वाराणसी में कोहरे के कारण दृश्यता शून्य, दक्षिण को छोड़कर देश भर में शुष्क रहेगा मौसम

अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं दिख रहे हैं
देश के कई हिस्सों में कोहरे का कहर दिखाई दे रहा है, आज सुबह पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, वाराणसी में कोहरे के कारण दृश्यता शून्य दर्ज की गई
देश के कई हिस्सों में कोहरे का कहर दिखाई दे रहा है, आज सुबह पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, वाराणसी में कोहरे के कारण दृश्यता शून्य दर्ज की गई फोटो साभार: फ्लिकर, जे.पी. न्यूवेल
Published on

देश के कई हिस्सों में कोहरे का कहर दिखाई दे रहा है, आज सुबह पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बहुत घना कोहरा छाया रहा, जबकि बिहार के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में मध्यम कोहरा देखा गया।

कोहरे की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली में दृश्यता 500 मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर, पटना और भागलपुर हर जगह दृश्यता 500 मीटर और त्रिपुरा के कैलाशहर में भी दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव रिकॉर्ड नहीं किया जा रहा है। वहीं मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं दिख रहे हैं, उसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

वहीं, अगले चार से पांच दिनों के दौरान पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

तेलंगाना और ओडिशा के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बना हुआ है। वहीं पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस, यानी काफी ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।

पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे के कुछ हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य एक से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।

तापमान में गिरावट देखें तो पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -5 से -3 डिग्री सेल्सियस, यानी काफी नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं, पश्चिम मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3 डिग्री से -1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट के हवाले से कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट और अधिकतम तापमान में थोड़ा सा वृद्धि दर्ज की गई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। दिल्ली के अधिकतर इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।

दिल्ली और एनसीआर में सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार के आठ किमी प्रति घंटे से कम रहने के आसार हैं। सुबह के समय धुंध व हल्का कोहरा छाए रहने की आशंका है।

दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की गति में इजाफा होकर इनके 12 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। शाम और रात के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाओं की रफ्तार फिर से घटकर 10 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी, जिसके चलते शाम और रात में धुंध व कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसमी बदलाव की बात करें तो यहां काफी दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है पर इसका कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है, यानी बारिश व बर्फबारी नहीं हो रही है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले तीन दिनों में सभी जनपदों में मौसम के शुष्क बने रहने के आसार हैं।

मौसम के शुष्क बने रहने से पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह के समय पाला पड़ रहा है। सूखी ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उत्तराखंड के दिन व रात के तापमान में करीब 16 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा जा रहा है।

विभाग ने कहा है कि देहरादून में बीते 10 साल में सबसे ज्यादा गर्म दिन के रूप में रविवार का तापमान रिकॉर्ड किया गया। रविवार के दिन देहरादून का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 10 साल में एक दिसंबर को पहले कभी रिकॉर्ड नहीं किया गया था।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी मौसम विभाग का अपडेट देखें तो कल, कोंकण और गोवा के बॉम्बे सांताक्रूज में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पूर्वी मध्य प्रदेश के नौगांव में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तूफानी गतिविधि के कारण भारी बारिश के आसार

चक्रवाती तूफान 'फेंगल' का असर अभी जारी है, यह लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके कारण आज, उत्तरी केरल और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है, इन हिस्सों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

वहीं आज, उत्तरी आंतरिक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी बारिश हो सकती है।

समुद्र में उथल-पुथल

तूफानी गतिविधि के चलते अभी भी समुद्री इलाकों में हलचल जारी है, मौसम विभाग की मानें तो आज, केरल, कर्नाटक, गोवा के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन के इलाकों के आसपास 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, दो दिसंबर को केरल और माहे के अधिकतर इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा रायलसीमा के कई हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, मराठवाड़ा और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल, दो दिसंबर को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के बेंगलुरु में 2 सेमी, तटीय कर्नाटक के मंगलौर में 2 सेमी, केरल और माहे के कन्नूर और कोझिकोड प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in