दिवाली पर उत्तर में मौसम रहेगा साफ, केरल-माहे व तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार

दिवाली पर उत्तर भारत में मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जबकि दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट है। 10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर में बदलेगा मौसम का मिजाज।
दिवाली पर दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में मौसम साफ व शुष्क रहने का अनुमान, सुबह हल्की धुंध रहेगी।
दिवाली पर दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में मौसम साफ व शुष्क रहने का अनुमान, सुबह हल्की धुंध रहेगी।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • दिवाली पर दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में मौसम साफ व शुष्क रहने का अनुमान, सुबह हल्की धुंध रहेगी।

  • दिल्ली में आठ नवंबर को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना, सुबह धुंध छाने के आसार।

  • दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता, कई इलाकों में एक्यूआई करीब 400 पहुंचा, हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में।

  • दस नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी संभव।

  • केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का येलो अलर्ट, आंधी, बिजली और तेज हवाएं चलने के आसार।

दिवाली के त्योहार पर उत्तर भारत के लोगों को मौसम के मोर्चे पर राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आठ व नौ नवंबर, 2026 को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध और ठंडक लोगों को महसूस होगी। लेकिन दिवाली के बाद मौसम करवट ले सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से पहाड़ी राज्यों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 11 से 13 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में साफ आसमान, सुबह धुंध का पहरा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आठ नवंबर को आसमान ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय कई इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

सुबह उत्तर-पूर्व दिशा से करीब 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर में बढ़कर 15 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शाम और रात के समय हवा की रफ्तार घटकर करीब 12 किमी प्रति घंटे रह सकती है।

प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता, एक्यूआई 400 के करीब

दिवाली की रौनक के बीच दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। आज, आठ नवंबर, 2026 की सुबह राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) करीब 400 तक पहुंच गया। यानी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। देश के करीब 50 अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई है। ऐसे में साफ मौसम के बावजूद लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

पंजाब-हरियाणा में 11 से 13 नवंबर तक बारिश के आसार

पंजाब और हरियाणा में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है। 11 से 13 नवंबर के बीच दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का असर बढ़ सकता है।

हिमाचल-उत्तराखंड व जम्मू और कश्मीर में बारिश-बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व जम्मू और कश्मीर में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ इन पहाड़ी राज्यों के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके चलते कई इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इससे पहाड़ों में सर्दी का असर और तेज होने के आसार हैं।

यूपी-राजस्थान में मौसम रहेगा शुष्क

उत्तर प्रदेश में आठ नवंबर को बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है। राजस्थान में भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना से मौसम विभाग ने इनकार किया है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का येलो अलर्ट

उत्तर भारत में जहां मौसम फिलहाल शुष्क रहने वाला है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

इसके अलावा दक्षिण केरल के आसपास का चक्रवाती परिसंचरण अब कोमोरिन क्षेत्र की ओर खिसक गया है। पूर्व-मध्य अरब सागर में कर्नाटक तट के पास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

मौसम विभाग ने आज, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है।

कुल मिलाकर, दिवाली पर उत्तर भारत में मौसम का मिजाज खुशनुमा और शुष्क रहने की उम्मीद है। हालांकि त्योहार के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। यानी दिवाली के बाद मौसम में बदलाव के साथ सर्दी भी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगेगी।