
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर भारत में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ जारी है लेकिन इसका मौसमी बदलाव में कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है।
वहीं देश की राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल रहा है और बढ़ते तापमान के चलते गर्मी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान के 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। आज, 22 मार्च, 2025 को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक दिल्ली और एनसीआर में धीमी हवाओं का दौर जारी रहेगा, लेकिन गर्मी के असर के बरकरार रहने के आसार हैं।
उत्तराखंड के मैदानी हिस्सों में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है, इसकी वजह से गर्मी में इजाफा हो रहा है। तेज धूप के चलते दिन का अधिकतम तापमान बढ़ रहा है।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में पूरे राज्य में मौसम के शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान है। तापमान में सामान्य से तीन से चार डिग्री तक का इजाफा हो सकता है। मैदान से लेकर पहाड़ी इलाकों तक तापमान में बढ़ोतरी जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है जबकि मैदानी हिस्सों में मौसम के शुष्क और साफ बने रहने का अनुमान है।
पूर्वी और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?
मध्य प्रदेश के मध्य भागों पर एक ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है साथ ही निचले स्तरों पर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में उल्टा चक्रवाती प्रसार जारी है। यहां चलने वाली हवाओं के साथ पूर्वी और इससे सटे मध्य भारत में हवाएं आपस में मिल रही हैं। इन मौसमी बदलावों की वजह से आज, 22 मार्च, 2025 को पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज के साथ बारिश व बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
वहीं आज, 22 मार्च को विदर्भ, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि होने का अंदेशा जताया गया है। वहीं कल, यानी 21 मार्च को झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि रिकॉर्ड की गई।
पूर्वोत्तर भारत में मौसमी बदलाव
पूर्वोत्तर भारत में मौसमी बदलाव की बात करें तो, पूर्वोत्तर असम के निचले स्तरों पर एक ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है। इसके कारण अगले पांच दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी का दौर के जारी रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज, 22 मार्च, 2025 को अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, यहां 70 मिमी या उससे अधिक बरस सकते हैं बादल।
अगले पांच दिनों के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में वज्रपात होने, गरज के साथ बारिश के दौर के जारी रहने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण छत्तीसगढ़ से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक रुक-रुक कर हवाएं चल रही है और निचले स्तरों में कोमोरिन के इलाकों से दक्षिण तमिलनाडु तक पूर्व दिशा में एक ट्रफ रेखा जारी है। इसके चलते अगले पांच दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
वहीं आज, 22 मार्च को तमिलनाडु के सुदूर दक्षिणी हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है, जबकि 22 और 23 मार्च को केरल और माहे में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, इन राज्यों में बादलों के 70 मिमी या उससे अधिक बरसने का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो आज, 22 मार्च को तेलंगाना के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की आशंका जताई गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद के तीन दिनों के दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो होने का अनुमान है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, रायलसीमा के अनंतपुर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां रहेगा गर्म व उमस भरा मौसम, कहां चलेगी हीटवेव?
मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल देश भर में अगले कुछ दिनों तक लू या हीटवेव से राहत है। जबकि 22 से 24 मार्च के दौरान कोंकण और गोवा, गुजरात के तटीय इलाकों के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और उमस भरे मौसम से छुटकारा मिलने के आसार नहीं हैं।