भीषण गर्मी से बेहाल देश, कई राज्यों में लू का रेड व ऑरेंज अलर्ट, 30 मई के बाद राहत की संभावना

देश के कई हिस्सों में 47 डिग्री पार पहुंचा पारा, हीटवेव के बीच कई राज्यों में गरज के साथ बौछारें, आंधी-तूफान, अरुणाचल, असम व मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
आज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में भयंकर लू चलने का अंदेशा जताया है। विभाग ने इन राज्यों में लू के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में भयंकर लू चलने का अंदेशा जताया है। विभाग ने इन राज्यों में लू के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on
सारांश
  • दिल्ली, यूपी और राजस्थान समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर जारी, 30 मई के बाद राहत की उम्मीद

  • देशभर में हीटवेव और उमस से लोग परेशान, कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी

  • मौसम विभाग ने उत्तर-मध्य भारत के कई राज्यों में लू का रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया, पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

  • मई की रिकॉर्डतोड़ गर्मी से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में तापमान 47 डिग्री के पार पहुंचा

  • गर्मी के बीच मानसून की बढ़त से राहत की उम्मीद, किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मई की झुलसाती गर्मी से परेशान लोगों को मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जरूर दी है, लेकिन फिलहाल देश के कई इलाकों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 25 मई, 2026 को जारी बुलेटिन में कहा गया है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है। गर्म हवाओं और तपती धूप ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। हालत यह है कि दोपहर होते ही सड़कें सूनी दिखाई देने लगती हैं और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।

मई की गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड

इस साल मई महीने की गर्मी ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में तापमान ने नया रिकॉर्ड बनाया है। मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में सबसे अधिक 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिन के साथ-साथ अब रातें भी बेहद गर्म रहने लगी हैं। गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है।

दिल्ली में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज, 25 मई को राजधानी में गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। अगले दो दिनों तक तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार हैं। कई इलाकों में पारा 45 डिग्री के आसपास रह सकता है। हालांकि कुछ जगहों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। शाम के समय हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

30 मई के बाद मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 28 मई तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 29 और 30 मई को तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। पंजाब में 26 मई तक तापमान बढ़ने के आसार हैं, जबकि उसके बाद धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्वी भारत में 27 मई से तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। वहीं मध्य भारत में भी 29 मई के बाद गर्मी थोड़ी कम हो सकती है। हालांकि देश के बाकी हिस्सों में 30 मई तक मौसम लगभग इसी तरह बना रहने का अनुमान है।

कई राज्यों में लू या हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में लू या हीटवेव की चेतावनी जारी की है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में भयंकर लू चलने का अंदेशा जताया है। विभाग ने इन राज्यों में लू के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पश्चिम बंगाल में गंगा किनारे वाले इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में रात के समय भी गर्मी बनी रहने की चेतावनी दी गई है।

लगातार बढ़ती गर्मी से डिहाइड्रेशन, हीटस्ट्रोक और कमजोरी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

विभाग के अनुसार, जम्मू और आसपास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यह एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है और अभी भी कमजोर नहीं पड़ा है। इसके कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इन मौसमी प्रणालियों के कारण बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बहुत ज्यादा ऊंचाई पर बर्फबारी भी हो सकती है।

कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अंदेशा

एक तरफ जहां उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। विभाग ने यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

बिहार, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी तेज बारिश हो सकती है। झारखंड और ओडिशा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, कई राज्यों में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का खतरा बना हुआ है। लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

समुद्री इलाकों के लिए चेतावनी

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप के समुद्री इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि खराब समुद्री परिस्थितियों के कारण छोटी नावों और मछली पकड़ने वाली नौकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की जरूरत है।

मानसून की बढ़त से उम्मीद

भीषण गर्मी के बीच एक अच्छी खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

मानसून की सक्रियता बढ़ने के बाद देश के कई हिस्सों को गर्मी से राहत मिल सकती है। किसान भी मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं क्योंकि अच्छी बारिश से खेती को फायदा मिलेगा।

लोगों और किसानों के लिए जरूरी सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को कपड़े या टोपी से ढकना और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए।

शरीर में पानी की कमी न होने देना सबसे जरूरी है। नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस का सेवन फायदेमंद माना गया है। हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

किसानों को सुबह या शाम के समय सिंचाई करने की सलाह दी गई है ताकि पानी की बर्बादी कम हो। पशुओं के लिए छाया और पर्याप्त पानी की व्यवस्था जरूरी बताई गई है। जहां भारी बारिश की आशंका है वहां खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने को कहा गया है।

देशभर में मौसम के अलग-अलग रूप लोगों के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़े हैं। कहीं भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है तो कहीं बारिश और तूफान परेशानी बढ़ा रहे हैं। ऐसे में सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव माना जा रहा है।

पिछले 24 घंटे में कहां-कहां बरसे बादल

पिछले 24 घंटे में पूर्वोत्तर भारत, केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश, तेजपुर में सबसे ज्यादा पांच सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं असम और मेघालय से लेकर गोवा तक बारिश सक्रिय, कई इलाकों में झमाझम बरसात से मौसम सुहावना हुआ। देश के दक्षिण और पूर्वोत्तर हिस्सों में व्यापक बारिश, लक्षद्वीप और त्रिपुरा में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई राज्यों में मानसून पूर्व बारिश तेज, तेजपुर, मिनिकॉय और अगरतला में चार से पांच सेमी तक बरसात रिकॉर्ड की गई।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in