 तथा 20 नवंबर को बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है।
इस दौरान ओडिशा में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी अलग-अलग दिनों में बारिश हो सकती है।
सामान्य से नीचे रहा न्यूनतम तापमान, गुजरात में गर्मी का असर
देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान की स्थिति भी अलग-अलग बनी हुई है। मौसम विभाग के 14 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। पश्चिमी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा।
वहीं, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, गुजरात, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया।
दूसरी ओर, गुजरात के राजकोट में 14 नवंबर को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक था। हिमाचल प्रदेश के मंडी में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा।