कई राज्यों में बदलेगा मौसम, दक्षिण भारत में भारी बारिश; पहाड़ों पर बर्फबारी

दक्षिण भारत में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, उत्तराखंड, हिमाचल तथा जम्मू और कश्मीर में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार, दिल्ली-एनसीआर में भी बदलेगा मौसम।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाओं के आसार।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाओं के आसार।प्रतीकात्मक छवि, साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • चक्रवाती तूफान मुरासु कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदला, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बारिश के आसार।

  • आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

  • उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाओं के आसार।

  • दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश की संभावना, 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

  • उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना, कुछ इलाकों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

देश के कई इलाकों में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू और कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव के पीछे कम दबाव का क्षेत्र, चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ प्रमुख कारण हैं।

कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान मुरासु, बना कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग की ओर से आज, पांच नवंबर, 2026 को जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के अवशेष से बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़कर अब कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। यह प्रणाली पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से आसपास के इलाकों में बादल छाने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

इसके अलावा देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

आज, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी तथा कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने इन सभी राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

वहीं आज, बारिश के साथ-साथ आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा जताया गया है।

तटीय कर्नाटक, केरल और माहे के साथ तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड से जम्मू-कश्मीर तक बारिश और बर्फबारी

उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में मौजूद है। इसके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में मौसम की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। हालांकि मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में किसी बड़े मौसमी बदलाव की चेतावनी नहीं दी है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज, पांच नवंबर, 2026 को उत्तराखंड में मौसम खराब रह सकता है। नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, अल्मोड़ा और बागेश्वर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि ऊंची चोटियों पर बर्फ गिर सकती है। पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी बारिश का अलर्ट है। इस दौरान करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम करवट लेने वाला है। कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और सोलन में बारिश हो सकती है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

उधर, जम्मू और कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का असर देखने को मिल सकता है। कुपवाड़ा, जम्मू, किश्तवाड़, पुंछ, बारामूला, अनंतनाग और रियासी में मौसम खराब रहने की आशंका है। गांदरबल, उधमपुर, बांदीपोरा, रामबन और शोपियां में भी बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बादल, हल्की बारिश के आसार

दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी आज मौसम में बदलाव महसूस हो सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हल्की ठंड का अहसास भी बढ़ सकता है।

उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, रायबरेली, मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर और कानपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बदायूं, शामली, इटावा, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती और आजमगढ़ में बारिश के साथ तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है। इनकी रफ्तार 35 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

वहीं कल, चार नवंबर 2026 को गुजरात के पोरबंदर में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस हिमाचल प्रदेश के मंडी में रिकॉर्ड हुआ।

कुल मिलाकर, आज देश के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में मौसम की दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलेंगी। कहीं बारिश और आंधी परेशानी बढ़ाएगी तो कहीं पहाड़ों पर बर्फबारी ठंड का असर बढ़ाएगी।