

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी।
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने, कई दौर की बारिश और भारी वर्षा की आशंका के बीच येलो अलर्ट जारी।
उत्तराखंड में देहरादून और बागेश्वर के स्कूल बंद, चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह, यमुनोत्री हाईवे दूसरे दिन भी बाधित।
असम और मेघालय में अत्यंत भारी बारिश, कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी।
किसानों को खेतों में जल निकासी बनाए रखने, छिड़काव टालने और कटी फसल व पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह।
देश के अधिकतर इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग की ओर से आज सुबह, पांच अगस्त, 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, मानसूनी ट्रफ इस समय श्रीगंगानगर, दिल्ली, लखनऊ, डाल्टनगंज, बांकुरा होते हुए मणिपुर की ओर गुजर रही है।
इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी जम्मू और कश्मीर के आसपास बना हुआ है। देश के कई इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार भी जारी है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर से लेकर दक्षिण तक के कई राज्यों में गरज-चकम के साथ भारी से बहुत भारी कुछ हिस्सों में भीषण बारिश का अंदेशा जताया गया है।
उत्तराखंड में फिर तेज हुआ मानसून
उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आज, देहरादून और बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार जताए हैं। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली सहित आठ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। विभाग ने पूरे राज्य में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश को देखते हुए देहरादून और बागेश्वर जिले के सभी स्कूल आज बंद रखे गए हैं।
प्रशासन ने चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। यमुनोत्री हाईवे लगातार दूसरे दिन भी बाधित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज पूरे दिन घने बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से दोपहर तक कई जगहों पर हल्की से भारी बारिश हो सकती है। रात के समय भी बारिश का एक और दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान के 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।
कई राज्यों में भारी से भीषण बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज, पांच अगस्त, 2026 को असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी तथा कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। विभाग ने यहां बारिश के लिए ऑरेंज से लेकर रेड अलर्ट तक जारी किया है। इन दोनों राज्यों में 204.5 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा उत्तर प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अंदेशा जताया है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाको, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग ने इस सभी राज्यों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का भी रहेगा खतरा
कुछ राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलने के भी आसार हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज-चमक हो सकती है।
वहीं आज, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और सिक्किम सहित कुछ अन्य राज्यों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
कहां रहा सामान्य से अधिक तापमान?
बारिश के बावजूद देश के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं असम और मेघालय, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है।
कल, चार अगस्त, 2026 को देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तमिलनाडु के कोविलंगुलम में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस असम के हाफलोंग में रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर हुई झमाझम बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मेघालय के चेरापूंजी में 170 मिमी वर्षा हुई। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में 100 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। असम के तेजपुर में 70 मिमी और उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में भी 70 मिमी बारिश दर्ज की गई।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखें और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने, भारी बारिश के दौरान सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने तथा कटी हुई फसल को सुरक्षित जगहों पर रखने की सलाह दी गई है।
पशुपालकों से भी पशुओं को सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रहेगा, इसलिए सभी लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की आवश्यकता है।