

मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया, तेज हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू और श्मीर तथा लद्दाख में भारी बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना।
बिहार, कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी।
दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान।
बंगाल की खाड़ी में 13 अक्टूबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार, किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह।
देश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज, 10 अक्टूबर, 2026 को जारी पूर्वानुमान में आज और कल कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। बिहार, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी है।
दिल्ली में बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने के आसार
राजधानी दिल्ली में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दिन के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सुबह दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। दिन में हवा की गति बढ़कर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को कई इलाकों में बारिश की संभावना भी जताई है। मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण को प्रमुख कारण बताया गया है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रसार के चलते हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख में शनिवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन राज्यों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। हरियाणा और चंडीगढ़ में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बिहार, कर्नाटक और दक्षिण भारत में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार, तटीय कर्नाटक, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी तेज बारिश हो सकती है।
इन सभी राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान है। विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
आंधी और बिजली गिरने का भी अलर्ट
वहीं आज, बारिश के साथ-साथ केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग की मानें तो आज, आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा में भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की आशंका है। असम और मेघालय, पूर्वी मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के भी कुछ हिस्सों में वज्रपात का अंदेशा जताया गया है।
वहीं आज, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम खराब होने पर लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बारिश के बीच गर्मी और उमस भी बरकरार
बारिश की संभावना के बावजूद देश के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है। तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, रायलसीमा और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है। पंजाब के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर रहा। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय के भी कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
राजकोट में 39.7 डिग्री तापमान दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, नौ अक्टूबर, 2026 को गुजरात के राजकोट में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मैदानी इलाकों में असम के हाफलोंग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कई राज्यों से मानसून की विदाई के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी धीरे-धीरे जारी है। मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी सहित कई इलाकों से गुजर रही है। अगले दो से तीन दिनों में पूर्वी भारत, प्रायद्वीपीय भारत के उत्तरी हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनतीजा रही हैं।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने का अंदेशा
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि थाईलैंड की खाड़ी और आसपास के इलाकों में बना चक्रवाती परिसंचरण 11 अक्टूबर के आसपास अंडमान सागर में पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। इससे आगे चलकर मौसम में और बदलाव हो सकता है।
किसानों के लिए सलाह
विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए सिंचाई फिलहाल टाल दें। खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की उचित व्यवस्था करें। कटी फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें। कीटनाशकों का छिड़काव बारिश से पहले न करें। बिजली चमकने पर खेतों में काम करने से बचें।
मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है। तेज हवाओं, बिजली और भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है।