
पूर्वोत्तर असम के निचले स्तरों में एक चक्रवाती प्रसार जारी है। इसके कारण आज, यानी सात मार्च, 2025 को अरुणाचल प्रदेश,असम और नागालैंड में बिजली गिरने तथा गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। सात और आठ मार्च को सिक्किम में बिजली गिरने व गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
कल, यानी छह मार्च, 2025 को अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात का दौर जारी रहा। वहीं, आठ मार्च को बिहार में वज्रपात होने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में चल रही तेज सर्द हवाओं की रफ्तार थम गई है। जबकि कल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग मैदानी इलाकों पर तेज रफ्तार से सतही हवाओं का दौर जारी रहा।
पूर्वोत्तर भारत को छोड़ दें तो अगले कुछ दिनों तक देश के अधिकतर इलाकों में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो नौ मार्च, 2025 को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, इसके चलते पश्चिमी हिमालयी इलाकों का मौसम बदल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण नौ से 12 मार्च के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 10 से 12 मार्च के दौरान उत्तराखंड कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश व ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
बर्फीली सतही हवाओं के थमने के कारण तापमान का बढ़ना भी शुरू हो चुका है। मौसम विभाग की मानें तो हफ्ते के अंत तक अधिकतम तापमान के 31 डिग्री के पार पहुंचने के आसार हैं। इसके बाद, अगले सप्ताह तक यह 33 से 35 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान के 16 से 18 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान है। इन मौसमी बदलावों के कारण देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर में गर्मी बढ़ने की आशंका जताई गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश के कई हिस्सों में हवाओं की रफ्तार के थमने के बाद एक बार फिर पारे में उछाल आ सकती है। मौसम विभाग के द्वारा अपने ताजा अपडेट में कहा गया है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत और गुजरात में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।
पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, अगले तीन से चार दिनों के दौरान महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस का उछाल आने का अनुमान है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, तमिलनाडु के इरोड में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
कहां रहेगा गर्म व उमस भरा मौसम, कहां चलेगी हीटवेव?
मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि सात और आठ मार्च, 2025 को कोंकण और गोवा, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक में, सात मार्च को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में, नौ और 10 मार्च को गुजरात में लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम से छुटकारा मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। वहीं नौ और 10 मार्च को कोंकण और गोवा में हीटवेव या लू चलने की आशंका जताई गई है।