
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कोंकण तट से दूर पूर्व मध्य अरब सागर पर कम दबाव का क्षेत्र लगातार जारी है। इसके लगभग उत्तर की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान डिप्रेशन में बदलकर और तीव्र होने के आसार हैं। इस दबाव से जुड़ा चक्रवाती प्रसार दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण मराठवाड़ा और उत्तर तेलंगाना तक एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है।
मौसम विभाग ने उपरोक्त मौसमी गतिविधियों को देखते हुए, आज 24 मई, 2025 को तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, कोंकण और गोवा तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में वज्रपात होने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने, भारी से बहुत भारी बारिश तथा साथ ही कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई है, इन राज्यों में 204.5 मिमी या उससे अधिक बरस सकते हैं बादल।
वहीं आज, असम और मेघालय, मध्य महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, यहां 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज 24 मई, 2025 को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, लक्षद्वीप, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है, यहां बादलों के 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बरसने के आसार हैं।
आज, हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा साथ ही ओले गिरने का अंदेशा जताया गया है।
वहीं आज, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
आज 24 मई, 2025 को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, झारखंड, केरल और माहे, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, पंजाब और तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने के भी आसार हैं।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कड़कने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट में कहा गया है कि आज, 24 मई, 2025 को राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस का उछाल आ सकता है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 48.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के बैंगलोर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां रहेगा गर्म व उमस भरा मौसम, कहां चलेगी हीटवेव?
मौसम विभाग की मानें तो आज, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, पंजाब और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को गर्म हवाओं से निजात मिलने के आसार नहीं हैं।
वहीं आज, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने की आशंका है। जबकि आज, पंजाब के अलग-अलग इलाकों में रात के मौसम का गर्म रहने का अंदेशा जताया गया है।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
पूर्व मध्य अरब सागर पर बने कम दबाव के चलते आज, सोमालिया तट और दक्षिण-पश्चिम तथा पश्चिम-मध्य अरब सागर के आसपास के हिस्सों में 45 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।
वहीं आज, दक्षिण कर्नाटक, केरल के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी और आसपास के कोमोरिन क्षेत्र, आंध्र प्रदेश के तट निकटवर्ती समुद्री इलाकों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने की आशंका है।
आज, दक्षिण गुजरात तट और उत्तर-पूर्व अरब सागर के आसपास के हिस्सों, कोंकण और गोवा, उत्तर कर्नाटक के तटों और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने का अंदेशा जताया गया है।
वहीं आज, पूर्व-मध्य अरब सागर के बीच के हिस्सों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं की गति बढ़कर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी भी अन्य तरह की गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी है।
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों, यानी 26 मई तक केरल में मॉनसून के आगमन की बहुत अधिक संभावना जताई गई है। इसी दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिण अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मालदीव, कोमोरिन के शेष इलाकों, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ इलाकों, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने की संभावना है।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल 23 मई को मध्य महाराष्ट्र के सतारा में 5 सेमी, बारामती में 4 सेमी, कोल्हापुर में 2 सेमी, तटीय कर्नाटक के होनावर में 4 सेमी, कारवार में 2 सेमी, कोंकण और गोवा के पंजिम में 3 सेमी, रत्नागिरी में 2 सेमी, असम और मेघालय के शिलांग और बारापानी प्रत्येक जगह 2 सेमी, केरल के कन्नानोर, करिपुर, कोझिकोड और पुनालुर प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।