
कई राज्यों में येलो अलर्ट: असम, मेघालय, उत्तराखंड, हिमाचल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी।
आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका: उत्तराखंड में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा।
मानसून विदाई की प्रक्रिया जारी: अगले तीन से चार दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के हिस्सों से पीछे हटेगा।
दिल्ली-एनसीआर में ठंडक भरी बारिश: रातभर हुई बारिश से मौसम सुहाना, अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी वर्षा के आसार: असम, मेघालय और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में अगले दो से तीन दिन तक तेज बारिश और गरज के साथ बौछारें जारी रहने का पूर्वानुमान।
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब वापसी की ओर है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, सात अक्टूबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले तीन से चार दिनों में मानसून गुजरात के शेष हिस्सों, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ और इलाकों तथा महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से पीछे हट जाएगा।
इस बीच, पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न इलाकों में सक्रिय चक्रवातीय प्रसार के कारण कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान के दौर के जारी रहने की आशंका जताई गई है। वहीं कल पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों और उससे लगे पाकिस्तान में सक्रिय है, जिससे ऊपरी वायुमंडल में बादलों और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर बिहार और पूर्वोत्तर असम के आसपास भी चक्रवातीय प्रसार जारी है, जो नमी और बादलों की गतिविधि को बढ़ा रहा है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश के आसार
इन मौसमी गतिविधियों के चलते पूर्वोत्तर भारत में अगले दो से तीन दिनों के दौरान भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
कहां-कहां होगी भारी बारिश और कहां चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने आज, सात अक्टूबर, 2025 के लिए कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और उत्तराखंड शामिल हैं। जहां भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।
बारिश के साथ-साथ आज उत्तराखंड के कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा बिजली गिरने का भी अंदेशा जताया गया है।
वहीं आज, सात अक्टूबर, 2025 को तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, जम्मू और कश्मीर, पंजाब और पश्चिम राजस्थान में भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बौछारें पड़ने तथा वज्रपात की आशंका जताई गई है।
देश की राजधानी दिल्ली व एनसीआर में रातभर जोरदार बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की जारी है। वहीं आज, सात से 12 अक्टूबर तक धीरे-धीरे दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलता दिखेगा। जहां सप्ताह की शुरुआत यानी सात अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादल छाए रहेंगे, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा। विभाग की मानें तो आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
इसके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में भी आंधी व बिजली का असर देखने को मिल सकता है।
मानसून धीरे-धीरे पीछे हट रहा है, लेकिन मौसम अभी भी सक्रिय है। देश के कई हिस्सों में बादल, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, छह अक्टूबर, 2025 को तमिलनाडु के पलायमकोट्टई में अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के ऊना में न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, छह अक्टूबर, 2025 को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख के अधिकतर इलाकों, ओडिशा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, पश्चिम मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, सौराष्ट्र और कच्छ, गुजरात, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई।
वहीं कल, पश्चिम राजस्थान, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा मराठवाड़ा में कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल, छह अक्टूबर, 2025 ओडिशा के पारादीप बंदरगाह में 7 सेमी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के बागडोगरा में 4 सेमी, पूर्वी राजस्थान के अलवर में 4 सेमी, जयपुर और सीकर प्रत्येक जगह 2 सेमी, हिमाचल प्रदेश के सोलन में 3 सेमी, मनाली, शिमला-शहर और नाहन प्रत्येक जगह 2 सेमी, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के बागती में 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं कल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 3 सेमी, बरेली और आगरा प्रत्येक जगह 2 सेमी, पंजाब के चंडीगढ़ में 3 सेमी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के तिरुत्तानी में 2 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कैलाशहर में 2 सेमी, पश्चिमी राजस्थान के चुरू में 2 सेमी, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख के गुलमर्ग, बटोटे और भद्रवाह प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।