
भारत में मौसम में बहुत बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है, दक्षिण में मूसलाधार बारिश और कुछ जगहों पर भयंकर बारिश की चेतावनी जारी की गई, जबकि उत्तर का अधिकांश इलाका भीषण गर्मी की मार झेल रहा है।
मॉनसून धीमी गति से आगे बढ़ रहा है लेकिन प्रगति स्थिर है, इसी बीच मौसम विभाग ने आज, 14 जून, 2025 को देश के विभिन्न हिस्सों के लिए अलग-अलग पूर्वानुमान जारी किए हैं, जिसमें देश भर में गर्मी से कुछ हिस्सों के लिए राहत और कुछ के लिए गर्मी का प्रचंड प्रकोप और भीषण बारिश की चेतावनी दोनों जारी की गई हैं।
मौसम विभाग की मानें तो चक्रवाती प्रसार व मॉनसूनी गतिविधि के चलते आज, 14 जून, 2025 को तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है, इन सभी राज्यों में 204.5 या उससे अधिक बरस सकते हैं बादल।
वहीं आज, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा तथा तेलंगाना में बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है, यहां बादलों के 64.5 से 115.5 मिमी तक बरसने का अनुमान है।
बारिश के अलावा आज, छत्तीसगढ़, केरल और माहे, विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाको में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की दर से तूफानी हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
वहीं आज, आंध्र प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, तटीय कर्नाटक, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा व्रजपात होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण जारी है, साथ ही पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों पर पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है।
उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते 14 से 19 जून के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने, बिजली कड़कने तथा हल्की से मध्यम बारिश के दौर के जारी रहने का अनुमान है।
जबकि 14 से 19 जून, 2025 के दौरान उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार जताए गए हैं, यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं आज, हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने का अंदेशा जताया गया है।
14 से 17 जून, 2025 के दौरान राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तूफानी हवाओं के साथ धूल भरी आंधी आने का अंदेशा जताया गया है।
जानें कहां दी मॉनसून ने दस्तक?
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के अगले दो दिनों के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ और हिस्सों तथा उसके बाद के तीन दिनों के दौरान गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने की संभावना है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने के आसार नहीं है और उसके बाद के पांच दिनों के दौरान तापमान में धीरे -धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
जबकि देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 13 जून, 2025 को राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में महाराष्ट्र के माथेरान में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
कहां रहेगा गर्म और उमस भरा मौसम, कहां चलेगी लू?
देश भर में गर्मी अपने चरम पर है, इसी क्रम में 14 और 15 जून, 2025 को राजस्थान के कई इलाकों में लू चलने के आसार हैं, जबकि आज, यानी 14 जून को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने का अंदेशा जताया गया है। 14 और 15 जून को पंजाब के कई इलाकों में गर्म हवाएं चल सकती हैं।
वहीं आज और कल हरियाणा के कई इलाकों में हीटवेव चलने का आसार हैं, आज, 14 जून को हरियाणा के कुछ हिस्सों में भीषण लू चल सकती है।
आज, 14 जून को जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चल सकती हैं। जबकि आज, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू या हीटवेव चलने की आशंका जताई गई है।
वहीं आज, 14 जून को बिहार में गर्म और उमस भरे मौसम से छुटकारा मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। जबकि आज, पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में रात में गर्म मौसम के बने रहने के आसार हैं।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 13 जून को कोंकण और गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक, उत्तराखंड, केरल और माहे, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के अधिकतर इलाकों, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई।
वहीं कल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, पश्चिम मध्य प्रदेश, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल, 13 जून को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के मायाबंदर में 4 सेमी, केरल और माहे के करिपुर, कोझिकोड, पुनालुर, त्रिशूर प्रत्येक जगह 4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।