
मौसम विभाग के मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी एक नवंबर की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी इलाकों के मौसम में बदलाव करने का अनुमान है।
उपरोक्त कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण, आज और कल जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
देश के अधिकतर राज्यों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों को छोड़ कर शेष में मौसम के शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान है।
वहीं, देश की राजधानी में मौसम में बदलाव की बात करें तो, आज एक नवंबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने का अनुमान है। आज दिल्ली में कोहरा छाने के आसार हैं, मौसम विभाग की मानें तो, आने वाले दिनों में दिल्ली के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
राजस्थान में नवंबर के महीने हल्की बारिश, सर्द हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है। वहीं तापमान में भी हर दिन गिरावट आ रही है। लुढ़कते पारे के चलते यहां ठंड महसूस होने लगी है।
उत्तर प्रदेश में कोहरे के साथ अब नवंबर से ठंड महसूस होगी। प्रदेश के सभी हिस्सों में सुबह-सुबह कोहरे की चादर देखी जा सकती है। लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, नवंबर के महीने में सर्दी का सितम न के बराबर रहेगा। सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं के चलने के आसार हैं, जबकि दोपहर में धूप के दर्शन होते रहेंगे।
वहीं, दक्षिण भारत के मौसम में बदलाव देखें तो, बंगाल की खाड़ी के निचले स्तरों से भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप तक उत्तर पछुआ और पछुआ हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने तेज उत्तर पछुआ और पछुआ हवाओं की गतिविधि को देखते हुए,आज एक नवंबर को लक्षद्वीप के अलग-अलग इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात की आशंका जताई है।
वहीं आज केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने के आसार हैं।
तीन से पांच नवंबर के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ हिस्सों में भारी बारिश तथा बिजली गिरने के आसार हैं।
कहां-कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से बहुत कम?
कल, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा, तटीय आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों में जलगांव (मध्य महाराष्ट्र) में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, राजकोट (सौराष्ट्र और कच्छ) में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 31 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के कई हिस्सों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, लक्षद्वीप के कुछ इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।
वहीं कल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।
कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 31 अक्टूबर को 8:30 से 5:30 के दौरान कन्नूर और गाजीपुर प्रत्येक जगह 3 सेमी, कोट्टायम, तिरुवनंतपुरम, उधम सिंह नगर, लॉन्गलेन्ग, उत्तरी गोवा प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।