उत्तर के इन हिस्सों में भीषण लू का अलर्ट, पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर में भारी बारिश के आसार

पश्चिमी राजस्थान के फलोदी में पारे ने लगाया अर्धशतक, यहां कल अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर पश्चिम भारत में प्रचंड गर्मी से त्राहिमाम मचा हुआ है, आसमान से आग बरस रही हैं।
उत्तर पश्चिम भारत में प्रचंड गर्मी से त्राहिमाम मचा हुआ है, आसमान से आग बरस रही हैं।
Published on

उत्तर पश्चिम भारत में प्रचंड गर्मी से त्राहिमाम मचा हुआ है। आसमान से आग बरस रही हैं। अधिकतर हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। तापमान में छलांग देखें तो कल, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 47 से 49 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

वहीं कल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों, मध्य प्रदेश, विदर्भ के कुछ हिस्सों और मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

कल, मराठवाड़ा, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र और कच्छ, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

कल, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के कई हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से चार के छह डिग्री सेल्सियस ऊपर बना रहा।

वहीं कल, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से चार के छह डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।

कल, देश भर में पश्चिमी राजस्थान के फलोदी में अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आसमान से बरसती आग के चलते आज, पश्चिमी राजस्थान के अधिकतर इलाकों में भीषण लू या हीटवेव का प्रकोप बने रहने की आशंका जताई गई है। वहीं, पूर्वी राजस्थान और हरियाणा के कई हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू के अलग-अलग हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में आज लू के कहर से निजात मिलती नहीं दिख रही है।

कल, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, दिल्ली के कुछ हिस्सों में लोग भीषण लू के कहर को झेलने के लिए मजबूर दिखे, वहीं कल, पंजाब, हरियाणा, आंतरिक महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को लू का सामना करना पड़ा।

आज, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में रहने वाले लोगों को गर्म रातों से दो चार होना पड़ सकता है। वहीं आज, बिहार और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने की आशंका जताई गई है।

कहां पड़ेंगी तेज हवाओं के साथ बौछारें और कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग के मुताबिक आज, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने, 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।

वहीं आज, उत्तराखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और माहे, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार के साथ तूफानी हवाएं चलने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

आज, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, लक्षद्वीप, रायलसीमा के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात के आसार हैं।

कहां होगी भारी बारिश?
तूफानी गतिविधि के चलते आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग तटीय इलाकों, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, इन राज्यों में 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, इन हिस्सों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बादलों के बरसने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

मॉनसून ट्रैकर
कल, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग की मानें तो आज, मध्य बंगाल की खाड़ी में दोपहर तक 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। सुबह तक तूफानी हवाओं की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

दोपहर तक 60 से 70 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने और रात तक बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटे से लेकर 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज तूफानी हवाएं चल सकती है। उत्तरी ओडिशा तटों पर और उसके आसपास 50 से 60 किमी प्रति घंटे से लेकर 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज तूफानी हवाओं के चलने का पूर्वानुमान है।

वहीं आज, मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण मणिपुर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे से लेकर 70 किमी प्रति घंटे तक की तेज तूफानी हवाओं के चलने की आशंका जताई गई है। वहीं, दक्षिण असम और मेघालय में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 26 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा के कुछ हिस्सों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी राजस्थान, केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 26 मई को 8:30 से 5:30 के दौरान मिजोरम के आइजवाल में 3 सेमी, केरल के कन्नूर में 3 सेमी, अलापुझा में 2 सेमी, तिरुवनंतपुरम में 1 सेमी, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के कोंटाई में 6 सेमी, दीघा में 4 सेमी, हल्दिया में 3 सेमी, मिदनापुर में 2 सेमी, उलूबेरिया, कोलकाता (अलीपुर), डायमंड हार्बर और कैनिंग प्रत्येक जगह 1 सेमी, तेलंगाना के महबूबनगर में 2 सेमी तथा नलगोंडा में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in