
उत्तर भारत में पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक गर्मी अपने चरम पर है। साथ ही पूर्वोत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक गर्म और उमस भरा मौसम जारी है।
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, नौ जून, 2025 को जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तराखंड, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है।
वहीं, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, पूर्वी विदर्भ, पूर्वोत्तर असम, पूर्वोत्तर मेघालय, दक्षिण तटीय महाराष्ट्र और उससे सटे दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र में भी अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस का उछाल देखा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, देश की राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, पश्चिम राजस्थान के श्री गंगानगर में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां रहेगा गर्म और उमस भरा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, नौ से 11 जून, 2025 के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में लू या हीटवेव चलने की आशंका जताई गई है, जबकि 09 जून को कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने का अंदेशा जताया गया है।
वहीं नौ और 10 जून के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में, नौ से 11 जून के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में, 10 और 11 जून को उत्तरी मध्य प्रदेश में गर्म हवाओं से राहत मिलने के आसार नहीं है।
वहीं कल, आठ जून, 2025 को पश्चिमी राजस्थान के अधिकतर इलाकों में गर्म हवाएं महसूस की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लोगों को भीषण लू का प्रकोप झेलना पड़ा।
आज, नौ जून, 2025 को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, नौ और 10 जून को बिहार में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने की आशंका जताई गई है।
दिन तो दिन रात में भी गर्मी से छुटकारा मिलता नहीं दिख रहा है, नौ और 10 जून को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में रात में गर्म मौसम के बने रहने के आसार हैं।
कहां-कहां तूफानी हवाओं के साथ बरसेंगे बादल, कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग के मुताबिक, आज नौ जून, 2025 को तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं चलने, भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
वहीं आज, आंतरिक कर्नाटक, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तथा ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कड़कने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।
आज, असम और मेघालय, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बारिश व वज्रपात की आशंका जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ लद्दाख और उससे सटे कश्मीर पर एक चक्रवाती प्रसार के रूप में जारी है। वहीं एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों पर पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में सक्रिय हो गया है, साथ ही उत्तर के अलग-अलग हिस्सों में चक्रवाती प्रसार जारी है।
उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते नौ से 11 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ धूल के गुबार उठने का अंदेशा जताया गया है।
कहां-कहां से गुजर रहा है मौसम?
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप और बालुरघाट से होकर गुजर रही है।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, सोमालिया तट और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के आस-पास के हिस्सों और कोमोरिन क्षेत्र से सटे मन्नार की खाड़ी के इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।
वहीं आज, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्सों और अंडमान सागर के कई इलाकों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।
उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी भी अन्य तरह की गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी है।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल आठ जून को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के मायाबंदर, लांग आईलैंड हर जगह 3 सेमी, पोर्ट ब्लेयर और नानकॉरी हर जगह 2 सेमी, हुट बे, कार निकोबार हर जगह 1 सेमी, असम और मेघालय के शिलांग में 1 सेमी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के तिरुप्पत्तुर में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।