मानसून विदाई के बीच बारिश-आंधी-तूफान, 15 से अधिक राज्यों में अलर्ट

आने वाले दो दिनों में मानसून राजस्थान के बाकी हिस्सों, पंजाब और गुजरात के कुछ इलाकों से भी लौट सकता है।
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना सहित 15 से अधिक राज्यों में 30 से  40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की तूफानी हवाएं, बौछारें व बिजली गिरने की आशंका।
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना सहित 15 से अधिक राज्यों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की तूफानी हवाएं, बौछारें व बिजली गिरने की आशंका।
Published on
Summary

🟠 ऑरेंज अलर्ट (भारी से बहुत भारी बारिश) – अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, उत्तराखंड आदि।

🟡 येलो अलर्ट (भारी बारिश) – छत्तीसगढ़, पूर्वी यूपी, झारखंड, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना और विदर्भ।

⚡ आंधी-तूफान व वज्रपात का खतरा – आंध्र प्रदेश, तेलंगाना सहित 15+ राज्यों में 30–40 किमी प्रति घंटा की हवाएं, बौछारें व बिजली गिरने की आशंका।

⛈️ अचानक बाढ़ व जलभराव – हिमाचल (चंबा, मंडी, कांगड़ा) और उत्तराखंड (12 जिले) में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा।

🌡️ तापमान में उतार-चढ़ाव – पलायमकोट्टई (तमिलनाडु) में 38.5 डिग्री सेल्सियस सबसे गर्म, हाफलोंग (असम) में 17.5 डिग्री सेल्सियस सबसे ठंडा दर्ज।

बीते 14 सितंबर 2025 से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से वापसी शुरू कर दी है। सामान्यत: यह प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू होती है, लेकिन इस बार मानसून तीन दिन पहले लौट रहा है। आने वाले दो दिनों में मानसून राजस्थान के बाकी हिस्सों, पंजाब और गुजरात के कुछ इलाकों से भी लौट सकता है

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 15 सितंबर, 2025 जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि फिलहाल देशभर में कई हिस्सों में चक्रवातीय प्रसार सक्रिय हैं, जिससे अलग-अलग राज्यों में मौसम की स्थिति बदली हुई है। उत्तरी तेलंगाना और उससे सटे विदर्भ पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

स्रोत: भारत मौसम विज्ञान विभाग

इन मौसमी गतिविधियों के चलते आज, 15 सितंबर, 2025 को मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया है। इन राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा उत्तराखंड शामिल हैं। इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बादलों के बरसने के आसार हैं।

वहीं आज, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, झारखंड, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक तथा तेलंगाना और विदर्भ में गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने की आशंका जताई गई है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं, विभाग ने बारिश के लिए यहां येलो जारी किया है।

कहां-कहां है आंधी-तूफान और वज्रपात का खतरा?

मौसम विभाग की मानें तो आज, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने व बिजली गिरने के साथ बौछारें पड़ने की आसार हैं।

आज, 15 सितंबर, 2025 को अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल और सिक्किम सहित 15 से अधिक राज्यों में वज्रपात तथा गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं।

कहां-कहां है अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा?

कई राज्यों में भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है। अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में जलभराव व अचानक बाढ़ का अंदेशा जताया गया है

इसी दौरान उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौडी गढ़वाल, पिथौरागढ, रूद्रप्रयाग, टेहरी गढ़वाल, उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में अचानक बाढ़ व जलभराव की आशंका जताई गई है

क्या सावधानी बरतें?

मौसम विभाग ने सुझाव देते हुए कहा है कि पर्वतीय और नदी किनारे रहने वाले लोग सतर्क रहें, क्योंकि अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा हो सकता है। बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। तटीय इलाकों में तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 14 सितंबर, 2025 को तमिलनाडु के पलायमकोट्टई में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में असम के हाफलोंग में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 14 सितंबर, 2025 को कोंकण और गोवा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, असम और मेघालय, मध्य महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, बिहार, तटीय कर्नाटक, मराठवाड़ा और तेलंगाना के अधिकतर इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई।

वहीं कल, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, सौराष्ट्र और कच्छ, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों और लक्षद्वीप में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल, 14 सितंबर, 2025 को कोंकण और गोवा के मुंबई में 9 सेमी, रत्नागिरी में 6 सेमी, मुंबई के सांताक्रूज में 4 सेमी, झारखंड के डाल्टनगंज में 9 सेमी, रांची में 4 सेमी, असम और मेघालय के उत्तरी लखीमपुर में 6 सेमी, तेजपुर में 5 सेमी, चेरापूंजी में 4 सेमी, ओडिशा के पारादीप बंदरगाह में 5 सेमी, भुवनेश्वर में 2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

वहीं कल, मध्य महाराष्ट्र के पुणे- शिवाजीनगर में 4 सेमी, अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कलिंगपटनम में 2 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अगरतला और इंफाल प्रत्येक जगह 2 सेमी, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के कोलकाता में 2 सेमी बिहार के पटना-हवाई अड्डा और गया प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in