पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानें आज और कहां-कहां बरसेंगे बादल

राजस्थान में कमजोर पड़ा सिस्टम, दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी, उत्तराखंड में चारधाम यात्रा प्रभावित
अरुणाचल, बिहार व उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश, कई राज्यों में अगले 24 घंटे सतर्कता जरूरी।
अरुणाचल, बिहार व उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश, कई राज्यों में अगले 24 घंटे सतर्कता जरूरी।फोटो साभार: सिक्किम टूरिज्म
Published on
सारांश
  • राजस्थान में कम दबाव पड़ा कमजोर, लेकिन मानसून सक्रिय; पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।

  • दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट, उत्तराखंड में लगातार बारिश से चारधाम यात्रा प्रभावित, कई राज्यों में गरज-चमक व तेज हवाओं की चेतावनी।

  • अरुणाचल, बिहार व उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश, कई राज्यों में अगले 24 घंटे सतर्कता जरूरी।

  • देशभर में सक्रिय मानसून से कई राज्यों में झमाझम बारिश के आसार, किसानों और लोगों को मौसम विभाग की सतर्क रहने की सलाह।

  • बारिश के बावजूद कई राज्यों में तापमान सामान्य से अधिक, वहीं उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना।

देश के कई इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से आज सुबह, तीन अगस्त, 2026 को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके असर से उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने आज, सोमवार को दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और चारधाम यात्रा मार्गों पर भी परेशानी बढ़ गई है।

राजस्थान में कमजोर पड़ा कम दबाव, लेकिन असर बरकरार

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र आज सुबह कमजोर पड़ गया। हालांकि इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण अभी भी राजस्थान के मध्य हिस्सों के ऊपर सक्रिय है। इसके अलावा मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, हिसार, बरेली, सुल्तानपुर, पटना होते हुए मणिपुर की ओर गुजर रही है। मानसून ट्रफ की सक्रियता के कारण देश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

इसके साथ ही उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, दक्षिण उत्तर प्रदेश तथा जम्मू और कश्मीर के इलाकों में भी ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। साथ ही उत्तर पाकिस्तान और आसपास बना पश्चिमी विक्षोभ अब जम्मू और उसके आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इन मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर और पूर्वी भारत में अच्छी बारिश हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट, क्या राहत देगी बारिश?

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सोमवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कुछ इलाकों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना जताई है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार, तीन अगस्त, 2026 को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश के दौरान कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।

उत्तराखंड में बारिश बनी मुसीबत

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा पर साफ दिखाई दे रहा है। यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई जगहों पर भूस्खलन और मलबा आने से बाधित होने की खबर है। प्रशासन सड़कें खोलने का प्रयास कर रहा है, लेकिन लगातार बारिश के कारण मुश्किलें बनी हुई हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।

इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज, अरुणाचल प्रदेश, बिहार तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। इसी को देखते हुए इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं आज, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम-मेघालय, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पंजाब, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इन सभी राज्यों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवा का भी खतरा

बारिश के साथ कई राज्यों में तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। अंडमान-निकोबार, केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

वहीं बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, जम्मू और कश्मीर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

कई राज्यों में सामान्य से अधिक तापमान

बारिश के बावजूद देश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। वहीं असम और मेघालय, ओडिशा, झारखंड, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, रायलसीमा तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा।

इसके अलावा असम और मेघालय, ओडिशा, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ तथा मध्य महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इससे कई क्षेत्रों में रात के समय भी उमस और गर्मी बनी रही।

मौसम विभाग के अनुसार, दो अगस्त, 2026 को देश के मैदानी इलाकों में तमिलनाडु के कोविलांगुलम में सबसे अधिक 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि मध्य प्रदेश के खरगोन में सबसे कम 17.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। प्रयागराज में 60 मिमी और वाराणसी में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। असम के उत्तर लखीमपुर में 60 मिमी वर्षा हुई। केरल के कोच्चि और गोवा के पणजी में हर जगह 50 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई के सांताक्रूज, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर तथा गुजरात के राजकोट हर जगह 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

लोगों और किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। तेज बारिश के समय जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग प्रशासन की सलाह का पालन करें और मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करें।

किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने, तैयार फसलों की समय पर कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखने तथा भारी बारिश वाले इलाकों में सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और पर्याप्त चारे व स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने की भी सलाह दी गई है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in